नगालैंड के सुखोवी के पास असम राइफल्स के वाहन पर एक संदिग्ध IED विस्फोट की खबर सामने आई है. इस घटना में एक की मौत और चार अन्य के घायल होने की जानकारी है.
न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, रक्षा विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि सोमवार को नगालैंड के चुमौकेदिमा जिले में असम राइफल्स की गाड़ी के पास संदिग्ध IED धमाके में एक व्यक्ति की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए.
यह घटना सुखोवी इलाके के पास हुई. अधिकारी ने बताया कि ऑपरेशन चल रहा है और आगे की जानकारी का इंतजार है.
बता दें, यह घटना एक हफ्ते से भी कम समय में पूर्वोत्तर में असम राइफल्स के जवानों पर हुआ दूसरा हमला है. 6 जुलाई को, मणिपुर के उखरुल जिले में संदिग्ध उग्रवादियों ने असम राइफल्स की 40वीं बटालियन के काफिले पर घात लगाकर हमला किया, जिसमें दो जवानों की जान गई.
इस हमले के बाद काफी देर तक गोलीबारी हुई और इलाके में बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान शुरू किया गया. अधिकारियों ने बताया, जान गंवाने वाले जवानों की पहचान वारंट ऑफिसर बलवंत सिंह और राइफलमैन सीएम सिंह के तौर पर हुई है.
बताया जा रहा है कि सीएम सिंह काफिले की गाड़ियों में से एक गाड़ी चला रहे थे. अधिकारियों ने बताया कि हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए थे और बाद में मेडिकल मदद मिलने के बावजूद उनकी जान चली गई.
अनुपम मिश्रा