'मैंने गणेश पूजन में हिस्सा लिया तो कांग्रेस और उसके ईकोसिस्टम को दिक्कत हो गई,' CJI के घर जाने पर बोले PM मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पिछले हफ्ते सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़ के घर पर गणपति पूजा समारोह में शामिल हुए थे. इस दौरान पीएम मोदी सीजेआई चंद्रचूड़ के साथ गणेश की आरती करते नजर आए थे. इस पूरे मामले पर विवाद हो गया था. 

Advertisement
पीएम मोदी हाल ही में CJI आवास पर गए थे और गणपति पूजा की थी (File photo-PTI) पीएम मोदी हाल ही में CJI आवास पर गए थे और गणपति पूजा की थी (File photo-PTI)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 17 सितंबर 2024,
  • अपडेटेड 3:19 PM IST

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़ के घर गणेश पूजा में हिस्सा लिया था. सीजेआई चंद्रचूड़ के घर गणपति पूजा करने पर हुए विवाद के बाद पीएम मोदी ने मंगलवार को पहली बार प्रतिक्रिया दी है.

पीएम मोदी का कहना है कि आज भी समाज को बांटने और तोड़ने में लगे सत्ता के भूखे लोगों को गणेश पूजा से परेशानी हो रही है. मैंने गणेश पूजा में हिस्सा लिया तो कांग्रेस और उसके ईकोसिस्टम के लोगों को दिक्कत हो गई. समाज को बांटने वालों को गणेश उत्सव से परेशानी हो रही है.

Advertisement

उन्होंने भुवनेश्वर में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि कुछ लोग मेरे गणपति पूजा में हिस्सा लेने से भड़के हुए हैं. कांग्रेस और इस ईकोसिस्टम के लोग इसलिए भड़के हुए हैं क्योंकि मैंने गणपति पूजन में हिस्सा लिया और कर्नाटक में जहां इनकी सरकार है, वहां इन लोगों ने और बड़ा अपराध किया है. इन लोगों ने भगवान गणेश की प्रतिमा को ही सलाखों के पीछे डाल दिया. पूरा देश उन तस्वीरों से विचलित हो गया था. ये नफरती सोच समाज में जहर घोलने की मानसिकता है, जो हमारे देश के लिए बहुत खतरनाक है. इस नफरत भरी सोच पर अंकुश लगाना जरूरी है. ऐसी ताकतों को हमें आगे बढ़ने नही देना है.

पीएम मोदी ने कहा कि गणेश उत्सव हमारे देश के लिए सिर्फ आस्था का पर्व नहीं है. गणेश उत्सव ने हमारे देश की आजादी में बहुत बड़ी भूमिका निभाई थी. जब सत्ता की भूख में अंग्रेज देश को बांटने में लगे थे, देश को जातियों के नाम पर लड़वाना, समाज में जहर घोलना, बांटो और राज करो उनका हथियार बन गया ​था. तब गणेश उत्सव ने आजादी में अहम भूमिका निभाई थी.

Advertisement

क्या है मामला?

प्रधानमंत्री मोदी बुधवार शाम को सीजेआई डीवाई चंद्रचूड़ के घर गणेश पूजा में शामिल होने के लिए पहुंचे थे. मोदी ने इसकी एक तस्वीर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर जानकारी दी थी. इस तस्वीर में पीएम मोदी सुप्रीम कोर्ट के सीजेआई और उनकी पत्नी कल्पना दास के साथ गणपति की पूजा करते नजर आ रहे हैं. पीएम मोदी ने इस दौरान मराठी पोशाक पहनी. वह मराठी टोपी भी पहने नजर आए थे.

हालांकि, बाद में सूत्रों के हवाले से पता चला था कि सीजेआई चंद्रचूड़ ने गणपति पूजा को लेकर पीएम मोदी सहित कई गणमान्य लोगों को निमंत्रण भेजा था. बताया गया कि सीजेआई के घर पर गणपति पूजा में शामिल होने के लिए रोजाना कई लोग पहुंचते हैं, जिनमें सुप्रीम कोर्ट के जज और अन्य अधिकारी भी शामिल हैं. जिस समय पीएम मोदी गणपति पूजा के लिए सीजेआई के घर पर थे. उस समय और भी कई लोग सीजेआई के घर पर पहुंचे थे. पीएम मोदी थोड़ी ही देर के लिए सीजेआई के घर पर रुके थे. वह पूजा करने के बाद प्रसाद लेकर तुरंत वहां से निकल गए थे.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »