Advertisement

PM Modi NDA Meeting Highlights: 'NDA की सरकार आने से बदला देश का भाग्य', कार्यकाल के 12 साल होने पर बोले PM मोदी

aajtak.in | नई दिल्ली | 10 जून 2026, 10:12 PM IST

PM Modi Longest-Serving PM LIVE Updates: केंद्र में मोदी सरकार के 12 साल पूरे होने पर दिल्ली स्थित भारत मंडपम में NDA की बैठक हुई.

एनडीए मीटिंग में आए नेताओं को पीएम मोदी ने संबोधित किया. (Photo: Screengrab)

PM Modi Longest-Serving PM LIVE Updates: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के केंद्र में 12 साल पूरे होने और भारत के सबसे लंबे वक्त तक लगातार चुने हुए सरकार के प्रमुख के तौर पर उनकी उपलब्धि का जश्न मनाने के लिए आज नई दिल्ली में नेशनल डेमोक्रेटिक अलायंस (NDA) की एक बड़ी बैठक हुई.

भारत मंडपम में होने वाली इस मीटिंग में देश भर से बीजेपी के बड़े नेता, एनडीए के सहयोगी दलों के नेता, मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और गठबंधन के सीनियर पदाधिकारी शामिल हुए.

एनडीए की यह मीटिंग ऐसे वक्त में हुई है, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक अहम राजनीतिक उपलब्धि हासिल की है. उन्होंने 1952 में हुए पहले आम चुनाव के बाद से चुने हुए सरकार के प्रमुख के तौर पर सबसे लंबे कार्यकाल का रिकॉर्ड बनाने में भारत के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू को पीछे छोड़ दिया है.

8:50 PM (एक महीने पहले)

Modi government 12 Years: कांग्रेस के धोखे के बाद देश की जनता ने हम पर भरोसा जताया: पीएम मोदी

Posted by :- Sakib

पीएम नरेंद्र मोदी ने उस दौर की तुलना NDA के कार्यकाल से करते हुए कहा कि गठबंधन ने सरकार में जनता का भरोसा फिर से कायम किया है और यह साबित किया है कि राजनीतिक स्थिरता और साफ नीयत से बड़े पैमाने पर विकास किया जा सकता है.

साल 2014 में NDA की जीत को याद करते हुए पीएम मोदी ने कहा, "जब हम 2014 में जीते थे, तो मैंने कहा था कि देश के आम नागरिक के लिए एक नई उम्मीद जगी है. कांग्रेस के धोखे के बाद देश की जनता ने हम पर भरोसा जताया."

NDA के कामकाज पर खुशी जाहिर करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि गठबंधन ने पिछले 12 सालों में उस भरोसे को और मजबूत किया है. उन्होंने कहा, "2014 में उम्मीद का जो सूरज उगा था, वह आज नए आत्मविश्वास की किरण में बदल गया है. लोगों ने पहली बार देखा है कि जब सरकार सही नीयत से चलती है, तो विकास भी तेजी से होता है."

26 मई 2014 को पहली बार पद संभालने के बाद, नरेंद्र मोदी ने प्रधानमंत्री के तौर पर लगातार 4,399 दिन पूरे किए. उन्होंने भारत के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने 1952 के पहले आम चुनावों के बाद चुनी हुई सरकार के प्रमुख के तौर पर लगातार 4,398 दिन तक काम किया था.
 

8:02 PM (एक महीने पहले)

Modi Longest-Serving PM:  लंबे वक्त तक मां भारती की सेवा करने का मौका मिला: पीएम मोदी

Posted by :- Sakib

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "मैं उन सभी साथियों का भी आभार व्यक्त करता हूं, जो इस सफर का हिस्सा रहे हैं. इस मौके पर, NDA परिवार के सदस्यों ने एक प्रस्ताव भी पेश किया है. यह आपके स्नेह और उदारता को दर्शाता है, क्योंकि मैं इस सफर को अपनी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं मानता. हर तरह से, यह हमारी सामूहिक उपलब्धि है, NDA की हर सहयोगी पार्टी की साझा कामयाबी है. इसलिए, मैं यह प्रस्ताव आप सभी को, हमारे NDA परिवार के हर कार्यकर्ता को, जिसमें BJP के कार्यकर्ता भी शामिल हैं, समर्पित करता हूं. भारत के लोगों की सहज समझ हमेशा से अद्भुत रही है."

उन्होंने आगे कहा कि इतने लंबे वक्त तक मां भारती की सेवा करना, उनकी सेवा करने का सौभाग्य मिलना, केवल ईश्वर की विशेष कृपा से ही संभव है. और मेरे लिए, जनता ही ईश्वर का रूप है. और इसीलिए मैंने हमेशा इस सेवा को एक आध्यात्मिक साधना के रूप में देखा है. यह आध्यात्मिक साधना कभी भी अकेले नहीं की गई, यह एक सामूहिक 'यज्ञ' है, जिसमें आप सभी और कई अन्य सहयोगियों ने कर्तव्य-भाव से अपना योगदान दिया है.

7:58 PM (एक महीने पहले)

Modi government 12 Years: 2014 में NDA की जीत के बाद एक नई उम्मीद जगी: पीएम मोदी

Posted by :- Sakib

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "देश के लोगों ने राष्ट्रीय स्तर पर राजनीतिक स्थिरता का महत्व समझा. यह लोगों की परिपक्वता का प्रमाण है, जो असल में सर्वोच्च सत्ताधारी हैं कि उन्होंने मुझे इतने लंबे समय तक उनकी सेवा करने का अवसर दिया है. 2014 से पहले के दशकों में काफी अस्थिरता और उथल-पुथल रही, जिससे देश को बहुत नुकसान उठाना पड़ा."

उन्होंने आगे कहा कि अब लोग एक स्थिर सरकार का कामकाज देख रहे हैं और उसकी निर्णायक क्षमता की सराहना कर रहे हैं. आज, मैं इस देश के महान लोगों के सामने नतमस्तक होता हूं और उनके प्रति अपना आभार व्यक्त करता हूं. जब 2014 में NDA की जीत हुई थी, तो मैंने कहा था कि देश के आम नागरिक के लिए एक नई उम्मीद जगी है. इस उम्मीद को बनाए रखना और उसे आगे बढ़ाना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है."

7:47 PM (एक महीने पहले)

Modi Longest-Serving PM: मेरे लिए तो जनता-जनारदन ही ईश्वर का रूप है: नरेंद्र मोदी 

Posted by :- Sakib

इस राजनीतिक यात्रा में अनेक उतार-चढ़ाव देखते हुए एक दिन ये पड़वा भी आएगा, मैंने कभी सोचा नहीं था. निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में निरंतर सबसे लंबी अवधि तक सेवा करने का मौका, जिसे मैं अपना परम सौभाग्य मानता हूं. आपने इस अवसर पर मुझे सम्मानित किया, इतना मान दिया, इसके लिए आप सभी का बहुत-बहुत आभारी हूं. 

इतने लंबे वक्त तक मां भारती की सेवा का सौभाग्य मिलना, ईश्वर की विशेष कृपा से ही संभव हो सकता है. मेरे लिए तो जनता-जनारदन ही ईश्वर का रूप है. मैंने सेवा कार्य को हमेशा एक साधना के रूप में ही देखा है. ये सामूहिक यज्ञ है, जिसमें आप सबने कर्तव्य भाव से अपना योगदान दिया है. 

यह भी पढ़ें: नेहरू तो नेहरू हैं, उनकी तुलना PM मोदी से नहीं हो सकती, बोले शरद पवार

Advertisement
7:20 PM (एक महीने पहले)

NDA Meeting in Delhi: 12 साल में एनडीए ने एक स्थिर सरकार दी है: नरेंद्र मोदी

Posted by :- Sakib

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, "मैं एनडीए के मुख्यमंत्रियों और नेताओं को उनकी शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद देता हूं. एनडीए का सफर राष्ट्रीय हितों को आगे बढ़ाने और क्षेत्रीय आकांक्षाओं को पूरा करने के साझा संकल्प से तय हुआ है. इस भावना ने हमारे लोकतंत्र को मजबूत किया है, सहकारी संघवाद को गहरा किया है और विकास की गति को तेज किया है."

उन्होंने आगे कहा कि पिछले 12 साल में एनडीए ने एक स्थिर सरकार दी है, जिसने सभी क्षेत्रों में प्रगति को आगे बढ़ाया है. हम देश की सेवा और 'विकसित भारत' के विजन के लिए नए जोश के साथ मिलकर काम करना जारी रखेंगे.

यह भी पढ़ें: सरकार एनडीए की थी, एनडीए की है और NDA की रहेगी: विजय सिन्हा

7:16 PM (एक महीने पहले)

PM Modi NDA Meeting LIVE: देश के दुश्मनों को करारा जवाब देंगें: राजनाथ सिंह

Posted by :- Sakib

एनडीए की मीटिंग में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, "प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश की सुरक्षा सुदृढ़ है. नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हमारी नीति है कि हम न आंख उठाकर बात करेंगे, न आंख झुका कर बल्कि आंख मिलाकर बराबरी की बात करेंगे. हमारी स्पष्ट नीति है, हम किसी को छेड़ेंगे नहीं लेकिन किसी ने अगर छेड़ा तो उसे छोड़ेंगे भी नहीं."

उन्होंने आगे कहा कि लाल किले की प्राचीर से प्रधानमंत्री ने देश की सुरक्षा के लिए सुदर्शन चक्र की तैनाती की बात कही थी, हम उस पर बहुत तेजी से काम कर रहे हैं. पीएम मोदी के नेतृत्व में देश की सुरक्षा के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा, देश के दुश्मनों को करारा जवाब देंगें.

यह भी पढ़ें: बिहार में एनडीए को लगा झटका, MLC उपचुनाव में RJD ने JDU को हराया

6:23 PM (एक महीने पहले)

NDA Meeting in Delhi: 'आप इस सदी को लीड कर रहे हैं', पीएम मोदी के लिए बोले चंद्रबाबू नायडू

Posted by :- Sakib

दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित एनडीए की बैठक में आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री और टीडीपी प्रमुख एन. चंद्रबाबू नायडू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नेतृत्व क्षमता की जमकर तारीफें की. उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी इस सदी का नेतृत्व कर रहे हैं और अपने विजन, ऊर्जा तथा जनसेवा के संकल्प से पूरे देश को नई दिशा दे रहे हैं. नायडू ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी सभी सहयोगी दलों और नेताओं को प्रेरणा और ऊर्जा देते हैं, जनता की सेवा के लिए उन्होंने जो काम किया है, वह अतुलनीय है.

चंद्रबाबू नायडू ने पश्चिम बंगाल में बीजेपी को मिले प्रचंड जनसमर्थन का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि अब उन्हें यह यकीन हो गया है कि बंगाल जो आज सोचता है, वही देश कल सोचता है. उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में पश्चिम बंगाल भी देश के विकास और प्रगति का प्रतिनिधित्व करेगा. नायडू ने कहा कि चाहे बुनियादी ढांचे का विकास हो या गरीब कल्याण की योजनाएं, प्रधानमंत्री मोदी ने विकास के नए मानदंड स्थापित किए हैं. उन्होंने कहा कि पूरे एनडीए परिवार को प्रधानमंत्री मोदी पर गर्व है और उनके नेतृत्व में गठबंधन के सभी दल देश के विकास और जनता की सेवा के लिए पूरी तरह समर्पित हैं.

यह भी पढ़ें: बिहार में एनडीए को लगा झटका, MLC उपचुनाव में RJD ने JDU को हराया

6:15 PM (एक महीने पहले)

PM Modi Longest-Serving PM LIVE: 140 करोड़ भारतवासियों के स्वाभिमान हैं मोदी: एकनाथ शिंदे

Posted by :- Sakib

दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित एनडीए की बैठक में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और शिवसेना प्रमुख एकनाथ शिंदे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जमकर तारीफ की. शिंदे ने कहा कि 140 करोड़ भारतवासियों के स्वाभिमान का नाम नरेंद्र मोदी है. उन्होंने कहा कि आतंकवादियों को खत्म करने का नाम मोदी है, गरीब कल्याण और गरीबों के उत्थान का नाम मोदी है, जबकि वैश्विक मंच पर भारत के सम्मान और देश की नई उड़ान का नाम भी मोदी है.

एकनाथ शिंदे ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी हमेशा राष्ट्र को सर्वोपरि रखते हैं और उनके नेतृत्व में भारत की प्रतिष्ठा दुनिया भर में बढ़ी है. उन्होंने यह भी कहा कि महाराष्ट्र के विकास के लिए सबसे ज्यादा आर्थिक सहायता केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री मोदी की ओर से मिली है. शिंदे ने जोर देकर कहा कि प्रधानमंत्री मोदी देशहित को सबसे ऊपर रखते हैं और उनके नेतृत्व में भारत लगातार नई ऊंचाइयों को छू रहा है.

4:49 PM (एक महीने पहले)

NDA Meeting in Delhi: चंद्रबाबू नायडू ने पेश किया PM मोदी के अभिनंदन का प्रस्ताव

Posted by :- Sakib

दिल्ली के भारत मंडपम में जारी राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) की बैठक में आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री और टीडीपी प्रमुख एन. चंद्रबाबू नायडू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अभिनंदन का प्रस्ताव पेश किया. यह प्रस्ताव केंद्र में मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने और प्रधानमंत्री मोदी के देश के सबसे लंबे समय तक लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री रहने की उपलब्धि के संदर्भ में रखा गया.

Advertisement
3:47 PM (एक महीने पहले)

M Modi NDA Meeting LIVE: एनडीए बैठक के लिए भारत मंडपम पहुंचे बड़े नेता

Posted by :- Sakib

दिल्ली के भारत मंडपम में एनडीए नेताओं की अहम बैठक से पहले देशभर के बड़े नेता पहुंचने लगे हैं. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा, त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा और गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल भारत मंडपम पहुंच चुके हैं.

इसके अलावा महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, केंद्रीय मंत्री और हम प्रमुख जीतन राम मांझी, राष्ट्रीय लोकदल प्रमुख जयंत चौधरी, पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी, बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी बैठक में शामिल होने पहुंचे हैं.

एनडीए और बीजेपी के अन्य सीनियर नेताओं में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक, केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल और उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर भी भारत मंडपम पहुंच चुके हैं. वहीं, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी बैठक में शामिल होने के लिए कार्यक्रम स्थल पर पहुंच गए हैं. एनडीए की इस बैठक में केंद्र सरकार के 12 साल पूरे होने के साथ-साथ गठबंधन की आगामी रणनीति और राजनीतिक एजेंडे पर चर्चा होने की उम्मीद है.

 
3:42 PM (एक महीने पहले)

Modi Longest-Serving PM: पीएम मोदी ने कितने दिनों का कार्यकाल पूरा किया?

Posted by :- Sakib

26 मई 2014 को पहली बार पद संभालने के बाद, पीएम मोदी ने अब सरकार के प्रमुख के तौर पर लगातार 4399 दिन पूरे कर लिए हैं और चुनी हुई सरकार के प्रमुख के तौर पर नेहरू के कार्यकाल से आगे निकल गए हैं. हालांकि, नेहरू 1947 से लेकर 1964 में निधन तक प्रधानमंत्री रहे, लेकिन यह तुलना खास तौर पर पहले लोकसभा चुनाव के बाद की अवधि से जुड़ी है.