जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा (LoC) के पास रविवार को भारतीय सेना ने एक पाकिस्तानी घुसपैठिए को गिरफ्तार कर लिया. अधिकारियों के मुताबिक, पकड़े गए घुसपैठिए की पहचान 31 वर्षीय रईस खान के रूप में हुई है, जो पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) का रहने वाला बताया जा रहा है.
अधिकारियों ने बताया कि रईस खान को बालाकोट सेक्टर में नियंत्रण रेखा पार कर भारतीय सीमा में घुसने के तुरंत बाद सेना के जवानों ने हिरासत में ले लिया. उसके पास से कोई आपत्तिजनक सामान बरामद नहीं हुआ है. फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह किस मकसद से सीमा पार कर आया था और भारत में उसका कोई संपर्क या योजना थी या नहीं.
पुंछ जिले में इस महीने घुसपैठ का यह तीसरा मामला है. इससे पहले 26 जून को कृष्णा घाटी सेक्टर के गुलपुर इलाके से मोहम्मद सज्जाद नाम के एक अन्य घुसपैठिए को गिरफ्तार किया गया था. वहीं 9 जून को पकड़े गए 14 वर्षीय जाविद अली को एक सप्ताह बाद पाकिस्तान को सौंप दिया गया था. इस बीच जम्मू के सांबा जिले में अंतरराष्ट्रीय सीमा (IB) के पास एक संदिग्ध पाकिस्तानी ड्रोन भी भारतीय सीमा में कुछ देर तक मंडराता देखा गया.
यह भी पढ़ें: जम्मू-कश्मीर: गुलमर्ग में LoC के पास ब्लास्ट, 1 शख्स की मौत, 4 घायल
अधिकारियों के मुताबिक, रविवार सुबह नुंदपुर गांव के पास ड्रोन दिखाई देने के बाद BSF, सेना और पुलिस ने संयुक्त तलाशी अभियान चलाया. सुरक्षा एजेंसियों को आशंका थी कि ड्रोन के जरिए हथियार या नशीले पदार्थ गिराए गए हो सकते हैं. हालांकि तलाशी अभियान के दौरान कोई संदिग्ध सामग्री बरामद नहीं हुई.
पिछले महीने जम्मू-कश्मीर के उरी सेक्टर में नियंत्रण रेखा (LoC) पार कर भारत में दाखिल हुए पाकिस्तान अधिकृत जम्मू-कश्मीर (PoJK) के एक युवक को भारतीय सेना ने गिरफ्तार किया था. पकड़े गए युवक की पहचान जीशान अहमद मीर के रूप में हुई थी, जो पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर के मुजफ्फराबाद का रहने वाला था.
सेना के मुताबिक, चिनार वॉरियर्स ने उसे LoC पार करते समय पकड़ा और बाद में आगे की कार्रवाई के लिए जम्मू-कश्मीर पुलिस को सौंप दिया. जीशान अपनी प्रेमिका इरम बानो से मिलने के लिए भारत की ओर आया था, जो उरी क्षेत्र के तिलावाड़ी गांव की रहने वाली थी. खुफिया सूचना मिलने के बाद सेना की 12 ग्रेनेडियर्स टीम ने दोनों को सिलिकोट इलाके के पास हिरासत में लिया.
अशरफ वानी