NEET (UG) री-एग्जामिनेशन 2026 को लेकर केंद्र सरकार ने सुरक्षा-व्यवस् को लेकर व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं. इसी कड़ी में यूनियन होम सेक्रेटरी ने सोमवार को एक हाई-लेवल रिव्यू मीटिंग की अध्यक्षता की है. इसमें परीक्षा की सुरक्षा, छात्रों की सुविधा और परीक्षा प्रक्रिया की पारदर्शिता एवं विश्वसनीयता पर विस्तार से चर्चा की गई.
इस बैठक में राज्य सरकारों और केंद्र शासित प्रदेशों की तैयारियों की समीक्षा की गई. खास तौर पर इस पर जोर दिया गया कि परीक्षा प्रक्रिया के दौरान किसी भी तरह की गड़बड़ी, सुरक्षा चूक या प्रशासनिक लापरवाही की कोई गुंजाइश न रहे. समीक्षा बैठक में छात्रों की सुविधा, परीक्षा केंद्रों तक पहुंच, सुरक्षा इंतजाम को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई.
इस महत्वपूर्ण बैठक में रेलवे बोर्ड के चेयरमैन, स्कूल एजुकेशन एंड लिटरेसी डिपार्टमेंट के सेक्रेटरी, हायर एजुकेशन डिपार्टमेंट के सेक्रेटरी, पोस्ट डिपार्टमेंट के सेक्रेटरी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए. इसके अलावा CRPF, CISF और BCAS के डायरेक्टर जनरल भी बैठक में मौजूद रहे. NTA के डायरेक्टर ने तैयारियों की जानकारी साझा की है.
रक्षा मंत्रालय, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी बैठक में हिस्सा लिया. इस बैठक के दौरान यूनियन होम सेक्रेटरी ने सभी राज्य सरकारों, केंद्र शासित प्रदेशों और संबंधित केंद्रीय एजेंसियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि NEET (UG) री-एग्जामिनेशन 2026 के दौरान निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए.
उन्होंने कहा कि परीक्षा प्रक्रिया को पूरी तरह निष्पक्ष, सुरक्षित और त्रुटिरहित बनाना सभी एजेंसियों की साझा जिम्मेदारी है. इसके लिए सुरक्षा व्यवस्था, निगरानी तंत्र और समन्वय प्रणाली को मजबूत रखने के निर्देश दिए गए. इस बैठक में छात्रों की सुविधा को भी प्रमुखता से उठाया गया. परीक्षा देने वाले छात्रों की यात्रा को आसान और सुगम बनाने की बात कही गई.
परीक्षा केंद्रों तक पहुंच, यातायात व्यवस्था और अन्य सुविधाओं को लेकर स्थानीय प्रशासन को सक्रिय भूमिका निभाने के लिए कहा गया, ताकि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े. बैठक में रेलवे बोर्ड के चेयरमैन ने भी हिस्सा लिया. इस परीक्षा के सफल आयोजन के लिए भारतीय रेलवे की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया.
केंद्र सरकार की इस उच्चस्तरीय बैठक से संकेत मिला है कि NEET (UG) री-एग्जामिनेशन 2026 को लेकर प्रशासन किसी भी प्रकार की चूक नहीं चाहता. सुरक्षा एजेंसियों, शिक्षा विभाग, NTA और अन्य मंत्रालयों के बीच बेहतर समन्वय के जरिए परीक्षा को निष्पक्ष, सुरक्षित और पारदर्शी बनाने की दिशा में तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है.
aajtak.in