Advertisement

MLC Election Results 2026 LIVE: पटना में नीरज की जीत, अनंत सिंह के अनुज तीसरे नंबर पर, मेरठ-सहारनपुर में BJP का परचम

कुमार अभिषेक | लखनऊ/पटना | 28 अक्टूबर 2026, 1:12 PM IST

MLC Chunav Parinaam Live Updates: उत्तर प्रदेश, बिहार, कर्नाटक और महाराष्ट्र की 28 विधान परिषद (MLC) सीटों पर हुए चुनावों के बाद अब नतीजे आ रहे हैं. उत्तर प्रदेश में विधान परिषद के 05 स्नातक व 06 शिक्षक द्विवार्षिक निर्वाचन-के अंतर्गत अभी तक 01 स्नातक तथा 05 शिक्षक क्षेत्र के उम्मीदवारों को विजयी घोषित कर दिया गया है. दूसरी ओर, बिहार में एक अलग ट्रेंड देखने को मिला है जहां शिक्षक चुनाव में सभी सीटिंग एमएलसी चुनाव हार गए हैं.

एमएलसी चुनाव की मतगणना फिलहाल जारी है.(Photo-ITG)

उत्तर प्रदेश, बिहार, कर्नाटक और महाराष्ट्र की कुल 28 विधान परिषद (MLC) सीटों के लिए मतगणना की प्रक्रिया जारी है. फिलहाल मिला-जुला जनमत सामने आया है. उत्तर प्रदेश की 11 सीटों में से घोषित 6 नतीजों में बीजेपी ने लखनऊ, मेरठ और बरेली की 4 सीटों पर परचम फहराया, जबकि आगरा और वाराणसी में सपा को सफलता मिली. बरेली-मुरादाबाद शिक्षक निर्वाचन सीट से भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी डॉ. हरि सिंह ढिल्लों ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की है.

बिहार की 4 शिक्षक सीटों के नतीजों में आरजेडी (पटना), बीजेपी (तिरहुत), जन सुराज (दरभंगा) और निर्दलीय (सारण) ने जीत हासिल की, जबकि स्नातक सीटों पर मतगणना जारी है. कर्नाटक में एनडीए गठबंधन ने 3 बीजेपी और 1 जेडीएस उम्मीदवार की जीत के साथ सभी 4 सीटों पर क्लीन स्वीप किया. वहीं महाराष्ट्र की 5 सीटों पर लगातार उतार-चढ़ाव भरे रुझानों के साथ मतगणना जारी है.

बिहार MLC चुनाव: 4 शिक्षक सीटों के नतीजे आए, BJP को 2 पर जीत, RJD और जन सुराज का भी खुला खाता
 

12:54 PM (30 मिनट पहले)

UP: एक स्नातक तथा पांच शिक्षक क्षेत्र के उम्मीदवार विजयी घोषित

Posted by :- Kishor

उत्तर प्रदेश विधान परिषद के 05 स्नातक व 06 शिक्षक द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 के अंतर्गत अभी तक प्राप्त सूचना के अनुसार 01 स्नातक तथा 05 शिक्षक क्षेत्र के उम्मीदवारों को विजयी घोषित कर दिया गया है.

घोषित परिणाम निम्नवत हैं- 

1. मेरठ स्नातक क्षेत्र- दिनेश कुमार गोयल (भारतीय जनता पार्टी)
2. लखनऊ शिक्षक क्षेत्र- उमेश द्विवेदी (भारतीय जनता पार्टी) 
3. वाराणसी शिक्षक क्षेत्र- लाल बिहारी यादव (समाजवादी पार्टी) 
4. आगरा शिक्षक क्षेत्र- डॉo आकाश अग्रवाल (समाजवादी पार्टी) 
5. मेरठ शिक्षक क्षेत्र- चंद्र शर्मा (भारतीय जनता पार्टी) 
6. बरेली-मुरादाबाद शिक्षक क्षेत्र- डाo हरि सिंह ढिल्लो (भारतीय जनता पार्टी)
 

12:28 PM (56 मिनट पहले)

बिहार विधान परिषद (MLC) चुनाव परिणाम अपडेट

Posted by :- Kishor

बिहार की 8 विधान परिषद सीटों पर हुए चुनावों में से अब तक 5 सीटों के परिणाम घोषित हो चुके हैं, जिनमें से सारण शिक्षक सीट पर निर्दलीय (बीजेपी बागी) राहुल राज, तिरहुत शिक्षक सीट पर बीजेपी के नरेंद्र सिंह, दरभंगा शिक्षक सीट पर जन सुराज के सुरेश राय, पटना शिक्षक सीट पर आरजेडी के डॉ. संजीव कुमार और पटना स्नातक सीट पर जेडीयू के नीरज कुमार ने जीत दर्ज की है. वहीं दूसरी ओर, कोसी स्नातक, दरभंगा स्नातक और तिरहुत स्नातक सीटों पर दूसरे वरीयता के मतों की गिनती के कारण मतगणना अभी भी जारी है.  (इनपुट- शशिभूषण)

12:06 PM (एक घंटा पहले)

तेजस्वी का चुनाव आयोग पर निशाना

Posted by :- Kishor

तेजस्वी यादव ने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा, 'पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से मतगणना में देरी करना चुनाव आयोग की बदनीयत दर्शाता है. चुनाव आयोग को न्यायसंगत, सक्षम, निष्पक्ष, पारदर्शी और स्वतंत्र बनना तो दूर वह अब तटस्थ दिखना भी नहीं चाहता. चुनाव आयोग से अधिक अशुद्ध और आवारा संस्थान इस देश में कोई नहीं है. आख़िरकार कब तक बीजेपी के इशारों पर चुनाव आयोग नाचता रहेगा?'

12:00 PM (एक घंटा पहले)

अखिलेश ने सपा कार्यकर्ताओं से की अपील,जश्न मनाने से बचने की सलाह

Posted by :- Kishor

MLC जीत पर अखिलेश यादव ने अपने कार्यकर्ताओं को बधाई दी है साथ ही किसी भी तरह के जीत और जश्न जुलुस से बचने की सलाह दी है. अखिलेश ने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा, 'आपको और आपके साथियों को जीत की बहुत-बहुत बधाई, लेकिन ध्यान रहे, हमें शांति से इसे सोशल मीडिया के ज़रिए लोगों तक पहुंचाना है. कोई हो-हल्ला या जुलूस नहीं, जिससे भाजपाई हमारे बीच घुसकर माहौल को बिगाड़ न पाएँ और हम पर हुड़दंग करने का आरोप न लगा पाएँ. हमें हर तरह के षड्यंत्र और झूठे आरोपों से बचना है, क्योंकि सामने विधानसभा चुनाव है. भाजपा गुंडागर्दी की साज़िश करके कभी भी हमारी छवि बिगाड़ सकती है. हम आप सबका अभिनंदन स्वयं करेंगे, हो सका तो आपके क्षेत्र में आकर करेंगे. इस बीच आप सभी जीते हुए एमएलसी, उन लोगों की लिस्ट बना लीजिए, जिन्होंने इस जीत में आपका समर्थन-सहयोग करके आपको जिताया है. हम ऐसे सभी कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और शुभचिंतकों का भी सम्मान करेंगे.'

Advertisement
10:42 AM (2 घंटे पहले)

पुणे में शरद पवार की पार्टी और बीजेपी में कड़ा मुकाबला

Posted by :- Kishor

पुणे स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में मतगणना जारी है. NCP (शरद चंद्र पवार) की उम्मीदवार हर्षदा देशमुख को 1,11,279 वोट मिले हैं, जबकि उनकी निकटतम प्रतिद्वंद्वी BJP प्रत्याशी स्मिता जाधव 1,02,427 वोटों के साथ दूसरे स्थान पर चल रही हैं. इस कड़े मुकाबले में अपनी जीत का आधिकारिक कोटा हासिल करने के लिए हर्षदा देशमुख को अब मात्र 1,816 अतिरिक्त वोटों की जरूरत है. (इनपुट- राहुल)

10:39 AM (2 घंटे पहले)

जीते उम्मीदवारों का स्वागत, भविष्य में बेहतर करने की कोशिश करेंगे: संतोष सुमन

Posted by :- Kishor

MLC चुनाव के नतीजों में NDA के प्रदर्शन पर बिहार के मंत्री संतोष सुमन ने कहा, "जनता जिसे भी अपना प्रतिनिधि चुनती है, हम उसका स्वागत करते हैं. हम राज्य के विकास में अपना योगदान देंगे. कुल मिलाकर NDA का प्रदर्शन अच्छा रहा है. मैं NDA के सभी विजयी उम्मीदवारों को बधाई देता हूं. जहां हमें हार का सामना करना पड़ा है, हम उसकी समीक्षा करेंगे और भविष्य में बेहतर करने की कोशिश करेंगे."

10:25 AM (3 घंटे पहले)

आगरा MLC चुनाव में हंगामा

Posted by :- Kishor

आगरा खंड शिक्षक MLC चुनाव की मतगणना के दौरान देर रात नवीन गल्ला मंडी स्थल पर सपा और भाजपा समर्थकों के बीच तीखा विवाद और हाथापाई हुई. सपा छात्र सभा के जिलाध्यक्ष और पोलिंग एजेंट अमित प्रताप यादव का आरोप है कि तड़के लगभग 2:30 बजे टेबल नंबर 14 पर जब सपा प्रत्याशी डॉ. आकाश अग्रवाल 2,000 से अधिक वोटों से बढ़त बनाए हुए थे, तब भाजपा उम्मीदवार हरि किशोर तिवारी ने सपा प्रत्याशी पर झपटने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस द्वारा लाए गए 15-25 बिना पास वाले बाहरी लोगों के कारण माहौल हिंसक झड़प में बदल गया और उन्होंने चुनाव आयोग व पुलिस-प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए.

10:05 AM (3 घंटे पहले)

अनंत सिंह बोले- जनता ही भगवान और असली मालिक है

Posted by :- Kishor

पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से अपने समर्थित उम्मीदवार डॉ. अनुज सिंह की हार स्पष्ट होने के बाद जदयू से निष्कासित विधायक अनंत सिंह ने कहा कि वोटों की गिनती पूरी हो चुकी है और अब तीसरे या चौथे स्थान का सवाल ही खत्म हो गया है. उन्होंने कहा कि जनता ही भगवान और असली मालिक है, जिसे वह चुनती है वही जीतता है और जिसे नकार देती है वह हार जाता है. अपनी पार्टी से निष्कासन और नेतृत्व से संबंधों पर उन्होंने स्पष्ट किया कि फैसला लेना पार्टी का अधिकार है और उनका ऐसा कोई बड़ा योगदान नहीं रहा जिससे वे पार्टी पर अपना दावा ठोक सकें.

 

9:58 AM (3 घंटे पहले)

पुणे शिक्षक MLC चुनाव रिजल्ट अपडेट

Posted by :- Kishor

पुणे शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 26वें दौर की मतगणना पूरी होने के बाद बीजेपी उम्मीदवार कौस्तुभ गावड़े 18,385 वोट हासिल कर अपनी मजबूत बढ़त बनाए हुए हैं, जबकि शिवसेना (शिंदे गुट) समर्थित निर्दलीय प्रत्याशी 11,983 वोटों के साथ दूसरे स्थान पर हैं. फिलहाल मतों की गिनती जारी है. (इनपुट- राहुल गायकवाड़)

Advertisement
9:51 AM (3 घंटे पहले)

नागपुर MLC चुनाव का मामला हाईकोर्ट पहुंचा

Posted by :- Kishor

नागपुर में MLC चुनाव की मतगणना चल रही है. इस बीच नागपुर संभाग के स्नातक निर्वाचन क्षेत्र (स्नातक) से जुड़ा मामला बॉम्बे हाई कोर्ट की नागपुर पीठ तक पहुंच गया है. मतदान को रद्द कराने की मांग की गई है. (इनपुट- योगेश पांडे)

9:18 AM (4 घंटे पहले)

शिक्षक पूरी तरह समाजवादी पार्टी के साथ खड़े रहे: लाल बिहारी यादव

Posted by :- Kishor

वाराणसी खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से जीत हासिल करने के बाद समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी लाल बिहारी यादव ने शिक्षक समाज का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके राष्ट्रीय अध्यक्ष की सकारात्मक सोच के कारण ही सपा ने प्रदेश की हर सीट पर मजबूती से चुनाव लड़ा.उन्होंने कहा कि जैसे 'नेताजी'को शिक्षकों का नेता माना जाता था, वही सोच उनके राष्ट्रीय अध्यक्ष की भी है. उन्होंने स्पष्ट किया कि इस चुनाव पर UGC बिल का कोई असर नहीं पड़ा क्योंकि बिल से जुड़े लोग आपस में बंटे रहे, जबकि जो शिक्षक अपनी नौकरी की सुरक्षा चाहते थे, वे पूरी तरह समाजवादी पार्टी के साथ खड़े रहे.

8:58 AM (4 घंटे पहले)

कर्नाटक MLC चुनाव: पश्चिम स्नातक सीट पर एस.वी. संकनूर की 'हैट्रिक' जीत

Posted by :- Kishor

धरवाड़ (कर्नाटक) से आ रहे चुनाव नतीजों के अनुसार, कर्नाटक विधान परिषद की पश्चिम स्नातक निर्वाचन सीट BJP के प्रो. एस.वी. संकनूर ने लगातार तीसरी बार (हैट्रिक) शानदार जीत हासिल की है. उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस उम्मीदवार मोहन लिम्बीकाई को 9,323 वोटों के अंतर से पराजित किया. जीत के बाद एस.वी. संकनूर ने कहा, 'इस जीत का पूरा श्रेय मतदाताओं को जाता है. पिछले तीन चुनावों की तुलना में इस बार हमारे पार्टी कार्यकर्ताओं ने बहुत कड़ी मेहनत की है और आज का यह परिणाम उनकी उसी मेहनत का फल है. इसका श्रेय हमारी पार्टी और पार्टी नेतृत्व को भी जाता है.'

 

8:44 AM (4 घंटे पहले)

बिहार शिक्षक चुनाव में सभी सीटिंग एमएलसी चुनाव हारे

Posted by :- Kishor

बिहार विधान परिषद की 4 शिक्षक निर्वाचन सीटों के घोषित नतीजों में बड़ा फेरबदल देखने को मिला है, जहां सभी सिटिंग एमएलसी चुनाव हार गए हैं. पटना शिक्षक सीट से आरजेडी के डॉ. संजीव कुमार ने भाजपा के 5 बार के सिटिंग एमएलसी नवल किशोर यादव को हराया. तिरहुत में भाजपा के नरेंद्र सिंह ने वामदल के सिटिंग एमएलसी संजय कुमार सिंह को शिकस्त दी. दरभंगा में 'जन सुराज' के सुरेश प्रसाद राय ने कांग्रेस के सिटिंग एमएलसी मदन मोहन झा को पराजित किया. सारण सीट पर निर्दलीय उम्मीदवार राहुल राज ने जन सुराज के सिटिंग एमएलसी आफाक अहमद को हराकर जीत हासिल की. 

(इनपुट- शशिभूषण)

8:17 AM (5 घंटे पहले)

सवाल उठाने वालों को मुंहतोड़ जवाब मिला: नीरज कुमार

Posted by :- Kishor

पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से अपनी जीत लगभग तय होने के बाद JDU उम्मीदवार नीरज कुमार ने 'आज तक' से बातचीत में कहा कि जनता के इस जनादेश ने नीतीश कुमार के नेतृत्व पर सवाल उठाने वालों को मुंहतोड़ जवाब दे दिया है, जिससे साफ हो गया है कि राजनीति में धनबल और बाहुबल की कोई जगह नहीं है. बाहुबली अनंत सिंह पर करारा हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि ये लोग कोई स्वामी सहजानंद सरस्वती या महापुरुष नहीं हैं. उन्होंने स्पष्ट किया कि वे 'रसगुल्ला' नहीं बल्कि आने वालों को चाय पिलाते हैं और मोकामा में आगे होने वाले संभावित विधानसभा उपचुनाव में भी वे अपराध के खिलाफ अपने स्टैंड पर कायम रहते हुए एनडीए के अधिकृत उम्मीदवार के लिए मजबूती से प्रचार करेंगे.

(इनपुट- शशिभूषण)

Advertisement
8:02 AM (5 घंटे पहले)

चार राज्यों की 28 सीटों का ताजा अपडेट

Posted by :- Kishor

उत्तर प्रदेश (11 सीटें): उत्तर प्रदेश की 11 विधान परिषद सीटों में से अब तक 6 सीटों के आधिकारिक परिणाम आ चुके हैं. इनमें से भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने 5 सीटों-लखनऊ शिक्षक, मेरठ-सहारनपुर शिक्षक, बरेली-मुरादाबाद शिक्षक, मेरठ-सहारनपुर स्नातक और 1 अन्य सीट पर परचम लहराया है. वहीं, वाराणसी शिक्षक सीट पर समाजवादी पार्टी (SP) के लाल बिहारी यादव ने जीत दर्ज की है. बाकी बची 5 सीटों पर मतगणना जारी है, जिनमें से 3 सीटों पर सपा, 1 सीट पर भाजपा और 1 सीट पर निर्दलीय प्रत्याशी आगे चल रहे हैं.

बिहार (8 सीटें): बिहार की 8 विधान परिषद सीटों में से 4 शिक्षक निर्वाचन सीटों का रिजल्ट आ चुका है. इनमें पटना शिक्षक सीट से RJD के डॉ. संजीव, तिरहुत शिक्षक सीट से BJP के नरेन्द्र सिंह, दरभंगा शिक्षक सीट से 'जन सुराज' के सुरेश प्रसाद राय और सारण शिक्षक सीट से BJP के बागी निर्दलीय प्रत्याशी राहुल राज ने जीत हासिल की है. बाकी बची 4 स्नातक सीटों पर बैलेट पेपर की गिनती के कारण परिणाम आने में देरी हो रही है, हालांकि पटना स्नातक सीट से JDU के नीरज कुमार लगातार बढ़त बनाए हुए हैं.

कर्नाटक (4 सीटें): कर्नाटक की सभी 4 विधान परिषद सीटों पर एनडीए (BJP + JDS) का पूरी तरह कब्ज़ा रहा है. यहां की 3 सीटों-उत्तर-पूर्व शिक्षक सीट (शशिल नामोशी), पश्चिम स्नातक सीट (एस.वी. संकनूर) और दक्षिण-पूर्व स्नातक सीट (के.एम. सुरेश) पर भारतीय जनता पार्टी ने जीत हासिल की है. वहीं, बेंगलुरु शिक्षक निर्वाचन सीट से JDS के प्रत्याशी ए.पी. रंगनाथ विजयी घोषित हुए हैं.

महाराष्ट्र (5 सीटें): महाराष्ट्र की सभी 5 विधान परिषद सीटों पर मतगणना की प्रक्रिया जारी है और अभी किसी भी सीट का अंतिम परिणाम घोषित नहीं हुआ है. ताजा रुझानों के अनुसार, छत्रपति संभाजीनगर सीट से NCP (शरद पवार गुट) के उम्मीदवार लगभग 11,000 वोटों से आगे चल रहे हैं. इसके अलावा पुणे शिक्षक सीट पर BJP, पुणे स्नातक सीट पर NCP (SP), नागपुर स्नातक सीट पर BJP (4,000 वोट) और अमरावती शिक्षक सीट पर शिवसेना (शिंदे गुट) के प्रत्याशी बढ़त बनाए हुए हैं.

(इनपुट- आशीष/ शशिभूषण /विद्या/ नागार्जुन)

7:28 AM (5 घंटे पहले)

बिहार MLC चुनाव परिणाम :RJD, BJP और जन सुराज का खाता खुला, स्नातक सीटों पर सस्पेंस जारी

Posted by :- Kishor

बिहार विधान परिषद (MLC) की 8 सीटों में से 4 शिक्षक निर्वाचन सीटों के परिणाम घोषित कर दिए गए हैं. पटना शिक्षक सीट से RJD के डॉ. संजीव (1057 वोट) और तिरहुत से BJP के नरेन्द्र सिंह (600 वोट) चुनाव जीत गए हैं.  सारण सीट पर BJP के बागी निर्दलीय राहुल राज ने 1815 वोटों से बाजी मारी, वहीं दरभंगा में 'जन सुराज' के सुरेश प्रसाद राय विजयी रहे. बाकी 4 स्नातक सीटों पर बैलेट वोटों की गिनती के कारण अंतिम नतीजों का इंतजार जारी है. पटना स्नातक सीट से JDU के नीरज कुमार बढ़त के बाद अपनी जीत को लेकर आश्वस्त हैं.

7:26 AM (5 घंटे पहले)

लखनऊ खंड शिक्षक व स्नातक MLC चुनाव अपडेट

Posted by :- Kishor

लखनऊ खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार उमेश द्विवेदी आखिरी राउंड की मतगणना के बाद लगभग 5,000 मतों की मजबूत बढ़त बनाकर जीत के मुहाने पर खड़े हैं. इस मुकाबले में समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी सुशील कुमार काफी पिछड़ चुके हैं, जिससे उमेश द्विवेदी की जीत लगभग तय मानी जा रही है. दूसरी ओर, इसी क्षेत्र के लखनऊ खंड स्नातक सीट के लिए मतपत्रों की गिनती का सिलसिला अभी जारी है.  

7:12 AM (6 घंटे पहले)

पटना में नीरज कुमार आगे, नवल यादव पिछड़े

Posted by :- Kishor

बिहार की 8 विधान परिषद सीटों पर जारी मतगणना के बीच राजधानी पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जनता दल यूनाइटेड (JDU) के दिग्गज नेता नीरज कुमार लगातार बढ़त बनाए हुए हैं. वहीं अनंत सिंह ने जन सुराज के जिस उम्मीदवार अनुज कुमार सिंहका समर्थन किया था वो पीछे चल रहे हैं. कोसी स्नातक सीट से भाजपा के एनके यादव और दरभंगा स्नातक सीट से बीजेपी उम्मीदवार सर्वेश कुमार आगे चल रहे हैं. तिरहुत स्नातक सीट पर निर्दलीय प्रत्याशी और निवर्तमान एमएलसी बंशीधर ब्रजवासी ने बढ़त बनाई है.