कर्नाटक के हुक्केरी तालुक में पुलिस ने एक कथित ऑनर किलिंग से जुड़े ब्लाइंड मर्डर का खुलासा कर सनसनी फैला दी है. इस मामले में एक महिला की हत्या के आरोप में उसके ही परिवार के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है.
शादी के बाद भी जारी रखा अफेयर
मृतका की पहचान सत्यव्वा संतोष हेलवर के रूप में हुई है, जो नादिगुदिकेत्र गांव की रहने वाली थी. पुलिस जांच में सामने आया कि सत्यव्वा का कृष्णा सहदेव पाटिल नाम के युवक के साथ प्रेम संबंध था. करीब चार साल पहले उसकी शादी रायबाग तालुक के हनबरट्टी निवासी संतोष हेलवर से हुई थी, लेकिन इसके बावजूद उसने अपने प्रेम संबंध को जारी रखा.
घर से भागी तो परिवार ने ढूंढा
बताया जा रहा है कि इस साल की शुरुआत में सत्यव्वा और कृष्णा बेलवाड़ी भागकर साथ रहने लगे थे. बाद में दोनों परिवारों ने उन्हें ढूंढकर वापस ले आया, लेकिन कुछ समय बाद सत्यव्वा फिर लापता हो गई. इस संबंध में यमकानमरडी पुलिस स्टेशन और रायबाग में शिकायत दर्ज कराई गई थी.
परिवार ने ही दे दिया जहर
जांच के दौरान पुलिस को चौंकाने वाली जानकारी मिली. पता चला कि सत्यव्वा के परिवार वाले उसके प्रेम संबंध से नाराज थे और इसे 'परिवार की इज्जत' से जोड़ रहे थे. इसी वजह से वे उसे सांगली जिले के अराग गांव ले गए, जहां कथित तौर पर 21 मार्च 2026 को उसे जहर देकर मार डाला गया.
पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद आरोपियों ने सबूत मिटाने के लिए शव को श्मशान घाट में जला दिया, ताकि मामला सामान्य मृत्यु जैसा लगे. हालांकि, मृतका के प्रेमी कृष्णा पाटिल की शिकायत के बाद पुलिस ने तकनीकी और स्थानीय साक्ष्यों के आधार पर मामले की परतें खोलनी शुरू कीं.
पूछताछ में भाई और चाचा ने कबूला सच
जांच आगे बढ़ने पर पुलिस ने मृतका के भाई शानूर, चाचा प्रकाश और रिश्तेदार कल्लप्पा को हिरासत में लिया. पूछताछ में आरोपियों की भूमिका सामने आने के बाद तीनों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह मामला ऑनर किलिंग से जुड़ा प्रतीत होता है, जिसमें पारिवारिक दबाव और सामाजिक सोच ने एक महिला की जान ले ली. फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है और अन्य पहलुओं को भी खंगाला जा रहा है.
सगाय राज