भ्रष्टाचार के आरोपी शिक्षा मंत्री को बदलेंगे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार? मुलाकात के बाद अटकलें तेज

राज्य में एनडीए सरकार बनने के महज दो दिन के अंदर ही भ्रष्टाचार के आरोपी शिक्षा मंत्री मेवालाल चौधरी को लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार विवादों में हैं. ऐसे में इस बात के संकेत मिल रहे हैं कि नीतीश कुमार शिक्षा मंत्री को हटाने की सोच रहे हैं.

Advertisement
बिहार के विवादित शिक्षा मंत्री मेवालाल चौधरी (पीटीआई) बिहार के विवादित शिक्षा मंत्री मेवालाल चौधरी (पीटीआई)

रोहित कुमार सिंह

  • पटना,
  • 18 नवंबर 2020,
  • अपडेटेड 10:53 PM IST
  • नीतीश और अन्य मंत्रियों ने सोमवार को ली थी शपथ
  • JDU के कोटे से मेवालाल के मंत्री बनाए जाने पर विवाद
  • 2017 में मेवालाल पर बतौर कुलपति नौकरी में घोटाले का आरोप

बिहार के नए शिक्षा मंत्री मेवालाल चौधरी मंत्री पद की शपथ लेने के बाद से ही विवादों में बने हुए हैं. नीतीश कुमार ने अपनी नई सरकार में मेवालाल चौधरी को शिक्षा मंत्री बनाया है और इसके बाद से ही विपक्ष लगातार उन पर हमलावर है और उन्हें हटाने की मांग कर रहा है.

राज्य में एनडीए सरकार बनने के महज दो दिन के अंदर ही भ्रष्टाचार के आरोपी शिक्षा मंत्री मेवालाल चौधरी को लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार विवादों में हैं. ऐसे में इस बात के संकेत मिल रहे हैं कि नीतीश कुमार शिक्षा मंत्री को हटाने की सोच रहे हैं.

Advertisement

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुधवार को मंत्री मेवालाल चौधरी को तलब किया जिसके बाद वह मुख्यमंत्री आवास पर पहुंचे और उनसे मुलाकात की. दोनों नेताओं के बीच बैठक के दौरान किस प्रकार की बात हुई इस बात का खुलासा नहीं हो सका है, मगर ऐसा लगता है कि मेवालाल चौधरी को लेकर नीतीश कुमार कोई बड़ा फैसला ले सकते हैं.

दरअसल, 2017 में मेवालाल चौधरी पर भागलपुर के सबौर कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति रहते हुए नौकरी में भारी घपलेबाजी करने का आरोप है. उन पर आरोप है कि कुलपति रहते हुए उन्होंने 161 असिस्टेंट प्रोफेसर की गलत तरीके से बहाली की. इस मामले को लेकर उनके खिलाफ प्राथमिकी भी दर्ज है.

बिहार के तत्कालीन राज्यपाल रामनाथ कोविंद ने उस वक्त मेवालाल चौधरी के खिलाफ जांच के आदेश दिए थे. जांच में मेवालाल चौधरी के खिलाफ लगे आरोपों को सही पाया गया था. उन पर सबौर कृषि विश्वविद्यालय के भवन निर्माण में भी घपलेबाजी का आरोप है.

Advertisement

नए शिक्षा मंत्री मेवालाल चौधरी को लेकर जेल में बंद राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने भी बुधवार को ट्वीट के जरिए नीतीश कुमार पर हमला बोला.

देखें: आजतक LIVE TV

लालू ने कहा, 'तेजस्वी ने जहां पहली कैबिनेट में पहले कदम से 10 लाख नौकरियां देने को प्रतिबद्धता, वहीं नीतीश ने पहली कैबिनेट में नियुक्ति घोटाला करने वाले मेवालाल को मंत्री बनाकर अपनी प्राथमिकता बता दी.'

बिहार में चुनाव के बाद नीतीश कुमार की अगुवाई में एनडीए सरकार बन गई है. सोमवार को 14 मंत्रियों ने शपथ ली. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने पास गृह, सामान्य प्रशासन, विजिलेंस समेत कई विभाग रखे हैं. जबकि डिप्टी सीएम तारकिशोर प्रसाद को वित्त, कॉमर्शियल टैक्स, पर्यावरण और वन, आपदा प्रबंधन, शहरी विकास के साथ सूचना प्रौद्योगिकी विभाग मिला है. एक अन्य डिप्टी सीएम रेणु देवी को पंचायती राज, पिछड़ी जाति का उत्थान और ईबीसी कल्याण के साथ उद्योग मंत्रालय मिला है.

नीतीश मंत्रिमंडल में मंत्री बने
JDU
: विजय चौधरी, विजेंद्र यादव, अशोक चौधरी, मेवालाल चौधरी, शीला मंडल 
BJP: तारकिशोर प्रसाद, रेणु देवी, अमरेंद्र प्रताप सिंह, मंगल पांडे, रामसूरत राय, रामप्रीत पासवान, जीवेश मिश्रा 
VIP: मुकेश सहनी 
HAM: संतोष सुमन 

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »