चंडीगढ़ के सेक्टर 26 में एक नाइटक्लब के बाहर पार्किंग को लेकर विवाद हो गया था. जिसके बाद एक एक साल के युवक ने अपनी मर्सिडीज़ से दो युवकों को कुचल दिया था. इस मामले में उसे गिरफ्तार भी कर लिया गया था. लेकिन बाद में रिहा भी कर दिया. पुलिस की जांच में पता चला है कि आरोपी ने कार चढ़ाने से पहले कार की नंबर प्लेट हटा दी थी. वहीं बाद में पहचान छिपाने की कोशिश में उन्हें फिर से लगा दिया था.
नंबर प्लेट हटाने के बाद चढ़ा दी थी कार
अखिल के पिता एक रियल-एस्टेट बिज़नेसमैन हैं और फरीदाबाद में रहते हैं. अखिल अपनी पढ़ाई के सिलसिले में पंचकूला में रिश्तेदारों के साथ रहता है. अब तक की जांच के अनुसार जिस कार को अखिल चला रहा था, वह उसके चाचा की है. इस मामले पर बात करते हुए DSP अभिनंदन ने बताया कि आरोपी फरीदाबाद का रहने वाला है और अभी पढ़ाई के दौरान पंचकूला में एक दोस्त के साथ रह रहा है. शनिवार को वह अपने दोस्तों के साथ सेक्टर 26 में एक नाइटक्लब में पार्टी करने आया था. उसके साथ एक नाबालिग भी था.
पुलिस के मुताबिक क्लब से निकलने के बाद आरोपी की पार्किंग को लेकर युवकों के एक ग्रुप से बहस हो गई. इसके बाद वह पहले तो वहां से चला गया. हालांकि, जांचकर्ताओं का कहना है कि बाद में वह मर्सिडीज़ की नंबर प्लेट हटाकर वापस आया और कथित तौर पर भीड़ पर कार चढ़ा दी, जिससे दो युवक घायल हो गए.
सीसीटीवी से हुई पहचान
DSP अभिनंदन ने बताया कि घटनास्थल से मिले CCTV फुटेज और वीडियो के आधार पर मामला दर्ज किया गया. आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया और उस पर कानून की संबंधित धाराएं लगाई गई हैं. हालांकि, बाद में उसे रिहा कर दिया गया. DSP ने आगे कहा कि पुलिस को क्लब के अंदर तोड़फोड़ और हंगामे की शिकायत भी मिली थी. CCTV फुटेज और अन्य सबूतों के आधार पर एक अलग मामला दर्ज किया गया है, जिसमें आर्म्स एक्ट के तहत आरोप भी शामिल हैं.
अब तक मिली जानकारी के अनुसार शामिल लोगों में से एक के किसी सिंगर का मैनेजर होने की बात कही जा रही है और मामले की जांच चल रही है. वहीं मर्सिडीज़ की चपेट में आकर घायल हुए अमजद और प्रीत को इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है.
अमन भारद्वाज