महिला पहलवानों के यौन उत्पीड़न मामले में राउज एवेन्यू कोर्ट द्वारा बृजभूषण शरण सिंह के बरी होने के बाद उनके आवास पर पटाखे फोड़े गए. उनके बेटे ने इस फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि परिवार ने तीन साल का बेहद कठिन संकट का समय झेला है और ये उनके लिए बेहद खुशी का पल है.इस दौरान उन्होंने विपक्षी दलों पर नौटंकी करने का आरोप लगाया.
करण भूषण ने राउज एवेन्यू कोर्ट के फैसले पर खुशी जाहिर करते हुए कहा, 'देखिए हम लोगों के लिए बहुत खुशी का पल है. तीन साल का संकट बड़ी मुश्किल से काटकर यहां तक आए हैं. उन्होंने कहा कि इस खुशी में उन्हें हिस्सा लेने दिया जाए, क्योंकि अभी बहुत सारे पटाखे फोड़ने बाकी हैं.'
'विपक्ष के पास नहीं हो कोई मुद्दा'
जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने वालों और विपक्ष पर हमला बोलते हुए करण ने कहा कि विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं बचा है. उन्होंने कहा कि मंदिर चंदा चोरी जैसी नौटंकी करने वाले यही लोग ही बेटियों के साथ उस वक्त खड़े थे. इन्हीं लोगों ने बोटियां का मुद्दा कैच किया था. इनके पास कोई मुद्दा है नहीं है.
उनसे पूछा गया कि प्रदर्शन करने वालों में से एक ने चुनाव लड़ा था तो उन्होंने कहा कि वो उनकी किस्मत, वो चाहती थीं. इसी दौरान जब उनसे अपने पिता से बातचीत के बारे में पूछा तो उन्होंने कहा, 'हम सब सनातनी है और कष्ट झेलना और संकट हम लोग ने बहुत देखे हैं और एक कष्ट झेल के हम लोग बाहर निकले है. भावुक भी हो रहे हैं.'
HC जाएंगे पहलवान
वहीं, राउज एवेन्यू कोर्ट के इस फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए पहलवान बजरंग पूनिया ने कहा कि वह कोर्ट के इस फैसले के खिलाफ हाईकोर्ट का रुख करेंगे और जल्द ही वह प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पहलवानों की रणनीति का खुलासा करेंगे.
दरअसल, दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने पूर्व भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह और सह-आरोपी विनोद तोमर को यौन शोषण मामले में सबूतों के अभाव में बरी कर दिया है. छह महिला पहलवानों ने बृजभूषण सिंह पर यौन उत्पीड़न, पीछा करने और आपराधिक धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए थे.
पीयूष मिश्रा