जम्मू-कश्मीर में LoC पर घुसपैठ की बड़ी कोशिश नाकाम, एक पाकिस्तानी घुसपैठिया ढेर

जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में एलओसी पर भारतीय सेना ने घुसपैठ की बड़ी कोशिश को नाकाम कर दिया. कृष्णा घाटी सेक्टर में संदिग्ध गतिविधि देखे जाने के बाद सेना ने तुरंत कार्रवाई की, जिसमें एक घुसपैठिया मारा गया. पाकिस्तान की ओर से आए आतंकियों ने अंधेरे का फायदा उठाकर भारतीय सीमा में घुसने की कोशिश की थी.

Advertisement
भारतीय सेना ने जम्मू और कश्मीर के पुंछ में नियंत्रण रेखा पर घुसपैठ की कोशिश को नाकाम कर दिया. (File Photo: PTI) भारतीय सेना ने जम्मू और कश्मीर के पुंछ में नियंत्रण रेखा पर घुसपैठ की कोशिश को नाकाम कर दिया. (File Photo: PTI)

मंजीत नेगी

  • श्रीनगर,
  • 12 मई 2026,
  • अपडेटेड 8:45 PM IST

जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा (LoC) पर भारतीय सेना ने मंगलवार को घुसपैठ की एक बड़ी कोशिश को नाकाम कर दिया. सेना की व्हाइट नाइट कोर (White Night Corps) ने बताया कि कृष्णा घाटी सेक्टर में संदिग्ध गतिविधि देखे जाने के बाद कार्रवाई की गई, जिसमें एक घुसपैठिया मारा गया.

सेना के मुताबिक, मंगलवार शाम करीब 4 बजे पुंछ के कृष्णा घाटी सेक्टर में एलओसी के पास भारतीय सीमा के लगभग 300 मीटर अंदर संदिग्ध हलचल का पता चला. लगातार निगरानी के दौरान सेना के जवानों ने कुछ संदिग्ध लोगों की गतिविधि देखी, जिसके बाद तुरंत कार्रवाई शुरू की गई.

Advertisement

व्हाइट नाइट कोर ने कहा कि सतर्क जवानों ने तेजी से जवाबी कार्रवाई करते हुए घुसपैठ की कोशिश को विफल कर दिया और एलओसी पर किसी भी तरह की सेंध नहीं लगने दी. सेना ने बताया कि इस ऑपरेशन में एक घुसपैठिए को मार गिराया गया है.

रक्षा सूत्रों के अनुसार, पाकिस्तान की ओर से आए भारी हथियारों से लैस आतंकियों का एक समूह अंधेरे का फायदा उठाकर भारतीय सीमा में घुसने की कोशिश कर रहा था. सेना के जवानों ने उन्हें चुनौती दी, जिसके बाद आतंकियों ने फायरिंग शुरू कर दी. इसके जवाब में भारतीय जवानों ने भी जवाबी गोलीबारी की, जिससे इलाके में भीषण मुठभेड़ शुरू हो गई.

सूत्रों के मुताबिक मारे गए आतंकी का शव अभी बरामद नहीं किया जा सका है, क्योंकि ऑपरेशन जारी है. माना जा रहा है कि बाकी घुसपैठिए गोलीबारी के बाद एलओसी पार कर पाकिस्तान की ओर वापस भाग गए. सेना ने पूरे इलाके को घेर लिया है और अतिरिक्त जवानों की तैनाती की गई है. 

Advertisement

यह सुनिश्चित करने के लिए सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है कि कोई आतंकी भारतीय सीमा में दाखिल न हो पाया हो. सेना ड्रोन और अन्य उपकरणों की मदद से एलओसी के पास जंगल वाले इलाकों की लगातार निगरानी कर रही है. व्हाइट नाइट कोर ने कहा कि सेना पूरे सेक्टर में हाई अलर्ट पर है और किसी भी खतरे से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »