मंदिर के पवित्र दीये से युवक ने जलाई सिगरेट, पुलिस को शक- साजिश के तहत Video वायरल

आंध्र प्रदेश के आदोनी में शिव मंदिर के अंदर पवित्र दीये से सिगरेट जलाने का 2022 का वीडियो अब वायरल होने के बाद पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि पुराना वीडियो अचानक वायरल होने के पीछे कोई साजिश तो नहीं है.

Advertisement
अदोनी की रणमंडल पहाड़ी पर स्थित वह शिव मंदिर जहां यह घटना हुई थी. (Photo: Social media) अदोनी की रणमंडल पहाड़ी पर स्थित वह शिव मंदिर जहां यह घटना हुई थी. (Photo: Social media)

अपूर्वा जयचंद्रन

  • कुरनूल ,
  • 07 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 10:00 PM IST

आंध्र प्रदेश के अदोनी में शिव मंदिर के अंदर दीये से सिगरेट जलाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर लिया है. जांच में पता चला कि यह वीडियो साल 2022 में बनाया गया था. अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि 4 साल पुराना वीडियो अचानक अभी क्यों वायरल हुआ और इसके पीछे कोई साजिश तो नहीं है.

Advertisement

यह मामला अदोनी विधानसभा क्षेत्र की रणमंडला पहाड़ी पर बने शिव मंदिर का है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी वड्डे ईरन्ना ने मंदिर के अंदर जल रहे पवित्र दीये से सिगरेट जलाकर उसका वीडियो बनाया था. शुरुआती जांच में सामने आया है कि यह वीडियो साल 2022 का है. पुलिस का कहना है कि उस समय ईरन्ना अपने तीन दोस्तों के साथ 10वीं की सप्लीमेंट्री परीक्षा देने आया था. इसी दौरान उसने यह वीडियो बनाया था.

शिकायत के बाद हुई कार्रवाई

वीडियो वायरल होने के बाद गौलीपेटा के रहने वाले बोया शिवराजू ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. शिकायत में आरोप लगाया गया कि आरोपी ने हिंदू धर्म की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने की नीयत से पवित्र दीये का इस्तेमाल कर सिगरेट जलाई. शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज किया और वड्डे ईरन्ना को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी. उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 299 के तहत केस दर्ज किया गया है.

Advertisement

जांच एजेंसियां इस बात की पड़ताल कर रही हैं कि क्या इसे जानबूझकर सोशल मीडिया पर फैलाया गया. पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या वीडियो वायरल करने का मकसद धार्मिक भावनाओं को भड़काना या समाज में तनाव पैदा करना था.

हर पहलू की हो रही जांच

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हाल के दिनों में धर्म और जाति के नाम पर माहौल बिगाड़ने की कोशिशों के कुछ मामले सामने आए हैं. इसी वजह से इस मामले को भी गंभीरता से लिया जा रहा है.

जांच टीम यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वीडियो किसने, किस उद्देश्य से वायरल किया. फिलहाल पुलिस का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच जारी है, जिसके पूरा होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.
 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »