तमिलनाडु के चेन्नई से अबू धाबी जा रही एतिहाद एयरवेज़ की एक फ़्लाइट मंगलवार को उड़ान नहीं भर पाई. इसमें करीब 280 यात्री सवार थे. सूत्रों ने आजतक को बताया कि उड़ान नहीं भर पाने की वजह हाइड्रोलिक लीक था, जिसके चलते इंजीनियरिंग टीम ने विमान को 'ग्राउंडेड' (AOG) घोषित कर दिया. एतिहाद की चेन्नई-अबू धाबी फ़्लाइट को Airbus A320 (A6-EIT) विमान ऑपरेट कर रहा था. तकनीकी खराबी का पता चलने के बाद उड़ान भरने से पहले ही उसे कैंसिल कर दिया गया.
फ्लाइट रद्द किए जाने के बाद यात्रियों को विमान से उतार लिया गया और उसे स्टैंड पर ले जाया गया. अधिकारियों ने बताया कि इसमें न तो कोई डायवर्ज़न हुआ और न ही आग लगने की कोई घटना हुई.
इससे पहले आई रिपोर्टों में कहा गया था कि जब फ्लाइट उड़ान भरने की तैयारी कर रही थी, तो उसके बाएं पंख पर आग लगी हुई दिखाई दी थी. रिपोर्टों में यह भी बताया गया था कि अग्निशमन सेवाओं ने तुरंत स्थिति को काबू में कर लिया, जिसके बाद फ़्लाइट को रद्द कर दिया गया.
एयरलाइन ने मांगी माफी
एतिहाद एयरवेज़ ने स्टेटमेंट जारी करते हुए कहा, "12 मई को चेन्नई इंटरनेशनल एयरपोर्ट (MAA) से ज़ायेद इंटरनेशनल एयरपोर्ट (AUH) जाने वाली एतिहाद एयरवेज़ की फ़्लाइट EY343, उड़ान भरने से पहले एक तकनीकी खराबी के कारण वापस गेट पर लौट आई, जिसके बाद यात्रियों को विमान से उतार लिया गया. अभी उम्मीद है कि यह फ़्लाइट अपने तय समय से लगभग तीन घंटे की देरी से रवाना होगी"
बयान में आगे कहा गया कि चेन्नई इंटरनेशनल एयरपोर्ट (MAA) के सुरक्षा नियमों के तहत, एहतियात के तौर पर इमरजेंसी सर्विसेज को एक्टिव कर दिया गया था. हमें हुई असुविधा के लिए खेद है और हमारी टीमें यात्रियों को उनकी आगे की यात्रा में मदद कर रही हैं."
यह भी पढ़ें: जेट-एतिहाद सौदे को निवेश बोर्ड की सशर्त मंजूरी
एयरलाइन ने यात्रियों को सलाह देते हुए कहा कि यात्री etihad.com/contactme पर अपनी संपर्क जानकारी अपडेट रखें, जिससे उन्हें SMS या ईमेल के ज़रिए फ़्लाइट से जुड़ी ताज़ा जानकारी मिलती रहे. जिन यात्रियों को अपनी बुकिंग से जुड़ी किसी भी तरह की मदद चाहिए, वे स्थानीय संपर्क नंबर, लाइव चैट और सोशल मीडिया सहायता के लिए etihad.com/contactus पर जा सकते हैं.
स्टेटमेंट में आगे कहा गया कि हमारे यात्रियों और क्रू की सुरक्षा और आराम एतिहाद की सबसे बड़ी प्राथमिकता है. कुछ मीडिया रिपोर्टों के विपरीत, विमान में आग लगने की कोई घटना नहीं हुई थी. विमान एक तकनीकी खराबी के कारण वापस स्टैंड पर लौटा था.
अमित भारद्वाज