ओडिशा के बालासोर में हुए ट्रेन हादसे में अब तक 288 लोगों की मौत हो चुकी है. वहीं 900 से ज्यादा लोग जख्मी हो गए हैं. इस बीच मृतकों की संख्या को लेकर बंगाल की सीएम ममता बनर्जी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव आमने-सामने आ गए. वहीं पीएम मोदी ने कहा कि इस हादसे का जो भी दोषी होगा, उसे बख्शा नहीं जाएगा.इसके अलावा जख्मी यात्रियों को दूसरे जिले ले जा रही एक बस हादसे का शिकार हो गई. इसके अलावा 7 घंटे के लिए जमानत पर जेल से बाहर आए मनीष सिसोदिया अपनी पत्नी से नहीं मिल पाए. जानिए शनिवार शाम की पांच बड़ी खबरें.
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी शिनवार को घटनास्थल का जायजा लेने पहुंचीं. उन्होंने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान की मौजूदगी में प्रेस कॉन्फ्रेंस की. इस दौरान ममता ने 500 से ज्यादा मौतें होने की आशंका जताई. हालांकि, ममता के दावे पर तुरंत रेल मंत्री वैष्णव ने आपत्ति जताई और कहा, आधिकारिक आंकड़ा सामने है. मरने वालों की संख्या 238 की पुष्टि हुई है. देर शाम तक मरने वालों की संख्या 288 तक पहुंच गई है.
बालासोर पहुंचे PM मोदी, रेल हादसे वाली जगह से इन दो लोगों को लगाया फोन
पीएम नरेंद्र मोदी ने भी घटनास्थल का दौरा किया. वहां पहुंचकर पीएम मोदी ने रेस्क्यू ऑपरेशन का जायजा लिया और वहां मौजूद अधिकारियों से बातचीत की.इस दौरान उन्होंने एकजुट होकर उन्हें काम करने को कहा. पीएम मोदी घटनास्थल पर मोबाइल फोन पर भी बात करते हुए नजर आए. पीएम ने फोन पर कैबिनेट सचिव और स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया से सीधे बात की. उन्होंने अधिकारियों से लोगों के अच्छे इलाज की व्यवस्था करने का निर्देश दिया.
बालासोर से घायलों को अस्पताल ले जा रही बस का हुआ एक्सीडेंट, पिकअप वैन से टकराई
बालासोर रेल हादसे में जख्मी लोगों को दूसरे जिलों के अस्पतालों पहुंचाने का काम किया जा रहा है. ऐसे में बालासोर से घायल यात्रियों को ले जा रही एक बस पश्चिम मेदिनीपुर में दुर्घटना का शिकार हुई. घायल यात्री बालासोर से कई जिलों में पहुंच रहे थे, तभी पश्चिम मेदिनीपुर में बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई. इस बस हादसे की वजह से नेशनल हाईवे पर जाम लग गया.
ओडिशा के बालासोर में भीषण रेल हादसा होने के बाद पीएम मोदी घटनास्थल पर पहुंचे और रेस्क्यू ऑपरेशन का जायजा लिया. मोदी ने इस दौरान कहा कि जो भी लोग इस घटना में दोषी पाए जाएंगे उन्हें बख्शा नहीं जाएगा और सख्त से सख्त सजा दी जाएगी. उन्होंने कहा, 'बहुत ही दर्दनाक और विचलित करने वाला हादसा है, मेरे पास इस वेदना को प्रकट करने के लिए शब्द नहीं है, ईश्वर सब को शक्ति दें ताकि वो दुख की घड़ी से निकल सकें.'
मनीष सिसोदिया वापस तिहाड़ जेल पहुंचे, पत्नी से नहीं हो पाई मुलाकात
दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया कुछ घंटों के लिए जमानत पर बाहर आए हुए थे. लेकिन अब मनीष सिसोदिया तिहाड़ जेल की ओर वापस लौट गए. 7 घंटों के लिए सिसोदिया शनिवार सुबह जेल से बाहर आए थे और अब शाम 4:30 बजे करीब तिहाड़ जेल के लिए वापस लौट गए. सिसोदिया को अपनी बीमार पत्नी से मिलने के लिए दिल्ली हाईकोर्ट ने सुबह 10 बजे से 5 बजे तक, सात घंटे के लिए जमानत दी थी.
aajtak.in