Aaj Ki Taza Khabar: पढ़ें 2 नवंबर 2026 की शाम की बड़ी खबरें और अन्य समाचार

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर विदेशी मदद से सत्ता में बने रहने का आरोप लगाया है. उन्होंने पीएम को इस मुद्दे पर खुली बहस की है. राहुल का ये बयान पीएम के राष्ट्रीय एकता दिवस के हालिया बयान पर पलटवार है, जिसमें पीएम ने विपक्ष पर देश को बांटने का आरोप लगाया था.

Advertisement
राहुल गांधी ने पीएम के हालिया बयान पर पलटवार किया. (File Photo- PTI) राहुल गांधी ने पीएम के हालिया बयान पर पलटवार किया. (File Photo- PTI)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 02 नवंबर 2026,
  • अपडेटेड 6:21 PM IST

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने PM नरेंद्र मोदी पर विदेशी मदद से सत्ता में बने रहने का आरोप लगाया है, वहीं, सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली-NCR में 7 और 8 नवंबर को सुबह और शाम तय समय पर ग्रीन पटाखे जलाने की अनुमति दी है. इन खबरों के अलावा, भारत सरकार कुछ अग्निवीरों को स्थायी सेवा में शामिल करने के अलावा अतिरिक्त समय देने पर गंभीरता से विचार कर रही है. पढ़ें सोमवार शाम की बड़ी खबरें

Advertisement

'विदेशी मदद से प्रधानमंत्री बने हुए हैं...' राहुल गांधी का आरोप, PM को दी खुली बहस की चुनौती 

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने PM मोदी पर विदेशी मदद से सत्ता में बने रहने का आरोप लगाया है. साथ ही, उन्होंने इस मुद्दे पर PM को खुली बहस की चुनौती भी दे डाली है. इसके साथ ही उन्होंने देश की अर्थव्यवस्था पर भी सवाल उठाए. उन्होंने लिखा, 'आपकी आर्थिक व्यवस्था पूरी तरह विदेशियों के नियंत्रण में और समर्थन से है.'

आजम खान की गिरफ्तारी को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती, ED के मनी लॉन्ड्रिंग केस में इस हफ्ते सुनवाई संभव 

सपा के वरिष्ठ नेता आजम खान ने ED की ओर से एक नए मनी लॉन्ड्रिंग केस में की गई गिरफ्तारी को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी है. सोमवार को सुप्रीम कोर्ट ने इस याचिका पर सुनवाई के लिए सहमति जताई. हालांकि, अदालत ने तत्काल सुनवाई की मांग स्वीकार नहीं की, लेकिन कहा कि इस मामले को इसी सप्ताह सुनवाई के लिए सूचीबद्ध किए जाने की संभावना है.

Advertisement

दिल्ली-NCR में बढ़ा प्रदूषण, GRAP-2 लागू करने की तैयारी 

दिल्ली-NCR में प्रदूषण बढ़ने के कारण ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान का दूसरा चरण लागू किया जाएगा. एयर क्वालिटी इंडेक्स 300 के पार पहुंचने के बाद वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग ने यह फैसला लिया है. आयोग की बैठक में GRAP-2 लागू करने का निर्णय लिया गया. इसका आधिकारिक आदेश जल्द जारी किया जाएगा.

पंजाब कांग्रेस नेता सुंदर शाम अरोड़ा के ठिकानों पर ED रेड, बेटे और रियल एस्टेट ग्रुप भी जांच के घेरे में 

ED ने सोमवार सुबह पंजाब कांग्रेस के नेता सुंदर शाम अरोड़ा के ठिकानों पर छापेमारी की. ED ने होशियारपुर स्थित उनके आवास पर तलाशी अभियान चलाया. इस दौरान CRPF के जवान भी मौजूद रहे. सुंदर शाम अरोड़ा के अलावा उनके बेटे प्रतीक अरोड़ा, मार्बेला ग्रुप, गुलमोहर टाउनशिप ग्रुप और उनके प्रमोटरों के ठिकानों पर भी छापेमारी की गई.

'जिंदगी में कभी किसी प्रोटेस्ट में नहीं जाऊंगा...', 'भारत छोड़ो नोटिस' पर कोर्ट में बोले एक्टर इमरान खान 

एक्टर इमरान खान को मिले विदेशी क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय के 'लीव इंडिया नोटिस' के खिलाफ दायर याचिका पर बॉम्बे हाईकोर्ट में सुनवाई हुई. इस दौरान इमरान ने अदालत से वादा किया है कि वो भविष्य में किसी प्रदर्शन में शामिल नहीं होंगे. मुख्य न्यायाधीश M. C. त्रिपाठी और जस्टिस अद्वैत सेठना की पीठ ने पिछले सप्ताह ही इस नोटिस पर रोक लगाई थी.

Advertisement

दिवाली पर दिल्ली में ग्रीन पटाखों को मिली मंजूरी, सुप्रीम कोर्ट ने तय की टाइम लिमिट 

सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली-NCR में 7 और 8 नवंबर को सुबह और शाम तय समय पर ग्रीन पटाखे जलाने की अनुमति दी है. दोनों दिन सुबह 6 से 7 बजे और रात 8 से 10 बजे तक ही पटाखे जलाए जा सकेंगे. कोर्ट ने साफ किया कि अस्पतालों, नर्सिंग होम, प्राथमिक और जिला स्वास्थ्य केंद्रों और साइलेंस जोन के 300 मीटर के दायरे में पटाखे जलाने की अनुमति नहीं होगी.

अग्निवीरों की सर्विस होगी एक्सटेंड, सेलेक्शन जारी है... जल्द होगी घोषणा 

भारत सरकार अग्निपथ स्कीम के तहत भर्ती हुए कुछ अग्निवीरों को स्थायी सेवा में शामिल करने के अलावा अतिरिक्त समय देने पर गंभीरता से विचार कर रही है. पिछले कुछ दिनों में इस प्रस्ताव पर कई उच्च स्तरीय बैठकें हो चुकी हैं. पहला बैच अग्निवीरों का चार साल का कार्यकाल लगभग पूरा होने वाला है और 21 नवंबर 2026 को उनकी सेवा समाप्त हो जाएगी.

NZ टेस्ट सीरीज से पहले भारत को बड़ा झटका, ऋषभ पंत फिटनेस टेस्ट में हुए फेल, अब कैसे मिलेगी टीम इंडिया में एंट्री? 

न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज से पहले भारतीय टीम के स्टार विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत फिटनेस टेस्ट में फेल हो गए हैं. BCCI के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में हुए पहले फिटनेस टेस्ट में पंत अपनी मैच फिटनेस साबित करने में नाकाम रहे हैं. हालांकि, BCCI की मेडिकल टीम उन्हें अपनी फिटनेस साबित करने का एक और मौका देने जा रही है. 

Advertisement

महाराष्ट्र की कई अदालतों को बम से उड़ाने की धमकी, ई-मेल में लिखा DATE एंड TIME 

महाराष्ट्र के ठाणे, हिंगोली और बीड समेत कई जिलों की अदालतों को बम से उड़ाने की धमकी भरे ई-मेल मिले. इसके बाद पुलिस ने एहतियात के तौर पर कोर्ट परिसर खाली करा दिए और बम निरोधक दस्ते के साथ तलाशी अभियान चलाया. शुरुआती जांच में अब तक कोई संदिग्ध चीज नहीं मिली है. साइबर पुलिस ई-मेल भेजने वाले की पहचान करने में जुटी है.

'हल्के में नहीं लेना...', सुकेश चंद्रशेखर के 200 करोड़ के मनी लॉन्ड्रिंग केस में पेश नहीं हुईं नोरा फतेही, कोर्ट ने फटकारा 

राउज एवेन्यू कोर्ट ने सुकेश चंद्रशेखर के 200 करोड़ के मनी लॉन्ड्रिंग मामले में सोमवार को अदालत में पेश न होने को लेकर एक्ट्रेस नोरा फतेही को फटकार लगाई है. अदालत ने कहा कि वो इस मामले में गवाह हैं और उन्हें इस नाते यहां होना चाहिए था. उनका व्यवहार सही नहीं है और वह अदालत को हल्के में नहीं लें.  

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »