भारतीय महिला टीम ने शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के दम पर प्रतिष्ठित लॉर्ड्स मैदान पर खेले गए पहले महिला टेस्ट में इंग्लैंड को 270 रनों से हराकर ऐतिहासिक जीत दर्ज की. वहीं, देश में खुदरा महंगाई दर RBI के तय लक्ष्य 4% को पार करके 4.38% हो गई है. इन खबरों के अलावा, अयोध्या के राम मंदिर में चंदा चोरी विवाद के बीच श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने मंदिर के लिए CEO नियुक्ति की वेकेंसी निकाली है. पढ़ें सोमवार शाम की बड़ी खबरें.
बेटियों ने बचाई भारतीय क्रिकेट की लाज, लॉर्ड्स में इंग्लैंड को रौंदकर रचा इतिहास
भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने लॉर्ड्स टेस्ट में इंग्लैंड को 270 रनों से हराकर ऐतिहासिक जीत दर्ज की है. भारत ने दूसरी पारी में 341/7 रन बनाकर पारी घोषित की और इंग्लैंड के सामने 457 रनों का विशाल लक्ष्य रखा. इसके जवाब में मेज़बान टीम 186 रनों पर सिमट गई.113 रनों की शानदार पारी खेलने वाली यास्तिका भाटिया इस जीत की सबसे बड़ी नायिका रहीं.
Retail Inflation Surge: फिर फूटा महंगाई का बम, जून में लगा तगड़ा झटका, RBI के 4% टारगेट के पार
सरकार ने जून में खुदरा महंगाई के आंकड़े जारी कर दिए हैं. पांच महीने के बाद देश में खुदरा महंगाई दर RBI के तय लक्ष्य 4% को पार करके 4.38% हो गई है. ये लगातार छठा महीने है, जबकि महंगाई दर में बढ़ोतरी हुई है. इससे पहले मई में खुदरा महंगाई दर उछाल के साथ 3.93% पर पहुंची थी. ग्रामीण महंगाई दर मई में 4.25% से बढ़कर जून में 4.74% हो गई है.
भड़क उठी जंग... ईरान के बंदर अब्बास और केशम में फिर हमले, एक दिन में दूसरी बार अटैक
ईरान पर सोमवार को दूसरी बार हमला हुआ है. ईरान बंदर अब्बास और केशम पोर्ट के पास एक बार फिर से धमाके हुए हैं. ताज़ा अमेरिकी हमले में ईरान में 2 लोग मारे गए हैं. इस हमले के जवाब में ईरान ने जॉर्डन, ओमान, बहरीन और कुवैत में अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर हमला किया. अमेरिका-ईरान के बीच की ये ताज़ा लड़ाई स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पर कब्जे को लेकर है.
भारत में फिलहाल नहीं आएगा WhatsApp का Username फीचर, मेटा का बड़ा फैसला
वॉट्सऐप का यूजरनेम फीचर फिलहाल भारत में लॉन्च नहीं होगा. वॉट्सऐप की पेरेंट कंपनी मेटा ने भारत सरकार को भरोसा दिया है कि जब तक सरकार के साथ बातचीत पूरी नहीं हो जाती और सभी सवालों के जवाब नहीं दिए जाते, तब तक इस फीचर को रोलआउट नहीं किया जाएगा. इस फीचर की मदद से यूजर अपने मोबाइल नंबर की जगह एक यूनिक यूजरनेम के ज़रिए बात कर सकेंगे.
राम मंदिर में निकली CEO की वेकेंसी! उम्र, काम, सैलरी... जानिए क्या-क्या योग्यताएं मांगी गईं
अयोध्या के राम मंदिर में चंदा चोरी विवाद के बीच श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने मंदिर के लिए CEO नियुक्ति की वेकेंसी निकाली है. ट्रस्ट ने इस पद के लिए योग्य उम्मीदवारों को आवेदन करने के लिए आमंत्रित किया है, जो मंदिर के दैनिक कामकाज और वित्तीय प्रबंधन की देखरेख कर सके. उम्मीदवार की उम्र 50 से 70 साल के बीच होनी चाहिए.
पंजाब में बीजेपी का 'मिशन आत्मनिर्भर', पीएम मोदी के दौरे से कैंपेन को मिलेगी धार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 जुलाई 2026 को पंजाब के दौर पर पहुंच रहे हैं. इस दौरान पीएम मोदी कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और नई योजनाओं का शिलान्यास करेंगे. पीएम मोदी 'जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन' का उद्घाटन भी करेंगे. करीब 110 साल पुराने इस रेलवे स्टेशन का रिडेवलप लगभग 125 करोड़ रुपये की लागत से किया गया है.
राम मंदिर चढ़ावा चोरी: सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र, यूपी सरकार को भेजा नोटिस
अयोध्या के राम मंदिर चंदा चोरी मामले में सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार, UP सरकार और राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को नोटिस जारी किया है. कोर्ट ने मामले की जांच को लेकर चल रही कार्यवाही के दस्तावेज और स्टेटस रिपोर्ट मांगी है. इस मामले की अगली सुनवाई अगले सोमवार को होगी. UP सरकार ने इस मामले की जांच के लिए पहले ही SIT बना दी है.
साल 2024 के दिल्ली कोचिंग हादसा मामले में CBI ने दिल्ली की अदालत में क्लोजर रिपोर्ट दाखिल कर दी है. इस मामले में MCD के दो वरिष्ठ अधिकारियों को क्लीन चिट दी गई है. जांच में पाया गया कि बेसमेंट में अवैध लाइब्रेरी की अनुमति देने में उनकी कोई लापरवाही नहीं थी. हालांकि, भवन विभाग के तीन अधिकारियों को फर्ज में चूक का दोषी पाया गया है.
भारी बारिश ने अरुणाचल प्रदेश के कई जिलों में फिर से तबाही मचा दी है. ताजा बाढ़ और भूस्खलन से कई सड़कें बंद हो गई हैं, पुल बह गए हैं और कई इलाकों में जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त है. बाढ़ में अब तक 7 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 29 लोग घायल हुए हैं. राज्य के 26 जिलों के 425 गांवों में बाढ़ से कुल 97,182 लोग प्रभावित हुए हैं.
मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव में बीजेपी उम्मीदवार आशुतोष तिवारी ने नामांकन दाखिल किया. इस मौके पर मुख्यमंत्री मोहन यादव, पूर्व मंत्री नरोत्तम मिश्रा और प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल मौजूद रहे. दतिया को सालों तक नरोत्तम मिश्रा का राजनीतिक गढ़ माना गया है. वे यहां से 2008, 2013 और 2018 में लगातार विधायक बने.
aajtak.in