'ऑपरेशन टाइगर' का खौफ! उद्धव ठाकरे ने आनन-फानन में मातोश्री में बुलाए सारे सांसद

महाराष्ट्र में 'ऑपरेशन टाइगर' की चर्चाओं के बीच उद्धव ठाकरे ने रविवार को मातोश्री में शिवसेना (UBT) के सभी सांसदों की बैठक बुलाई है. पार्टी इसे रूटीन मीटिंग बता रही है, लेकिन शिंदे गुट के नेताओं से संपर्क की खबरों के बीच इसे अहम माना जा रहा है. वहीं, शिंदे गुट ने किसी भी तरह की तोड़फोड़ की चर्चा से इनकार किया है.

Advertisement
'ऑपरेशन टाइगर' की चर्चाओं के बीच मातोश्री पर उद्धव ठाकरे ने बुलाई बड़ी बैठक. (File Photo) 'ऑपरेशन टाइगर' की चर्चाओं के बीच मातोश्री पर उद्धव ठाकरे ने बुलाई बड़ी बैठक. (File Photo)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 14 जून 2026,
  • अपडेटेड 11:10 AM IST

महाराष्ट्र की राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज है. 'ऑपरेशन टाइगर' की चर्चाओं के बीच शिवसेना (UBT) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने आनन-फानन में रविवार को पार्टी के सभी सांसदों की इमरजेंसी बैठक बुलाई है. यह बैठक मुंबई स्थित ठाकरे परिवार के घर मातोश्री में होगी. पार्टी का कहना है कि यह सामान्य समीक्षा बैठक है, लेकिन सियासी गलियारों में इसे लेकर कई तरह की चर्चाएं चल रही हैं.

Advertisement

सूत्रों के मुताबिक, राजनीतिक गलियारों में पिछले कुछ समय से 'ऑपरेशन टाइगर' का जिक्र हो रहा है. माना जा रहा है कि शिवसेना के कुछ नेताओं और सांसदों के शिंदे गुट के नेताओं के संपर्क में होने की खबरों ने इस चर्चा को हवा दी है. हालांकि जिन सांसदों के नाम सामने आए हैं, उन्होंने पार्टी छोड़ने या पाला बदलने की बात से साफ इनकार किया है.

क्यों अहम मानी जा रही है बैठक?

मातोश्री में होने वाली यह बैठक ऐसे समय में हो रही है, जब विपक्षी दलों के भीतर अंदरूनी खींचतान की खबरें सामने आ रही हैं. हाल के दिनों में पश्चिम बंगाल की तृणमूल कांग्रेस में कुछ सांसदों की नाराजगी की चर्चा रही. इससे पहले आम आदमी पार्टी में भी सांसदों के पाला बदलने की खबरों ने विपक्षी खेमे की चिंता बढ़ाई थी. ऐसे में उद्धव ठाकरे की यह बैठक संगठन की एकजुटता के लिहाज से अहम मानी जा रही है.

Advertisement

न्यूज एजेंसी PTI के मुताबिक, UBT के राज्यसभा सांसद और पार्टी प्रवक्ता संजय राउत ने बैठक की पुष्टि की है. उन्होंने कहा कि उद्धव ठाकरे समय-समय पर सांसदों, विधायकों, पार्षदों और दूसरे पदाधिकारियों के साथ बैठक करते रहते हैं. संसद का मानसून सत्र आने वाला है, इसलिए महाराष्ट्र से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की जाएगी.

शिंदे गुट ने दावों को बताया बकवास

वहीं, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाले गुट ने 'ऑपरेशन टाइगर' जैसी किसी भी चर्चा को पूरी तरह खारिज किया है. शिवसेना प्रवक्ता राजू वाघमारे ने कहा कि ऐसा कोई अभियान नहीं चल रहा है और न ही उनकी पार्टी को किसी को तोड़ने में दिलचस्पी है. उन्होंने कहा कि अभी चुनाव नहीं हैं और सरकार के पास पहले से पूरा बहुमत मौजूद है.

लोकसभा में इस समय UBT के 9 सांसद हैं, जबकि शिंदे गुट के पास 7 सांसद हैं. ऐसे में मातोश्री में होने वाली यह बैठक महाराष्ट्र की सियासत में नई चर्चाओं को जरूर हवा दे रही है.
 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »