केतन हत्याकांड: पुलिस का दावा- हत्या के पर्याप्त सबूत मिले... पॉलीग्राफ टेस्ट और मोबाइल फोन से खुलेगा राज?

18 जून को पुणे जिले के लोहागढ़ किले पर 25 वर्षीय रियल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल की कथित तौर पर चट्टान से धक्का देकर हत्या कर दी गई थी. इस मामले में मुख्य आरोपी सिया गोयल और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी को शुक्रवार को पुलिस हिरासत खत्म होने के बाद अदालत में पेश किया गया.

Advertisement
18 जून को लोहागढ़ किले पर हुई थी केतन की मौत. (File Photo: ITG) 18 जून को लोहागढ़ किले पर हुई थी केतन की मौत. (File Photo: ITG)

ओमकार / श्रीकृष्ण पांचाल

  • पुणे,
  • 03 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 10:10 PM IST

पुणे के चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड की जांच में पुलिस ने बड़ा दावा किया है. लोनावला के पुलिस अधीक्षक (एसपी) संदीप गिल ने कहा कि पुलिस के पास हत्या से जुड़े पर्याप्त साक्ष्य मौजूद हैं और मामले में कई अहम सबूत पहले ही जब्त किए जा चुके हैं. पुलिस अब आरोपियों के बीच इस्तेमाल किए गए कोड नेम, डिजिटल साक्ष्यों, पॉलीग्राफ टेस्ट और पैसों के लेनदेन की गहन जांच कर रही है.

Advertisement

दरअसल, इस मामले में मुख्य आरोपी सिया गोयल और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी को शुक्रवार को पुलिस हिरासत खत्म होने के बाद अदालत में पेश किया गया. अभियोजन पक्ष ने दोनों की तीन दिन की और पुलिस कस्टडी की मांग की थी. पुलिस का तर्क था कि आरोपियों के मोबाइल फोन से मिले चैट में संकेतों और कोड भाषा का इस्तेमाल किया गया है, जिसे समझने के लिए दोनों से और पूछताछ जरूरी है.

हालांकि, बचाव पक्ष ने दलील दी कि पुलिस को पहले ही पर्याप्त समय मिल चुका है और आगे पुलिस हिरासत की आवश्यकता नहीं है. दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने पुलिस की मांग खारिज कर दी और दोनों आरोपियों को 16 जुलाई तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया.

इस बीच आजतक से बात करते हुए एसपी संदीप गिल ने बताया कि जांच के दौरान कई लोगों से पूछताछ की जा चुकी है. सिया गोयल का दूसरा मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया गया है, जबकि कई फॉरेंसिक साक्ष्य एकत्र किए गए हैं, जिनकी जांच जारी है. मामले में इस्तेमाल हुए तकनीकी उपकरणों और डिजिटल डेटा का भी विस्तृत विश्लेषण किया जाएगा.

Advertisement

उनके अनुसार, जांच का अगला अहम चरण पॉलीग्राफ टेस्ट, आरोपियों द्वारा इस्तेमाल किए गए कोड नेम और निक नेम की पड़ताल और डिजिटल बातचीत को डिकोड करना होगा. इससे यह पता लगाने की कोशिश की जाएगी कि हत्या की कथित साजिश कैसे बनाई गई और उसकी योजना किस तरह अमल में लाई गई.

पुलिस ने सीन रीक्रिएशन भी कराया

जांच के दौरान पुलिस ने लुल्लानगर में घटनाक्रम का सीन रीक्रिएशन भी कराया है. अधिकारियों के मुताबिक, पूरे घटनाक्रम का पंचनामा तैयार किया गया है. पुलिस का दावा है कि आरोपियों ने कथित तौर पर केतन अग्रवाल की हत्या की योजना पर पहले से अभ्यास (प्रैक्टिस) भी की थी.

इसके अलावा पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि मृतक केतन अग्रवाल ने सिया गोयल को कितनी रकम दी थी और क्या इस पूरे मामले में आर्थिक लेनदेन की भी कोई भूमिका थी. एसपी ने कहा कि इस संबंध में उचित समय पर जानकारी सार्वजनिक की जाएगी.

18 जून को मर्डर को दिया गया अंजाम

गौरतलब है कि 18 जून को पुणे जिले के लोहागढ़ किले पर 25 वर्षीय रियल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल की कथित तौर पर चट्टान से धक्का देकर हत्या कर दी गई थी. पुलिस के अनुसार, इस वारदात को उसकी मंगेतर सिया गोयल और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी ने अंजाम दिया. केतन और सिया की शादी इसी साल नवंबर में होने वाली थी. मामले की जांच अभी जारी है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »