पुणे में ज्वेलरी शोरूम के मालिक को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर मिली धमकी, मांगे करोड़ों रुपये

सलमान खान के बाद अब पुणे के एक ज्वेलरी शोरूम के मालिक को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर धमकी मिली है. ईमेल के जरिए दी गई इस धमकी में कारोबारी से करोड़ों रुपये की मांग की गई है. ईमेल मिलने के बाद जौहरी ने पुलिस से इसकी शिकायत की है जिसके बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए इसकी जांच शुरू कर दी है.

Advertisement
लॉरेंस बिश्नोई (फाइल फोटो) लॉरेंस बिश्नोई (फाइल फोटो)

aajtak.in

  • पुणे,
  • 19 अक्टूबर 2024,
  • अपडेटेड 8:58 PM IST

महाराष्ट्र के पुणे में एक ज्वेलरी शोरूम के मालिक को अब 'लॉरेंस बिश्नोई' गिरोह के नाम से धमकी भरा ईमेल मिला है. इस ईमेल में करोड़ों रुपये की मांग की गई है. पुलिस ने शनिवार को इस बारे में जानकारी दी. इस ईमेल के बाद पुलिस हरकत में आ गई है और मामले की तकनीकी जांच शुरू कर दी गई है.

Advertisement

न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक पुलिस ने बताया कि, यह ईमेल दो दिन पहले भेजा गया था, जिसमें जौहरी से करोड़ों रुपये की फिरौती मांगी गई थी. एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, 'पुणे के एक प्रसिद्ध ज्वेलरी शोरूम के मालिक को ईमेल के जरिए धमकी देकर पैसे मांगे गए हैं. यह ईमेल गुमनाम रूप से भेजा गया है, जिसमें धमकी देने वाले ने खुद को 'लॉरेंस बिश्नोई' गिरोह का सदस्य बताया है.'

ईमेल के जरिए धमकी देकर मांगे करोड़ों रुपये

पुलिस फिलहाल इस ईमेल की सत्यता की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या इसे वास्तव में लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के किसी सदस्य ने भेजा है या फिर यह किसी धोखेबाज का काम है. अधिकारी ने कहा, 'हम तकनीकी रूप से जांच कर रहे हैं कि ईमेल किसने भेजा है, साथ ही यह भी देखा जा रहा है कि कहीं यह किसी फ्रॉड का मामला तो नहीं है.

Advertisement

सलमान खान को दी थी धमकी

गौरतलब है कि लॉरेंस बिश्नोई गिरोह का नाम पहले भी कई आपराधिक घटनाओं में सामने आ चुका है. इस गिरोह ने इससे पहले अभिनेता सलमान खान को जान से मारने की धमकी दी थी. इसके अलावा, एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या के मामले में गिरफ्तार कुछ लोगों के इस गिरोह से जुड़े होने की बात सामने आई थी.

पुलिस इस मामले को गंभीरता से ले रही है और फिलहाल सभी तकनीकी पहलुओं की जांच की जा रही है. पुलिस का कहना है कि इस मामले में सख्त कदम उठाए जाएंगे ताकि आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके.


 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »