महाराष्ट्र के पुणे शहर में एक विदेशी महिला डॉक्टर कE कथित तौर पर लगातार पीछा किए जाने और परेशान किए जाने करने और घर में घुस आने का मामला सामने आया है. विमान नगर इलाके में रहने वाली रूस की एक 43 वर्षीय डर्मेटोलॉजिस्ट ने अपने पड़ोसी पर लगभग एक साल तक उसे परेशान करने का आरोप लगाया है. महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
एक साल से पीछा कर रहा आरोपी
पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान 32 साल के विकास कुमार के रूप में हुई है, जो पेशे से इंजीनियर बताया जा रहा है. वह उसी हाउसिंग सोसायटी में रहता है, जहां रूसी मूल की महिला डॉक्टर रहती है. महिला का आरोप है कि पिछले करीब एक साल से आरोपी लगातार उसका पीछा कर रहा था और उसके निजी जीवन में दखल देने की कोशिश कर रहा है.
समझाने के बाद भी नहीं माना
महिला ने अपनी शिकायत में बताया कि शुरुआत में आरोपी सामान्य बातचीत के बहाने उसके करीब आने की कोशिश करता था. हालांकि, उसने कई बार इस व्यवहार से असहज होने की बात भी युवक के आगे जताई, लेकिन इसके बावजूद आरोपी ने अपनी हरकतें बंद नहीं कीं. महिला का कहना है कि वह सोसायटी कैंपस में जब भी टहलने निकलती थी, आरोपी उसके पीछे-पीछे चलने लगता था और उससे बात करने की कोशिश करता था.
'एक गोरी पड़ोसी होने पर मुझे प्राउड है'
पीड़िता के मुताबिक आरोपी कई बार उसके रूप-रंग को लेकर भी टिप्पणी करता था, जिससे वह अनकंफर्टेबल हो जाती थी. उसने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी ने एक दिन उससे कहा- 'एक गोरी पड़ोसी होने पर मुझे प्राउड है'. महिला का कहना है कि इस तरह के कमेंट्स से वह मेंटली टॉर्चर हुई है.
आरोपी को भेजा था वॉर्निंग मैसेज
महिला ने यह भी आरोप लगाया कि एक बार आरोपी एकाएक उसके अपार्टमेंट की लॉबी तक पहुंच गया, जिससे वह काफी डर गई थी. लगातार बढ़ती इस परेशानी के बाद महिला ने आरोपी को एक वॉर्निंग मैसेज भी भेजा था, लेकिन उसके व्यवहार में कोई बदलाव नहीं आया. आखिरकार महिला ने इस महीने की शुरुआत में पुलिस से संपर्क किया और पूरी घटना की जानकारी दी. इसके बाद पुणे एयरपोर्ट पुलिस ने शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है.
पुलिस अधिकारी डीसीपी सोमय मुंडे ने बताया कि महिला का बयान दर्ज कर लिया गया है और आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दोनों पक्षों से जानकारी जुटाई जा रही है.
ओमकार