महाराष्ट्र में पुणे के राहटनी में 50 लाख रुपये की फिरौती के लिए एक व्यापारी के अपहरण का सनसनीखेज मामला सामने आया है. हालांकि पिंपरी- चिंचवड पुलिस की गुंडा विरोधी पथक और खंडणी विरोधी पथक ने कार्रवाई करते हुए अपहृत व्यक्ति को सकुशल छुड़ा लिया है. इस मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. आरोपियों के पास से दो पिस्तौल, छह जिंदा कारतूस, पांच मोबाइल फोन, सात लाख रुपये की घड़ी तथा अपहरण में इस्तेमाल की गई स्विफ्ट कार सहित कुल लगभग 18 लाख रुपये का सामान पुलिस ने जब्त किया है.
फिल्मी अंदाज में अपहरण
इस मामले में शिकायतकर्ता का भाई एक व्यापारी है. उसका पांच अज्ञात आरोपियों ने काले रंग की स्विफ्ट कार में जबरन फिल्मी अंदाज में अपहरण कर लिया था. यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी. अपहरण के बाद आरोपियों ने शिकायतकर्ता को फोन कर 50 लाख रुपये की फिरौती मांगी. साथ ही रकम नहीं देने पर अपहृत व्यापारी को जान से मारने की धमकी भी दी गई थी.
सीसीटीवी फुटेज में दिखी किडनैपिंग
इस घटना के बाद शिकायतकर्ता ने कालेवाडी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई. इसके आधार पर अपहरण का मामला दर्ज किया गया. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत जांच शुरू कर दी है. जांच के दौरान आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई और मोबाइल के तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपियों का पता लगाने की कोशिश की गई.
फोन कर मांगी फिरौती
सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी विश्लेषण से पता चला कि आरोपी अपहृत व्यक्ति को काले रंग की स्विफ्ट कार में मध्य प्रदेश की ओर ले जा रहे थे. इसी दौरान आरोपी फिरौती के लिए अपहृत व्यक्ति के भाई को बार-बार फोन कर पैसों की मांग कर रहे थे.
पुलिस ने जाल बिछाकर पकड़ा
जांच को तेजी देते हुए पिंपरी- चिंचवड पुलिस की खंडणी विरोधी पथक और गुंडा विरोधी पथक ने संगमनेर पुलिस की मदद से संगमनेर टोल नाके पर जाल बिछाया. पुलिस ने आरोपियों का पीछा करते हुए उन्हें फिल्मी अंदाज में पकड़ लिया और अपहरण की इस पूरी साजिश का पर्दाफाश कर दिया.
इस कार्रवाई में चंद्रशेखर दीपचंद गौड़, दिलीप मोहनलाल सरोज, रिंकू अलगुराम सरोज, अनिल गिरधारीलाल सरोज, मुकेश कुमार राममूरत चमार और संतन सुरेश चव्हाण को गिरफ्तार किया गया है. इस बीच आरोपियों ने अपहृत व्यक्ति को संगमनेर के चंदनापुरी घाट इलाके में छोड़ दिया था. इसके बाद गुंडा विरोधी पथक ने उसे अपने कब्जे में लेकर सुरक्षित मुक्त कराया.
व्यापारी के यहां काम करता है आरोपी का मामा
जांच में सामने आया है कि इस अपहरण की साजिश का मुख्य आरोपी संतन सुरेश चव्हाण है. बताया जा रहा है कि संतन चव्हाण का मामा अपहृत व्यापारी के यहां काम करता था. हालांकि फिलहाल पुलिस जांच में उसके मामा की इस मामले में कोई भूमिका सामने नहीं आई है. पुलिस इस मामले की आगे जांच कर रही है.
श्रीकृष्ण पांचाल