महाराष्ट्र में मिलावटखोरी और गंदगी पर एफडीए का बड़ा प्रहार: एमसीए के 5 आउटलेट्स समेत मुंबई के 9 प्रतिष्ठानों के लाइसेंस सस्पेंड
खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता मानकों की अनदेखी करने वालों पर महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने कड़ा रुख अपनाया है. राज्यव्यापी विशेष अभियान के तहत एफडीए ने मुंबई के प्रतिष्ठित क्लबों, कैफे और खानपान केंद्रों समेत 9 प्रतिष्ठानों के लाइसेंस व रजिस्ट्रेशन सस्पेंड कर दिए हैं.
कार्रवाई के दायरे में मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (MCA) से जुड़े पांच प्रमुख आउटलेट्स भी आए हैं. इसके अलावा स्कूलों के आसपास चलने वाले फूड सेंटर्स और प्रदेश में दूध व डेयरी उत्पादों पर भी बड़े लेवल पर एक्शन लिया गया है.
एमसीए और प्रमुख कैफे में मिलीं गंभीर कमियां
एफडीए की जांच में रसोई में फिसलन, गंदा फर्श, फ्रिज में जरूरत से ज्यादा बर्फ जमना, भोजन के भंडारण में लापरवाही और कर्मचारियों की स्वच्छता में भारी कमियां पाई गईं:
एमसीए (MCA) आउटलेट्स- परमिट रूम, पवेलियन, मेडिटेरेनियन, ओरिएंटल स्विंग और क्लबवे एंड पेस्ट्री काउंटर पर सफाई और सही टेम्प्रेचर रेग्युलेशन न होने के कारण कार्रवाई हुई. क्लबवे काउंटर बिना वैलिड लाइसेंस के ही चल रहा था.
कुर्ला का मिड-डे मील सेंटर- 'संकल्प महिला औद्योगिक उत्पादक सहकारी सोसाइटी' को निरीक्षण में केवल 48% अंक मिले. इसे 'नॉन-कंप्लायंस' घोषित करते हुए पेस्ट कंट्रोल और सफाई की कमी के चलते नोटिस दिया गया.
माहिम व शिवाजी पार्क- माहिम के 'लेनेक्सिस फूडवर्क्स' में एग्जॉस्ट में जमा ग्रीस और जलजमाव मिला, जबकि शिवाजी पार्क स्थित 'कैफे कैडेल' में शाकाहारी-मांसाहारी भोजन को अलग न रखने और वेंटिलेशन की कमी पाई गई.
'सेफ फूड' अभियान, स्कूलों के पास 15 सेंटर्स पर गिरी गाज-
बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए 28 जुलाई से 21 अगस्त के बीच राज्यभर के 250 स्कूलों व उनके आसपास के खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की गई
11 प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित.
4 के लाइसेंस पूरी तरह रद्द.
2 दुकानों को कारोबार बंद करने का आदेश.
इसी दौरान 98 अवेयरनेस वर्कशॉप आयोजित की गईं
मोहम्मद एजाज खान