बीते शुक्रवार को महाराष्ट्र के पुणे में प्रसिद्ध पर्यटन स्थल लोहगढ़ किले पर एक दर्दनाक हादसे में 26 साल के बिजनेसमैन केतन विशाल अग्रवाल की मौत खबर आई थी. इस घटना के बाद उनके परिवार में हाहाकार मच गया . शुरुआत में कहा गया कि फोटो खिंचाते हुए पहाड़ी से पांव फिसलने के चलते केतन की मौत हुई है लेकिन बीते चार दिनों में जैसे- जैसे मामले की परतें खुलीं तो सामने आया कि ये सारी साजिश केतन की होने वाली पत्नी सिया गोयल ने रची थी.
ट्रेक करते केतन की आखिरी तस्वीर
शादी की तैयारियों के बीच अपना बर्थडे मनाने के लिए ट्रैकिंग के बहाने पहाड़ पर ले जाकर सिया ने केतन को 350 फीट गहरी खाई में ढकेल दिया. केतन को अंदाजा भी नहीं रहा होगा कि अपने जिस मंगेतर सिया के जन्मदिन के लिए उसने ट्रैकिंग का प्लान बनाया वह तो उसकी मौत का प्लान बना रही है.
चेतन से था सिया का अफेयर
पुलिस के अनुसार, केतन की मंगेतर सिया गोयल का कथित तौर पर चेतन चौधरी नामक युवक के साथ प्रेम संबंध था. जांच में सामने आया है कि सिया अपनी तयशुदा शादी से खुश नहीं थी और केतन को अपने रिश्ते के बीच सबसे बड़ी बाधा मानती थी. आरोप है कि इसी वजह से दोनों ने मिलकर केतन को रास्ते से हटाने की योजना बनाई.
जांच में यह भी दावा किया गया है कि हत्या की साजिश एक दिन में नहीं बनी थी. पुलिस के मुताबिक 14 जून को भी लोहगढ़ किले पर केतन को खाई में धकेलने की कोशिश की गई थी. कथित तौर पर सांप का डर दिखाकर उसे असंतुलित करने का प्रयास किया गया, लेकिन वह कोशिश नाकाम रही. इसके बाद 19 जून को दोबारा ट्रैकिंग का कार्यक्रम बनाया गया. आरोप है कि इसी दौरान चेतन चौधरी भी मौके पर पहुंचा और दोनों ने मिलकर केतन को करीब 350 फीट गहरी खाई में धक्का दे दिया.
सिया ने कैंसिल किया था बाली का प्लान
केतन के परिवार का कहना है कि वह सिया से बेहद प्यार करता था और शादी को लेकर बहुत एक्साइटेड था. परिवार के अनुसार, शादी से पहले दोनों की बाली यात्रा की योजना बनाई गई थी, लेकिन सिया ने पासपोर्ट खोने की बात कहकर प्लान कैंसिल करा दिया. बाद में जांच में यह जानकारी सामने आई कि उसने कथित तौर पर खुद ही अपना पासपोर्ट फाड़ दिया था.
परिजनों ने यह भी बताया कि सिया के जन्मदिन को यादगार बनाने के लिए केतन ने महाबलेश्वर के एक लग्जरी रिसॉर्ट में बड़ी पार्टी की तैयारी की थी. करीब 40 कमरे बुक किए गए थे और शादी से पहले के कई कार्यक्रमों की योजना बनाई जा रही थी.
जयपुर के पैलेस में होनी थी शादी
इधर, लोहगढ़ किले पर प्री-वेडिंग फोटोशूट का विचार भी सिया की ओर से ही रखा गया था. अब जब पुलिस जांच हत्या की साजिश की ओर इशारा कर रही है, तो परिवार गहरे सदमे में है. जिस रिश्ते को केतन अपनी नई जिंदगी की शुरुआत मान रहा था, वही रिश्ता उसकी मौत की वजह बन गया. मामले की जांच जारी है और पुलिस सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है.
बता दें अगले महीने जयपुर में सिया और केतन की शादी होनी थी. परिवार द्वारा इस समारोह की तैयारियां बड़े पैमाने पर की जा रही थीं. जानकारी के मुताबिक, शादी के लिए जयपुर में एक शानदार पैलेस बुक किया गया था. मेहमानों के आवागमन के लिए दो खास प्लेन की भी व्यवस्था की गई थी. लेकिन शादी की तैयारियों और खुशियों के बीच हुए केतन की हत्या ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है. उनकी मौत से परिवार, रिश्तेदारों और मित्रों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. जिस घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं, वहां अब मातम का माहौल है.
ओमकार