भीड़ के बीच अचानक खून खराबा, CCTV में कैद हुआ सरेराह हत्या का डरावना वीडियो

छत्रपति संभाजीनगर के पैठणगेट इलाके में सोमवार रात मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया. मोबाइल दुकानदार परवेज शेख ने गुस्से में 33 वर्षीय इमरान कुरैशी की चाकू मारकर हत्या कर दी. घटना भीड़भाड़ वाले बाजार में हुई, जिसे कई लोगों ने अपनी आंखों से देखा. पुलिस ने परवेज और उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया है.

Advertisement
CCTV में कैद हुआ सरेराह हत्या का डरावना वीडियो  (Photo: AI Image) CCTV में कैद हुआ सरेराह हत्या का डरावना वीडियो (Photo: AI Image)

aajtak.in

  • छत्रपति संभाजीनगर,
  • 11 नवंबर 2025,
  • अपडेटेड 1:04 PM IST

महाराष्ट्र में छत्रपति संभाजीनगर के व्यस्त पैठणगेट इलाके में सोमवार रात एक दिल दहला देने वाली वारदात हुई. यहां मामूली विवाद ने इतना विकराल रूप ले लिया कि एक युवक की जान चली गई. पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान 33 साल के इमरान अकबर कुरैशी के रूप में हुई है. घटना सोमवार रात करीब साढ़े नौ बजे की बताई जा रही है. इमरान रोज की तरह अंडा भुर्जी की गाड़ी पर खाना खाने आया था. उसने अपनी मोटरसाइकिल एक मोबाइल दुकान- एम.आर. मोबाइल्स के सामने खड़ी की थी. दुकान के मालिक परवेज शेख ने बाइक हटाने को कहा, जिस पर दोनों के बीच कहासुनी हो गई. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि परवेज ने गुस्से में दुकान से चाकू उठाया और सीधे इमरान की गर्दन पर वार कर दिया.

Advertisement

इमरान जमीन पर गिर पड़ा और कुछ ही पलों में उसकी मौत हो गई. यह पूरी वारदात भीड़भाड़ वाले इलाके में हुई, जहां कई ग्राहक मोबाइल खरीदने आए हुए थे. मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार,'हमने पहले तो झगड़ा समझा, लेकिन अचानक परवेज ने चाकू निकाला और वार कर दिया. सबकुछ कुछ ही सेकंड में हो गया.'

सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि उस समय दुकान के सामने महिलाएं खरीदारी कर रही थीं, जो अचानक खूनखराबा देखकर भयभीत होकर पीछे हट गईं. कुछ लोगों ने इमरान को बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी.

घटना की जानकारी मिलते ही क्रांति चौक पुलिस थाने की टीम मौके पर पहुंची और इलाके को घेर लिया. मुख्य आरोपी परवेज शेख और उसके एक साथी को रात में ही गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच शुरू कर दी है.

Advertisement

इस घटना के बाद पैठणगेट इलाके में तनाव और डर का माहौल है. स्थानीय लोगों ने मांग की है कि ऐसे अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में कोई ऐसी वारदात न दोहराई जाए. पुलिस ने नागरिकों से शांति बनाए रखने और किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की है. वहीं, इमरान की मौत से उसका परिवार और पूरा इलाका सदमे में है -जहां कल तक रौनक थी, अब सन्नाटा छा गया है.

 Input: Israruddin Chishty

 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement