'बाहुबली चोर' का कारनामा! कंधे पर लादा 40 किलो का वॉटर कूलर और बीच बाजार से हो गया रफूचक्कर, VIDEO

अमरावती शहर के सबसे व्यस्ततम चौराहे पर एक बेखौफ चोर ने 'बाहुबली' अंदाज में दिनदहाड़े एक जिम के बाहर लगा 40 किलो का वॉटर कूलर उखाड़ा, उसे अपने कंधे पर लादा और मजे से टहलता हुआ फरार हो गया. भीड़भाड़ के बीच हुई यह पूरी घटना वहां लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है.

Advertisement
Amravati Thief Carries Away 40 Kg Water Amravati Thief Carries Away 40 Kg Water

धनंजय बलिराम साबले

  • अमरावती,
  • 12 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 8:31 PM IST

महाराष्ट्र के अमरावती से चोरी की एक ऐसी तस्वीर सामने आई है, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया है. यहां एक शातिर चोर ने न तो किसी का डर दिखाया और न ही लोगों की मौजूदगी की परवाह की. शहर के सबसे व्यस्त इलाके में दिनदहाड़े एक जिम के बाहर लगा करीब 35 से 40 किलो वजनी वॉटर कूलर अपने कंधे पर उठाया और आराम से चलता बना. हैरानी की बात यह है कि पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, लेकिन किसी ने उसे रोकने की कोशिश तक नहीं की.
 
यह घटना अमरावती शहर के राजकमल चौक के पास स्थित एक जिम के बाहर के पोर्च की है. जिम संचालक सुशांत रोडे ने लोगों की सुविधा के लिए पोर्च में ठंडे पानी का वॉटर कूलर लगाया था. दोपहर के समय एक युवक वहां पहुंचा, पहले उसने आसपास का जायजा लिया और फिर बिना किसी हड़बड़ी के वॉटर कूलर को पाइपलाइन से अलग किया. इसके बाद करीब 35 से 40 किलो वजनी कूलर को अपने कंधे पर रखा और सड़क पर पैदल चलते हुए वहां से निकल गया.
 
दोपहर बाद जब जिम संचालक सुशांत रोडे जिम पहुंचे तो वॉटर कूलर गायब था. पाइपलाइन टूटी हुई थी. शक होने पर उन्होंने सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें पूरी चोरी साफ दिखाई दी. फुटेज में चोर बेहद बेखौफ अंदाज में कंधे पर वॉटर कूलर रखकर निकलता नजर आता है. देखें VIDEO:- 

Advertisement


 
चोरी के बाद जिम संचालक ने आसपास के अन्य सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की. फुटेज में आरोपी राजकमल चौक, जो अमरावती का सबसे व्यस्त इलाका माना जाता है, वहां से भी वॉटर कूलर कंधे पर उठाकर जाता दिखाई दिया.

सड़क पर लोगों की आवाजाही जारी रही, लेकिन किसी ने उसे रोकने या पूछताछ करने की कोशिश नहीं की. यही बात अब कई सवाल भी खड़े कर रही है कि आखिर भीड़भाड़ वाले इलाके में इतनी बड़ी चोरी कैसे हो गई और किसी ने कोई प्रतिक्रिया क्यों नहीं दी?
 
घटना के बाद जिम संचालक सुशांत रोडे ने कोतवाली पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने और उसे गिरफ्तार करने का प्रयास कर रही है.

दिनदहाड़े, शहर के सबसे व्यस्त इलाके से 35 से 40 किलो का वॉटर कूलर कंधे पर उठाकर ले जाना न सिर्फ चोर के बेखौफ होने की कहानी बयां करता है, बल्कि यह भी सवाल खड़ा करता है कि भीड़भाड़ वाले इलाकों में लोगों की सतर्कता और सुरक्षा व्यवस्था कितनी प्रभावी है. फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश में जुटी है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »