महाराष्ट्र के कल्याण रेलवे स्टेशन के बाहर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, फ्लाईओवर के नीचे सो रही एक मां की गोद से महज छह महीने के मासूम आर्यन का अज्ञात व्यक्ति अपहरण कर फरार हो गया. आरोपी महिला का मोबाइल फोन भी अपने साथ ले गया. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है. महात्मा फुले पुलिस ने अपहरण और चोरी का मामला दर्ज कर चार विशेष टीमें गठित की हैं. पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ-साथ रेलवे स्टेशन और आसपास के इलाकों में सघन तलाशी अभियान चला रही है.
पुलिस के मुताबिक, पति से झगड़ा होने के बाद पीड़िता रोशनी सूरज साहू (21) अपने छह महीने के बेटे आर्यन के साथ गुजरात के वापी से अपनी एक सहेली के पास आने के लिए कल्याण निकली थी, देर रात होने के कारण वह कल्याण रेलवे स्टेशन के बाहर फ्लाईओवर के नीचे अपने बच्चे के साथ सो गईं. तड़के जब रोशनी की नींद खुली तो उनकी गोद से छह महीने का मासूम आर्यन गायब था.
इतना ही नहीं, उनका मोबाइल फोन भी चोरी हो चुका था. बेटे के लापता होने के बाद मां बदहवास हो गई और तुरंत महात्मा फुले पुलिस स्टेशन पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई.
शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस ने बच्चे की तलाश के लिए चार विशेष टीमें बनाई हैं.
रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं. साथ ही ऑटो रिक्शा चालकों, फेरीवालों और स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है.
प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि मां के सो जाने के दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने मासूम का अपहरण कर लिया, हालांकि पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है.
मिथिलेश गुप्ता