झारखंड के पाकुड़ जिले में सोमवार शाम एक हृदयविदारक घटना ने पूरे शहर को स्तब्ध कर दिया. नगर थाना क्षेत्र के कालीतला मोहल्ले के रहने वाले एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी दूसरी पत्नी और एक मासूम बच्चे के साथ वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन के सामने आकर जान दे दी.
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, तीनों उसी दिन नगरनवी इलाके में अपने परिजनों से मिलने गए थे. शाम के समय जब वंदे भारत एक्सप्रेस उस रूट से गुजर रही थी, तभी वे ट्रेन की चपेट में आ गए. प्रत्यक्षदर्शियों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी. मौके पर आरपीएफ और जीआरपी की टीम पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की.
स्थानीय लोगों के मुताबिक, मृतक पहले से विवाहित था और उसके बच्चे भी थे. बाद में उसने अपनी पत्नी की बहन से विवाह कर लिया था. बताया जाता है कि इस संबंध को लेकर परिवार में लंबे समय से तनाव चल रहा था. मोहल्ले के कुछ लोगों का कहना है कि दूसरी पत्नी की पहले किसी और जगह शादी हुई थी, लेकिन वह ससुराल नहीं जाती थी और बाद में उसने अपने जीजा से विवाह कर लिया. इसी कारण आए दिन विवाद की स्थिति बनी रहती थी.
हालांकि आत्महत्या के पीछे वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है. पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है. पारिवारिक विवाद, मानसिक तनाव या अन्य किसी कारण की संभावना को भी खंगाला जा रहा है.
घटना के बाद पुलिस ने तीनों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. परिजनों को सूचित कर दिया गया है और उनके बयान दर्ज किए जा रहे हैं. रेलवे पुलिस ने भी मामले में अपनी जांच शुरू कर दी है.
कुंदन कुमार