जम्मू में निर्माणाधीन पुल का पिलर गिरा, 6 मजदूर दबे, 3 निकाले गए, 1 की मौत

जम्मू के बंतलाब में निर्माणाधीन पुल का पिलर गिरने के बाद राहत कार्य जारी है. अब तक 3 मजदूरों को सुरक्षित निकाला गया है, जबकि 1 मजदूर की मौत हो गई है. दो मजदूर अभी भी मलबे में फंसे हैं. सेना, पुलिस, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें मिलकर लगातार बचाव अभियान चला रही हैं.

Advertisement
जम्मू में निर्माणाधीन पुल का पिलर गिरा (Photo: Screengrab) जम्मू में निर्माणाधीन पुल का पिलर गिरा (Photo: Screengrab)

सुनील जी भट्ट

  • जम्मू ,
  • 01 मई 2026,
  • अपडेटेड 8:47 PM IST


जम्मू जिले के बंतलाब क्षेत्र में निर्माणाधीन पुल का पिलर गिरने के मामले में बड़ा अपडेट सामने आया है. इस हादसे में अब तक 3 मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, जबकि 1 मजदूर का शव बरामद हुआ है. वहीं 2 मजदूर अभी भी मलबे में फंसे हुए हैं, जिन्हें निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है. यह घटना 1 मई 2026 को करीब शाम 4 बजे ठाठर बंतलाब इलाके में हुई, यहां निर्माणाधीन पुल का एक हिस्सा अचानक ढह गया. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कई मजदूर मलबे के नीचे दब गए.

Advertisement

प्रारंभिक जानकारी में 4 से 6 मजदूरों के फंसे होने की आशंका जताई गई थी. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और अन्य एजेंसियां मौके पर पहुंच गईं और तुरंत राहत कार्य शुरू किया गया. घटना स्थल पर बड़े स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है.

पिलर गिरने से मलबे में दबे मजदूर, रेस्क्यू जारी

सेना, जम्मू कश्मीर पुलिस, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें मिलकर मलबे में दबे मजदूरों को बाहर निकालने में जुटी हैं. बचाव कार्य के लिए भारी मशीनों, खासकर जेसीबी का इस्तेमाल किया जा रहा है, ताकि मलबा हटाकर अंदर फंसे लोगों तक पहुंचा जा सके.

जेसीबी से मलबा हटाकर चल रहा सर्च ऑपरेशन

अधिकारियों के अनुसार, रेस्क्यू टीम पूरी सावधानी के साथ काम कर रही है ताकि और किसी तरह का नुकसान न हो. अभी भी मलबे में फंसे दो मजदूरों को सुरक्षित निकालने के प्रयास जारी हैं. घटना के बाद इलाके में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है. पुलिस और प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं. अधिकारियों का कहना है कि सभी फंसे मजदूरों को जल्द से जल्द बाहर निकालने के लिए हर संभव कोशिश की जा रही है. फिलहाल रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है और आगे की जानकारी का इंतजार किया जा रहा है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement