दादा ने 23 साल के पोते पर चलाई गोली, नशे में बहस हुई तो कर दिया शूट

हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां नशे में धुत एक बुजुर्ग ने घरेलू विवाद के दौरान अपने ही पोते पर गोली चला दी. गंभीर रूप से घायल युवक को पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया है. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है,    

Advertisement
दादा ने 23 साल के पोते पर चलाई गोली (Photo: itg) दादा ने 23 साल के पोते पर चलाई गोली (Photo: itg)

सनी धर्मवीर

  • मंडी,
  • 23 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 1:22 PM IST

हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. बल्ह थाना क्षेत्र की लौहारा पंचायत में एक 73 साल के बुजुर्ग ने अपने ही 23 साल के पोते पर गोली चला दी. इस घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे पहले स्थानीय स्तर पर उपचार दिया गया, लेकिन हालत नाजुक होने के चलते उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर करना पड़ा.

Advertisement

पुलिस के अनुसार, आरोपी बहादुर सिंह पूर्व सैनिक है और उसके पास लाइसेंसी बंदूक थी. शुरुआती जांच में सामने आया है कि घटना के समय वह शराब के नशे में था. बताया जा रहा है कि वह अक्सर नशे की हालत में अपने परिवार के साथ गाली-गलौच करता था, जिससे घर में तनाव का माहौल बना रहता था.

जानकारी के मुताबिक, बहादुर सिंह के दो बेटे हैं. वह एक बेटे के साथ रहता है, जबकि दूसरे बेटे और उसके परिवार के साथ उसके संबंध ठीक नहीं थे.वह आए दिन शराब पीकर उन्हें अपशब्द कहता था. बीती रात भी इसी तरह का विवाद हुआ, जब उसने अपने पोते उमेश चौधरी और उसके परिवार को गालियां देनी शुरू कर दीं.

परिवार में विवाद बढ़ने पर उमेश ने बीच-बचाव करने की कोशिश की. इसी दौरान गुस्से और नशे की हालत में बहादुर सिंह ने अपनी बंदूक निकाल ली. कहा जा रहा है कि वह डराने के इरादे से हथियार लाया था, लेकिन अचानक गोली चल गई और उमेश को जा लगी. गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया.

Advertisement

घटना में आरोपी बहादुर सिंह भी घायल हुआ है, जिसका इलाज एम्स बिलासपुर में चल रहा है. सूचना मिलते ही बल्ह थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. मंडी के एसपी विनोद कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है. फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की गहनता से जांच कर रही है. 

 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement