हरियाणा के गुरुग्राम से सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ जिसमें एक महिला ये दावा करती है कि वह गाय का मांस पका रही है और बंगाल के CM शुभेंदु अधिकारी को खाने के लिए आमंत्रित कर रही है. वायरल वीडियो को लेकर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए महिला को गिरफ्तार कर लिया. वीडियो में एक महिला रसोई में खाना बनाती हुई दिखाई दे रही है. वह बंगाली भाषा में पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी का नाम ले रही है. महिला कथित तौर पर ईद-उल-अजहा, गोश्त और पश्चिम बंगाल की राजनीति से जुड़े मुद्दों पर अपनी नाराजगी व्यक्त कर रही है.
'आपको भात खाने का मन हो तो वह भी बता देना'
वीडियो में महिला कह रही है कि उसने कड़ाही में गोश्त (BEEF) पकाया है. महिला ने सीएम शुभेंदु को संबोधित करते हुए कहा कि आपने इस बार तो मुझे कुर्बानी (ईद-उल-अजहा) नहीं देने दी, लेकिन आपने खुद दूसरों के घर जाकर दो-दो कटोरी गोश्त खाकर आए. महिला ने आगे कहा, 'आपको गोश्त खाना बहुत पसंद है, इसलिए मैंने आपके लिए यह गोश्त और साथ में रोटी बनाई है. अगर आपको भात (चावल) खाना हो, तो वह भी बता देना.'
मामला सेक्टर-29 थाना क्षेत्र के चकरपुर इलाके से जुड़ा बताया जा रहा है. पुलिस के अनुसार, वायरल वीडियो के संबंध में शिकायत मिलने के बाद जांच की गई और संबंधित महिला को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की गई. महिला का नाम जोसना बीवी है.
'ऊपर वाला सब देख रहा है'
वीडियो के आखिरी हिस्से में महिला गुस्से में CM से कहती है कि ज्यादा लालच अच्छा नहीं होता और लालच का परिणाम बुरा होता है. उसने आरोप लगाया कि शुभेंदु मुसलमानों पर अत्याचार कर रहे हैं और उसे इसके लिए ऊपर वाले (अल्लाह) के यहां जवाब देना होगा. महिला ने कहा, 'आप जो हिंदुओं को भड़का रहे हो, याद रखना ऊपर अल्लाह बैठा है और वह आपको इसका सबक सिखाएगा.'
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोग इस पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं. सोशल मीडिया पर वायरल हो रही इस महिला का नाम जोसना बीवी पत्नि फजूर रहमान है, जो कि गुरुग्राम के चकरपुर इलाके के चंद्रलोक इलाके के किराए के मकान में रहती है.
नीरज वशिष्ठ