हरियाणा में औंधे मुंह गिरा कांग्रेस का अविश्वास प्रस्ताव, खट्टर सरकार पर बना संकट टला

गठबंधन सरकार को क्रॉस वोटिंग का भी डर सता रहा था, लेकिन जब प्रस्ताव के लिए हुई वोटिंग के परिणाम आए तो मनोहर लाल खट्टर सरकार के लिए राहत भरे थे और एक भी वोट क्रॉस वोटिंग के जरिए प्रस्ताव के समर्थन में नहीं किया गया.

Advertisement
मनोहर लाल खट्टर सरकार ने हासिल किया बहुमत (फाइल-पीटीआई) मनोहर लाल खट्टर सरकार ने हासिल किया बहुमत (फाइल-पीटीआई)

aajtak.in

  • चंडीगढ़,
  • 10 मार्च 2021,
  • अपडेटेड 7:26 PM IST
  • मनोहर लाल खट्टर सरकार के पक्ष में 55 वोट पड़े
  • किसानों को उकसाना विपक्ष का काम नहींः खट्टर
  • हरियाणा में एक बार फिर अविश्वास प्रस्ताव गिरा

हरियाणा में मनोहर लाल खट्टर सरकार पर बना संकट खत्म हो गया है. खट्टर सरकार ने आज बुधवार को विधानसभा में कांग्रेस की ओर से लाया गया अविश्वास प्रस्ताव औंधे मुंह गिर गया. कांग्रेस के प्रस्ताव के पक्ष में महज 32 वोट पड़े जबकि विरोध में 55 वोट पड़े. खट्टर सरकार के बचने के साथ ही राज्य में अविश्वास प्रस्ताव गिरने का रिकॉर्ड बरकरार रहा.

Advertisement

राज्य में बीजेपी और जेजेपी की साझा सरकार ने विधानसभा में बहुमत हासिल कर लिया है. सरकार के पास 55 विधायकों का समर्थन था और सभी विधायकों ने सरकार के पक्ष में वोट दिया. अविश्वास प्रस्ताव को गिराने के मकसद से बीजेपी और जेजेपी दोनों ही पार्टियों ने अपने-अपने विधायकों के लिए व्हिप जारी कर रखा था.

खट्टर सरकार के लिए यह जीत इस मायने में बेहद अहम है क्योंकि किसान संगठनों की ओर से सरकार को समर्थन दे रहे जेजेपी और निर्दलीय विधायकों पर लगातार दबाव बनाया जा रहा था कि वो इस अविश्वास प्रस्ताव का समर्थन करें और सरकार से अलग हो जाएं.

इससे गठबंधन सरकार को क्रॉस वोटिंग का भी डर सता रहा था, लेकिन अब जब प्रस्ताव के लिए हुई वोटिंग के परिणाम आए तो सरकार के लिए राहत भरे थे और एक भी वोट क्रॉस वोटिंग के जरिए प्रस्ताव के समर्थन में नहीं किया गया.

Advertisement

किसान आंदोलन खत्म होः CM खट्टर
प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान सीएम मनोहर लाल खट्टर ने किसानों से आंदोलन खत्म करने की अपील करते हुए कहा कि सुप्रीम कोर्ट द्वारा नए कृषि कानूनों पर रोक लगा दी गई है. अब विपक्षी दलों को किसानों को आंदोलन समाप्त करने के लिए कहना चाहिए.

उन्होंने कहा कि विपक्ष आग में घी डालने का प्रयास कर रहा है. किसानों को उकसाना विपक्ष का काम नहीं है. पार्टी नेता और कार्यकर्ता गांव-गांव जा रहे हैं और उनके मन में भ्रम पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं. सभी कानून वैकल्पिक हैं और एपीएमसी मार्केट बंद नहीं होगा. 

अविश्वास कांग्रेस की पुरानी संस्कृतिः खट्टर 

अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान कांग्रेस पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि अविश्वास प्रस्ताव लाने के लिए कांग्रेस का धन्यवाद. कांग्रेस की यह मृगतृष्णा पूरी नहीं होगी. कांग्रेस अब भी मृगतृष्णा में जी रही है. उन्होंने कहा कि प्रस्ताव के जरिए अपने काम को रखने का मौका मिला है. कांग्रेस हर 6 महीने में अविश्वास प्रस्ताव लेकर आए.

मुख्यमंत्री खट्टर ने कहा कि अविश्वास कांग्रेस की पुरानी संस्कृति है, अगर कोई बात पसंद न आए तो अविश्वास पैदा कर दीजिए. कांग्रेस संगठन के अंदर भी अविश्वास देखने को मिलता है. अविश्वास की कार्यशैली कांग्रेस को लाभ नहीं देने वाली, विश्वास ही लाभ देगा. कांग्रेस को हर वक्त अविश्वास होता है. सरकार हो या सर्जिकल स्ट्राइक.

Advertisement

सरकार जनता में विश्वास खो चुकी हैः भूपेंद्र हुड्डा
इससे पहले विधानसभा में आज दिन में जब अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा शुरू हुई तो कांग्रेस नेता और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा ने कहा कि सरकार जनता में अपना विश्वास खो चुकी है, आज सीएम का हेलिकॉप्टर कहीं लैंड नहीं हो पा रहा है ना ही वो कोई रैली कर पा रहे हैं. उन्होंने यह भी कहा कि बीजेपी लगातार किसान आंदोलन को लेकर गलत बयानबाजी करती रही है, मंत्री किसानों को आतंकी-खालिस्तानी कह रहे हैं.

प्रस्ताव के खिलाफ चर्चा में भाग लेते हुए उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कहा कि 10 साल ये नारा लगा कि 'हुड्डा तेरे राज में किसान की जमीन गई ब्याज में'. हमने पिछले 1 साल में 30,000 करोड़ रुपये की अलग-अलग फसलें एमएसपी पर खरीदी है. उन्होंने कहा कि पिछली बार 1,800 खरीद केंद्र बनाए थे. इस बार भी प्रत्येक किसान को विश्वास दिलाते हैं कि जैसे ही मंडी में आपका जे फॉर्म कटेगा, उसके 2 दिन के अंदर आपके खाते में पैसे पहुंच जाएंगे.

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »