ओवरटेक को लेकर विवाद, महिला डॉक्टर को दी जान से मारने की धमकी, आरोपी गिरफ्तार

गुरुग्राम में रोडरेज की एक घटना में महिला डॉक्टर और उनके पति के साथ कथित तौर पर बदसलूकी, धमकी और कार में तोड़फोड़ की गई. शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. वहीं, पीड़िता के वकील ने जांच में लापरवाही और आरोपी को जल्द जमानत मिलने पर सवाल उठाए हैं.

Advertisement
फिलहाल, आरोपी को जमानत मिल गई है.(Photo: Representational) फिलहाल, आरोपी को जमानत मिल गई है.(Photo: Representational)

aajtak.in

  • गुरुग्राम,
  • 10 जून 2026,
  • अपडेटेड 11:10 PM IST

हरियाणा के गुरुग्राम में रोडरेज की एक घटना ने कानून-व्यवस्था और सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं. एक महिला डॉक्टर ने आरोप लगाया है कि कार सवार दो युवकों ने न केवल उनके और उनके पति के साथ अभद्रता की, बल्कि उनकी कार को भी नुकसान पहुंचाया और जान से मारने की धमकी दी.

मामला सामने आने के बाद पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू की. कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. हालांकि, पीड़ित पक्ष के वकील ने जांच प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठाए हैं.

Advertisement

यह भी पढ़ें: बस कर्मियों ने घेरा तो सिख ड्राइवर ने निकाली तलवार, गुरुग्राम रोडरेज का VIDEO वायरल

पुलिस के मुताबिक, घटना के संबंध में मंगलवार को महिला डॉक्टर ने सदर थाना में शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत में उन्होंने बताया कि एक काले रंग की टोयोटा कार में सवार दो व्यक्तियों ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया और उनकी गाड़ी के विंडशील्ड को नुकसान पहुंचाया.

वीडियो बनाते ही मौके से फरार हुए आरोपी

महिला डॉक्टर ने अपनी शिकायत में कहा कि घटना के दौरान वह और उनके पति काफी डर गए थे. जब उन्होंने आरोपियों का वीडियो रिकॉर्ड करना शुरू किया तो दोनों आरोपी मौके से अपनी कार लेकर फरार हो गए.

शिकायत के आधार पर सदर थाना पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज किया और जांच शुरू की. जांच के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया.

Advertisement

गिरफ्तार आरोपी की पहचान गुरुग्राम के सेक्टर-47 स्थित मालिबू टाउन निवासी पारस ठाकरान के रूप में हुई है. पुलिस ने उसे बुधवार को हिरासत में लेकर पूछताछ की.

ओवरटेकिंग को लेकर हुआ था विवाद

गुरुग्राम पुलिस के प्रवक्ता के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घटना की शुरुआत एक मोड़ पर वाहनों को ओवरटेक करने को लेकर हुए विवाद से हुई थी. इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई.

पुलिस का कहना है कि इसी विवाद के बाद आरोपी ने कथित तौर पर महिला डॉक्टर और उनके पति के साथ अभद्र व्यवहार किया और उनकी कार को नुकसान पहुंचाया. मामले की विस्तृत जांच अभी जारी है.

पुलिस ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है.

वकील ने जांच पर उठाए सवाल

इस बीच महिला डॉक्टर की ओर से पैरवी कर रहे अधिवक्ता सुरेश दत्त कौशिक ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल खड़े किए हैं. उनका आरोप है कि मामले की निष्पक्ष और गहन जांच नहीं की गई.

उन्होंने दावा किया कि आरोपी को गिरफ्तार करने के कुछ ही घंटों के भीतर जमानत मिल गई और पुलिस ने केस से जुड़े महत्वपूर्ण साक्ष्यों को भी पूरी तरह जब्त नहीं किया. वकील ने कहा कि इस मामले को लेकर पुलिस आयुक्त से शिकायत की जाएगी.

Advertisement

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है. वहीं यह घटना एक बार फिर सड़क पर बढ़ती आक्रामकता और रोडरेज की घटनाओं को लेकर चिंता बढ़ा रही है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »