क्राइम ब्रांच को देखते ही ड्रग स्मगलर्स ने लगाई कुंडी, दरवाजा तोड़कर घुसे तो हो चुके थे 'छूमंतर'

फरीदाबाद में नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आजाद नगर में एक संदिग्ध घर पर छापा मारा. पुलिस के पहुंचते ही आरोपियों ने खुद को घर में बंद कर लिया. काफी प्रयास के बाद भी दरवाजा नहीं खुला तो क्राइम ब्रांच ने उसे तोड़ दिया. तलाशी में अवैध हथियार मिला, जबकि आरोपी पीछे के रास्ते से फरार हो गए.

Advertisement
क्राइम ब्रांच को देखते ही ड्रग स्मगलर्स ने लगाई कुंडी (Photo: representational image) क्राइम ब्रांच को देखते ही ड्रग स्मगलर्स ने लगाई कुंडी (Photo: representational image)

सचिन गौड़

  • फरीदाबाद ,
  • 15 जून 2026,
  • अपडेटेड 10:47 AM IST

हरियाणा के फरीदाबाद में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत क्राइम ब्रांच और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए तिगांव रोड स्थित आजाद नगर में एक संदिग्ध घर पर छापा मारा. पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया. हालांकि, पुलिस के पहुंचने की भनक लगते ही आरोपी घर के अंदर बंद हो गए और बाद में पीछे के रास्ते से फरार होने में सफल रहे.

Advertisement

जानकारी के अनुसार पुलिस को एक वीडियो प्राप्त हुई थी, जिसमें कथित नशा तस्कर पड़ोसियों को धमकाते और उनके साथ गाली-गलौज करते दिखाई दे रहे थे. वीडियो सामने आने के बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए क्राइम ब्रांच और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की योजना बनाई.

पुलिस टीम जब आजाद नगर स्थित घर पर पहुंची तो अंदर मौजूद लोगों ने दरवाजा बंद कर लिया. पुलिसकर्मियों ने कई बार दरवाजा खोलने के लिए आवाज लगाई और समझाने का प्रयास किया, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली. इसके बाद क्राइम ब्रांच की टीम ने हथौड़े और कटर की मदद से मुख्य दरवाजा तोड़ा और घर में घुसी.

तलाशी के दौरान पुलिस को घर के अंदर से एक अवैध हथियार बरामद हुआ. हालांकि, जिस समय पुलिस ने घर में प्रवेश किया, तब तक आरोपी पीछे के रास्ते से निकलकर फरार हो चुके थे. पुलिस ने मौके से मिले साक्ष्यों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है.

Advertisement

स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में लंबे समय से नशा तस्करी की गतिविधियों की शिकायतें मिल रही थीं. पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली है. वहीं पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है.

अधिकारियों का कहना है कि नशा तस्करी और अवैध गतिविधियों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा. मामले की जांच जारी है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »