आम चुनाव का बिगुल बज चुका है. सभी पार्टियां जोर आजमाइश करने में लगी हैं. ऐसे माहौल में बोफोर्स का जिन्न एक बार फिर बोतल से बाहर आ गया है. राफेल के मुद्दे को लेकर पीएम मोदी पर लगातार हमला कर रहे कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को बीजेपी के सांसद रतन लाल कटारिया ने बोफोर्स के बहाने निशाने पर लिया है.
हरियाणा की अंबाला लोकसभा सीट से सांसद कटारिया ने शनिवार को बोफोर्स मामले को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और उनके दिवंगत पिता राजीव गांधी के खिलाफ विवादित टिप्पणी की. पंचकुला में कटारिया ने कहा, 'इसका बाप तो मर गया, राहुल का, बोफोर्स कांड का दाग, लागा चुनरी में दाग मिटाऊं कैसे, वो तो इस दुनिया से चला गया और दाग मिटे नहीं. और वो हमें कह रहे हैं.'
राहुल गांधी पर कटाक्ष करते हुए कटारिया ने बोफोर्स घोटाले को सामने लाते हुए कहा कि सन् 1991 में पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की हत्या कर दी गई थी और इस घोटाले के सच को पीछे छोड़ दिया गया.
कांग्रेस-बीजेपी के बीच घमासान
इसी बीच, भाजपा और विपक्ष ने लोकसभा चुनाव से ठीक पहले एक- दूसरे पर हमले शुरू कर दिए हैं. पीएम नरेंद्र मोदी ने ट्वीट किया, 'आपका चौकीदार मजबूती से खड़ा है और देश की सेवा कर रहा है. लेकिन, मैं अकेला नहीं हूं. वे सभी लोग जो भ्रष्टाचार, गंदगी और सामाजिक बुराइयों के खिलाफ लड़ रहे हैं, वे चौकीदार हैं. जो भी देश की तरक्की के लिए मेहनत कर रहा है, वह चौकीदार है. आज सभी भारतीय कह रहे हैं- # मैं भी चौकीदार.'
aajtak.in