सूरत में डबल मर्डर: चाय पीने गए दो दोस्तों को चाकू से गोदा, 10-15 हमलावरों ने किया जानलेवा हमला

गुजरात के सूरत में मामूली कहासुनी ने खूनी रूप ले लिया. सिंगणपोर इलाके में चाय पीने पहुंचे दो दोस्तों की चाकू मारकर हत्या कर दी गई. वारदात से पहले हुई मारपीट सीसीटीवी में कैद हुई है. पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है.

Advertisement
दो आरोपी गिरफ्तार, दो की तलाश जारी.(Photo: Sanjay Singh J Rathod/ITG) दो आरोपी गिरफ्तार, दो की तलाश जारी.(Photo: Sanjay Singh J Rathod/ITG)

संजय सिंह राठौर

  • सूरत,
  • 07 जून 2026,
  • अपडेटेड 7:25 PM IST

गुजरात की आर्थिक राजधानी सूरत एक बार फिर सनसनीखेज वारदात से दहल उठी. डायमंड सिटी, टेक्सटाइल सिटी और देश के सबसे स्वच्छ शहरों में शुमार सूरत में दो युवकों की बेरहमी से हत्या कर दी गई. सिंगणपोर थाना क्षेत्र में हुई इस घटना ने शहर की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

शनिवार देर रात सिंगणपोर इलाके में स्थित एक चाय की दुकान पर मामूली कहासुनी ने कुछ ही मिनटों में खूनी संघर्ष का रूप ले लिया. आरोप है कि 10 से 15 युवकों के समूह ने पांच दोस्तों पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया, जिसमें दो युवकों की मौत हो गई.

Advertisement

यह भी पढ़ें: रेकी, मास्क और बिना नंबर प्लेट की मोपेड... सूरत लूटकांड में ऐसे रची गई थी पूरी प्लानिंग, 3 गिरफ्तार

मृतकों की पहचान 30 वर्षीय हर्षद अधिकारभाई पाटिल और 25 वर्षीय भट्टू वनराजभाई माली के रूप में हुई है. दोनों आपस में करीबी दोस्त थे और अपने अन्य साथियों के साथ देर रात चाय पीने पहुंचे थे. किसी मामूली बात को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि दो परिवारों की खुशियां हमेशा के लिए उजड़ गईं.

सीसीटीवी में कैद हुई हत्या से पहले की पूरी कहानी

घटना से पहले की तस्वीरें चाय की दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हुई हैं. फुटेज में देखा जा सकता है कि कुछ युवक पहले आपस में बहस करते हैं और फिर मामला मारपीट तक पहुंच जाता है.

वीडियो में पहले झगड़ा चाय की दुकान के बाहर होता दिखाई देता है. इसके बाद दोनों पक्ष सड़क तक पहुंच जाते हैं, जहां तनाव और बढ़ जाता है. पुलिस के अनुसार, शुरुआती विवाद के बाद एक पक्ष वहां से चला गया था.

Advertisement

जांच में सामने आया है कि कुछ समय बाद वही लोग दोबारा लौटे और उनके पास धारदार हथियार थे. इसके बाद हर्षद और भट्टू पर हमला किया गया. हालांकि हत्या का वास्तविक दृश्य सीसीटीवी में कैद नहीं हो सका, लेकिन उससे पहले की पूरी घटनाक्रम रिकॉर्ड हो गया है.

रात डेढ़ बजे चाय पीने पहुंचे थे पांच दोस्त

पुलिस के मुताबिक, लिंबायत के संजय नगर निवासी हर्षद पाटिल और वेड रोड स्थित बापा सीताराम चौक निवासी भट्टू माली अपने तीन अन्य दोस्तों के साथ शनिवार-रविवार की दरमियानी रात करीब 1:30 बजे डभोली चौराहे के पास स्थित मोगल टी स्टॉल पहुंचे थे.

यहीं किसी अज्ञात युवक के साथ उनकी कहासुनी हो गई. शुरुआत में मामला सामान्य विवाद जैसा लग रहा था, लेकिन कुछ ही देर में स्थिति बेकाबू हो गई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, देखते ही देखते 10 से 15 युवक हथियारों के साथ मौके पर पहुंच गए.

इसके बाद पांचों दोस्तों पर हमला शुरू कर दिया गया. हमलावरों ने किसी को संभलने का मौका नहीं दिया और सीधे धारदार हथियारों से वार करना शुरू कर दिया. इलाके में चीख-पुकार मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे.

पीठ और पेट पर ताबड़तोड़ वार, अस्पताल में तोड़ा दम

हमलावरों ने हर्षद पाटिल की पीठ पर और भट्टू माली के पेट पर कई बार चाकू से वार किए. दोनों युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े और हमलावर मौके से फरार हो गए.

Advertisement

घटना के बाद स्थानीय लोगों और दोस्तों ने तत्काल 108 एम्बुलेंस को सूचना दी. दोनों घायलों को गंभीर हालत में स्मीमेर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की कोशिश की.

इलाज के दौरान सबसे पहले हर्षद पाटिल की मौत हो गई. इसके कुछ समय बाद भट्टू माली ने भी दम तोड़ दिया. कुछ ही घंटों के भीतर दो दोस्तों की मौत की खबर से उनके परिवारों में कोहराम मच गया.

परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़

हर्षद अधिकारभाई पाटिल अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था. वह अपने पिता के साथ ड्राइविंग का काम करता था और ऑनलाइन पार्सल पहुंचाने वाले टेम्पो चलाकर परिवार की आर्थिक मदद करता था.

इकलौते बेटे की हत्या के बाद उसके माता-पिता गहरे सदमे में हैं. अस्पताल में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था. परिवार का कहना है कि हर्षद का किसी से कोई बड़ा विवाद नहीं था.

वहीं, 25 वर्षीय भट्टू वनराजभाई माली अपने परिवार का सबसे छोटा बेटा था. उसके परिवार में एक बड़ा भाई और दो बहनें हैं. घर के सबसे छोटे और लाडले बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.

पुलिस की जांच में सामने आया दूसरा एंगल

घटना की जानकारी मिलते ही सिंगणपोर पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे. पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर हत्या का मामला दर्ज किया और जांच शुरू कर दी.

Advertisement

डीसीपी आलोक कुमार के मुताबिक, शुरुआती जांच में सामने आया है कि चाय की दुकान पर पहुंचे युवकों ने दुकान खुलवाने को लेकर वहां मौजूद स्थानीय युवकों से विवाद किया था. दुकान के अंदर कुछ युवक कैरम खेल रहे थे, जिनसे कहासुनी के बाद मारपीट हुई.

डीसीपी ने बताया कि बाद में दोनों पक्ष अलग हो गए थे. इसके बाद कुछ लोग वापस गए और हथियार लेकर लौटे. पुलिस का कहना है कि झगड़े के दौरान चाकूबाजी हुई, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि घटना के पीछे केवल तत्काल विवाद था या कोई पुरानी रंजिश भी शामिल थी.

दो आरोपी गिरफ्तार, दो की तलाश जारी

पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. अधिकारियों के अनुसार, इस केस में कुल चार आरोपी चिन्हित किए गए हैं.

बाकी दो आरोपियों की तलाश के लिए क्राइम ब्रांच, लोकल डी-स्टाफ और एलसीबी की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं. पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही फरार आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

सिंगणपोर पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया है. पुलिस सभी सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले की गहन जांच कर रही है.

---- समाप्त ----

TOPICS:
Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »