गुजरात के नवसारी जिले में आई विनाशकारी बाढ़ के बाद अब तबाही की सबसे दर्दनाक तस्वीरें सामने आने लगी हैं. गणदेवी तहसील के ऊंडाच गांव में कावेरी नदी के तेज बहाव में बह गए 9 लोगों में से अब तक छह लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं. इस हादसे ने पूरे गांव को गहरे सदमे में डाल दिया है.
मृतकों में दो सगे पिता-पुत्र भी शामिल हैं, जिससे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे गांव में मातम और सन्नाटा पसरा हुआ है. बाढ़ का पानी धीरे-धीरे उतर रहा है, लेकिन उसके पीछे छूटी तबाही लोगों के दर्द को और गहरा कर रही है.
यह भी पढ़ें: टेलरिंग का काम करने नवसारी गया था फैजान, गुजरात ATS ने आतंकी साजिश के आरोप में पकड़ा, परिवार ने बेटे को बेगुनाह बताया
23 जुलाई को नवसारी जिले की नदियों में आई भीषण बाढ़ के दौरान कावेरी नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया था. तेज बहाव की चपेट में आने से ऊंडाच गांव के नौ लोग नदी में बह गए थे. हादसे के बाद से प्रशासन और राहत एजेंसियां लगातार बचाव अभियान चला रही हैं.
NDRF का सर्च ऑपरेशन जारी, लापता लोगों की तलाश में जुटी टीमें
हादसे के बाद राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) की टीमों को मौके पर लगाया गया. राहतकर्मी लगातार कावेरी नदी और आसपास के खेतों में सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं ताकि लापता लोगों का पता लगाया जा सके.
अब तक छह लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि बाकी लापता लोगों की तलाश जारी है. प्रशासन का कहना है कि जब तक सभी लोगों का पता नहीं चल जाता, तब तक राहत और खोज अभियान जारी रहेगा.
बाढ़ का पानी कम होने के साथ ही नदी किनारे और आसपास के इलाकों में खोज अभियान तेज कर दिया गया है. स्थानीय प्रशासन और राहत एजेंसियां हर संभावित स्थान पर तलाश कर रही हैं.
पूरे गांव में पसरा मातम, परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़
इस हादसे ने ऊंडाच गांव के कई परिवारों को गहरे जख्म दिए हैं. पिता-पुत्र की एक साथ मौत ने पूरे गांव को झकझोर दिया है. परिजन अपने प्रियजनों को खोने के गम में डूबे हुए हैं और गांव में हर तरफ मातम का माहौल है.
प्रशासन प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का दावा कर रहा है. वहीं, स्थानीय लोग भी पीड़ित परिवारों के साथ खड़े हैं और राहत कार्य में प्रशासन का सहयोग कर रहे हैं.
इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर बाढ़ प्रभावित इलाकों में सुरक्षा और समय पर राहत व्यवस्था की जरूरत को उजागर किया है. फिलहाल प्रशासन की प्राथमिकता लापता लोगों की तलाश पूरी करना और प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता पहुंचाना है.
हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के नाम
कावेरी नदी में बहने से जिन छह लोगों की मौत हुई, उनकी पहचान रुखीबेन रमणभाई पटेल (75), डाहयाभाई भीखाभाई पटेल (70), कल्पेशभाई डाहयाभाई पटेल (42), ईश्वरभाई (62), सुमनभाई रमेशभाई हलपति (55) और अजयभाई शशीभाई हलपति (35) के रूप में हुई है.
aajtak.in