वडोदरा जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर सामियाला के पास एक दर्दनाक हादसा हुआ. एक ईको कार और एक बस के बीच जोरदार टक्कर हुई, जिसके बाद वाहन अनियंत्रित हो गया और आगे चल रहे ट्रेलर के पिछले हिस्से से जा भिड़ा. टक्कर इतनी भीषण थी कि ईको कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार यात्री अंदर ही फंस गए.
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया. हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और अन्य वाहन चालकों ने अपनी गाड़ियां रोक दीं. स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल भेजा गया.
यह भी पढ़ें: वडोदरा में भीषण गर्मी के बीच कार बनी आग का गोला, कुछ ही मिनटों में जलकर खाक
जांच में सामने आ रही शुरुआती जानकारी
प्रारंभिक जांच के अनुसार, पीड़ित परिवार मेहसाना की ओर जा रहा था और पादरा रोड की दिशा में बढ़ रहा था. इसी दौरान तेज रफ्तार ईको वैन को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मारी, जिसके बाद चालक ने नियंत्रण खो दिया और वाहन ट्रेलर से टकरा गया.
चार की मौत, पांच घायल अस्पताल में भर्ती
हादसे में ईको कार में सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. जबकि पांच अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए. सभी घायलों को तुरंत नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है. इनमें से दो की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है.
पुलिस अधिकारी राजेश निनामा ने बताया कि ईको वैन में करीब 8 से 9 लोग सवार थे. सभी यात्री वडोदरा के गोत्री इलाके और अंपाड गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
पुलिस की कार्रवाई और जांच जारी
तालुका पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की गहन जांच शुरू कर दी है. हादसे के कारणों की हर एंगल से जांच की जा रही है, जिसमें अज्ञात वाहन की भूमिका भी खंगाली जा रही है.
जांच तेज, हाईवे सुरक्षा पर फिर उठे सवाल
इस भीषण हादसे के बाद एक बार फिर दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं. तेज रफ्तार और संभावित लापरवाही को हादसे की बड़ी वजह माना जा रहा है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज और गवाहों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है.
aajtak.in