गुजरात के अहमदाबाद स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सीमा शुल्क विभाग और सुरक्षा एजेंसियों ने ड्रग्स तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है. खुफिया सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में अधिकारियों ने बैंकॉक से आए एक भारतीय यात्री के पास से करोड़ों रुपये कीमत का हाइड्रोपोनिक गांजा बरामद किया है. आरोपी को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत आगे की जांच शुरू कर दी गई है.
पैकेटों में भरकर रखा गया था हाइड्रोपोनिक गांजा
जानकारी के मुताबिक अहमदाबाद एयरपोर्ट की एयर इंटेलिजेंस यूनिट (AIU) के अधिकारियों को विशेष सूचना मिली थी कि बैंकॉक से आने वाली फ्लाइट के जरिए प्रतिबंधित मादक पदार्थ की तस्करी की जा सकती है. इसके बाद अधिकारियों ने शनिवार रात थाई एयरवेज इंटरनेशनल की फ्लाइट संख्या TG-343 से अहमदाबाद पहुंचे एक भारतीय नागरिक को रोककर पूछताछ की.
अधिकारियों ने यात्री के सामान की गहन जांच की तो उसके ट्रॉली बैग के अंदर 6 वैक्यूम-सील पैकेट मिले. इन पैकेटों में हरे रंग का सूखा पौधेनुमा पदार्थ भरा हुआ था. जांच और परीक्षण के बाद इसकी पुष्टि मारिजुआना यानी गांजा के रूप में हुई. अधिकारियों ने कुल 6.540 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक गांजा जब्त किया है.
सीमा शुल्क विभाग के अनुसार जब्त किए गए प्रतिबंधित पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 6.5 करोड़ रुपये आंकी गई है. शुरुआती जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार यात्री छत्तीसगढ़ के रायपुर का रहने वाला है और यह उसकी पहली विदेश यात्रा थी. हालांकि एजेंसियों को शक है कि आरोपी किसी बड़े अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स नेटवर्क के संपर्क में था.
आरोपी से पूछताछ कर रही है पुलिस
फिलहाल आरोपी को मादक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम (NDPS Act), 1985 के तहत गिरफ्तार कर लिया गया है. जांच एजेंसियां उससे पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी हैं कि यह खेप किसे पहुंचाई जानी थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं.
गौरतलब है कि अहमदाबाद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हाल के दिनों में हाइड्रोपोनिक गांजे की तस्करी के कई मामले सामने आ चुके हैं. सख्त कानून और भारी सजा के बावजूद विदेशों से मादक पदार्थों की तस्करी लगातार बढ़ती जा रही है. सुरक्षा एजेंसियां अब एयरपोर्ट पर निगरानी और प्रोफाइलिंग को और सख्त करने की तैयारी में हैं.
ब्रिजेश दोशी