अहमदाबाद में भगवान जगन्नाथ की 139वीं रथयात्रा शुरू हो चुकी है. यात्रा शुरू होने से पहले बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह परिवार के साथ जगन्नाथ मंदिर पहुंचे और उन्होंने मंगला आरती की. गुजरात की मुख्यमंत्री आनंदी बेन पटेल भी इसमें शामिल हुईं. ओडिशा के पुरी में भी बुधवार जगन्नाथ रथयात्रा निकाली जानी है.
अहमदाबाद में बुधवार को सुबह साढ़े सात बजे जमालपुर में 400 साल पुराने मंदिर से शुरू हुई. किसी भी तरह की गड़बड़ी से निपटने के लिए शहर में 14 हजार पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है. भगवान के दर्शन के लिए आने वाले लोगों के लिए प्रसाद के तौर मालपुए बनाए गए हैं. रथयात्रा के 13 किलोमीटर के रास्ते में 300 सीसीटीवी कैमरों के साथ 5 ड्रोन भी आसमान से नजर रखेंगे.
ओडिशा के पुरी में भी रथयात्रा के लिए सुरक्षा के जबरदस्त इंतजाम किए गए हैं. रथयात्रा के मौके पर प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट करके लोगों को इसकी बधाई दी. प्रधानमंत्री ने कहा कि भगवान जगन्नाथ सभी पर अपनी कृपा बरसाएं.
रोहित गुप्ता / गोपी घांघर