दिल्ली के द्वारका में 16 साल के लड़के की चाकू मारकर हत्या, निजी रंजिश में मर्डर की आशंका

दिल्ली के द्वारका इलाके में एक नाबालिग लड़के की चाकू मारकर हत्या कर दी गई जिससे इलाके में सनसनी मच गई. युवक की हत्या क्यों की गई ये अभी साफ नहीं है लेकिन पुलिस ने आशंका जताई है कि हत्या की वजह निजी रंजिश भी हो सकती है. मृतक युवक की पहचान विवेक के रूप में हुई है और उसके शरीर पर चाकू के कई घाव पाए गए हैं.

Advertisement

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 20 जनवरी 2025,
  • अपडेटेड 8:51 PM IST

दिल्ली के द्वारका इलाके में सोमवार को एक 16 साल के नाबालिग लड़के की चाकू मारकर हत्या कर दी गई. पुलिस के अनुसार, उन्हें द्वारका-डाबरी रोड की सर्विस लेन पर एक घायल किशोर के पड़े होने की सूचना मिली थी.

न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक पुलिस मौके पर पहुंची और घायल लड़के को तुरंत दीन दयाल उपाध्याय (डीडीयू) अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. मृतक की पहचान विवेक के रूप में हुई, जो डाबरी इलाके का निवासी था.

Advertisement

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, विवेक के शरीर पर चाकू के कई घाव पाए गए हैं. शुरुआती जांच में पता चला कि यह घटना आपसी रंजिश या किसी झगड़े का नतीजा हो सकती है. घटना के बाद अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है.

पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि घटना के कारणों और दोषियों का पता लगाया जा सके. पुलिस ने विवेक के परिवार वालों और दोस्तों से भी पूछताछ शुरू कर दी है. हत्या की इस घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है. पुलिस ने भरोसा दिया है कि दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर कड़ी सजा दिलाई जाएगी.

फिलहाल, मामले की जांच जारी है और पुलिस ने स्थानीय लोगों से अपील की है कि यदि किसी ने घटना के समय कुछ संदिग्ध देखा हो तो वह तुरंत पुलिस को इसकी जानकारी दें.

Advertisement

 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »