Advertisement

Satya Niketan Building Demolition Live: डिमोलिशन के बीच कमरे खाली कर रहे छात्र, मकान मालिक नहीं लौटा रहे सिक्योरिटी डिपॉजिट

सुशांत मेहरा | नई दिल्ली | 08 सितंबर 2026, 2:10 PM IST

Satya Niketan Demolition Live Updates: दिल्ली के सत्य निकेतन में इमारत ढहने के बाद अब उसके बराबर वाली बिल्डिंग पर भी एक्शन होगा. प्रशासन ने आज से ही इस बिल्डिंग को गिराने की तैयारी शुरू कर दी है.

सत्य निकेतन में डिमोलिशन ड्राइव शुरू हो गया है. (Photo- ITGD)

दक्षिण दिल्ली के सत्य निकेतन में हुए इमारत हादसे के बाद प्रशासन अलर्ट हो गया है. हादसे में गिरी इमारत के ठीक बगल में बनी बहुमंजिला बिल्डिंग भी जर्जर हाल में पाई गई. ऐसे में प्रशासन आज से डिमोलिश करने की तैयारी में जुट गया है.

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सत्य निकेतन इलाके की जर्जर और खंडहर बनी इमारतों को गिराने का निर्देश दिया है. ऐसे में डिमोलिशन टीम पूरी तरह तैयार हो गई है. कार्रवाई से पहले खतरे के दायरे में आई इस इमारत से बच्चों और बाकी लोगों के सामान को सुरक्षित बाहर निकालने का काम तेजी से किया जा रहा है.

दिल्ली नगर निगम की डिमोलिशन टीम जरूरी उपकरणों और भारी मशीनों के साथ मौके पर तैनात है और कार्रवाई के लिए पूरी तरह तैयार है.

2:00 PM (25 मिनट पहले)

Delhi Building Demolition: UGC और DU को NHRC का नोटिस

Posted by :- Darakhshan

दिल्ली के सत्य निकेतन में पीजी इमारत ढहने के हादसे और दिल्ली विश्वविद्यालय (DU) के छात्रों के लिए हॉस्टलों की कमी पर राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) ने सख्त रुख अपनाया है. आयोग ने यूजीसी (UGC) के अध्यक्ष और दिल्ली के मुख्य सचिव को नोटिस जारी कर 4 सप्ताह के भीतर रिपोर्ट मांगी है. NHRC ने यूजीसी और दिल्ली सरकार को डीयू प्रशासन के साथ मिलकर छात्रों के लिए हॉस्टल सुविधाओं के विस्तार, मौजूदा हॉस्टलों के रेनोवेशन और जहां जरूरत हो वहां नए हॉस्टल बनाने की संभावनाओं पर पूरी रिपोर्ट देने को कहा है.

1:33 PM (52 मिनट पहले)

Delhi Building Demolition: कमरे खाली कर रहे छात्र

Posted by :- Darakhshan

सत्य निकेतन में पांच मंजिला इमारत ढहने के बाद आसपास की इमारतों पर भी इसका खतरनाक असर दिखने लगा है. हादसे के बाद पास की इमारतों में दरारें आ गई हैं, जिससे वहां रहने वाले छात्रों और स्थानीय निवासियों में भारी दहशत है. सुरक्षा को देखते हुए छात्र तेजी से अपने कमरे खाली कर रहे हैं. कमरा खाली कर रहे छात्रों का आरोप है कि मकान मालिक उनकी सिक्योरिटी डिपॉजिट वापस करने से साफ इनकार कर रहे हैं. छात्रों का कहना है कि वो किसी भी अनहोनी के डर से मकान छोड़ रहे हैं, लेकिन मकान मालिक रिफंड देने में आनाकानी कर रहे हैं.

(Photo- ITGD)
1:09 PM (एक घंटा पहले)

Satya Niketan Demolition: NSUI और ABVP भी कर रहे प्रदर्शन

Posted by :- Darakhshan

सत्य निकेतन हादसे को लेकर लेफ्ट से जुड़े छात्र संगठनों के साथ-साथ NSUI और ABVP भी प्रदर्शन कर रहे हैं. प्रदर्शन कर रहे छात्रों की प्रमुख मांग है कि क्षेत्र में छात्रों के लिए हॉस्टल की व्यवस्था की जाए. इसके अलावा, हादसे में मारे गए छात्रों के परिवारों को उचित मुआवजा देने की भी मांग की जा रही है.

(इनपुट- अनमोल नाथ बाली)

12:49 PM (एक घंटा पहले)

Satya Niketan Building Collapse Live: डीयू छात्रों का प्रदर्शन

Posted by :- Darakhshan

सत्य निकेतन में पांच मंजिला इमारत गिरने के हादसे के विरोध में दिल्ली विश्वविद्यालय के छात्र सड़कों पर उतर आए हैं. साउथ कैंपस के कॉलेजों के छात्रों ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए इस घटना को हादसा नहीं, बल्कि 'हत्या' करार दिया है. छात्रों ने मांग की है कि हादसे की जिम्मेदारी तय की जाए, मृतक छात्रों के परिवारों को उचित मुआवजा मिले और दिल्ली के सभी पीजी का कड़ा ऑडिट कराया जाए. प्रदर्शनकारियों ने डीयू में हॉस्टलों की भारी कमी पर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय के सिर्फ 20 कॉलेजों में ही हॉस्टल सुविधा है. छात्रों ने पूछा कि क्या डीयू छात्रों की जिंदगी की यही कीमत है?
 

Advertisement
12:44 PM (एक घंटा पहले)

Delhi Building Demolition: सुरक्षा के लिए लोहे के पाइपों का सपोर्ट

Posted by :- Darakhshan

ध्वस्तीकरण की प्रक्रिया के दौरान किसी भी हादसे और अचानक इमारत ढहने से रोकने के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. इमारत को सुरक्षित तरीके से ढहाने से पहले लोहे के भारी पाइपों से सहारा दिया गया है ताकि आसपास की दूसरी संपत्तियों या वहां मौजूद टीम को कोई नुकसान न पहुंचे.
 

12:44 PM (एक घंटा पहले)

Satya Niketan Building Demolition: बिना पिलर खड़ी इमारत, लटक रहे तार

Posted by :- Darakhshan

सत्य निकेतन में जानलेवा साबित हुई इमारत के जमींदोज होने के बाद आसपास के भवनों की सुरक्षा व्यवस्था और मजबूती पर सवाल खड़े हो गए हैं. ढही हुई बिल्डिंग से बिल्कुल सटकर बनी ये दूसरी इमारत भी कई मंजिला है. इस इमारत में दुकानें बनी हुई हैं और कई लोग रह रहे हैं. जांच में सामने आया है कि कई मंजिला होने के बावजूद इस इमारत में कोई पिलर नहीं है. इतना ही नहीं, इमारत के आसपास बिजली के तार बेतरतीब लटक रहे हैं, जिससे बड़ा खतरा बना हुआ है.