दिल्ली: बदमाशों ने चाकू की नोंक पर ज्वेलरी शोरूम को लूटा, दूसरे दुकानदारों ने लाल मिर्च स्प्रे कर बचाई जान

दिल्ली के मंगोलपुरी इलाके में बदमाशों ने चाकू की नोंक पर एक ज्वेलरी शोरूम को लूट लिया. करीब 8 की संख्या में आए ये बदमाश दूसरे दुकानों को भी लूटना चाहते थे लेकिन दुकानदारों ने बहादुरी दिखाते हुए मिर्च स्प्रे कर दिया जिसके बाद उन्हें भागने के लिए मजबूर होना पड़ा. पुलिस अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है.

Advertisement
यह एआई जेनरेटेड सांकेतिक तस्वीर है यह एआई जेनरेटेड सांकेतिक तस्वीर है

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 05 जनवरी 2025,
  • अपडेटेड 7:37 PM IST

उत्तरी दिल्ली के मंगोलपुरी इलाके में शनिवार शाम नकाबपोश लुटेरों के एक समूह ने ज्वेलरी शोरूम में चाकू की नोंक पर लगभग 12 लाख रुपये के सोने के आभूषण लूट लिए जिसके बाद आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया.

पुलिस के अनुसार, लुटेरों ने शोरूम से निकलने के बाद अन्य दुकानों को भी लूटने की कोशिश की, लेकिन स्थानीय दुकानदारों ने सूझबूझ दिखाते हुए उन पर लाल मिर्च पाउडर फेंका, जिससे लुटेरे भागने को मजबूर हो गए.

Advertisement

न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची. मंगोलपुरी के वाई-ब्लॉक इलाके में स्थित शोरूम के मालिक ने बताया कि लुटेरों की संख्या करीब आठ थी. वो चाकुओं से लैस थे और उन्होंने शो रूम में घुसते ही शीशे की अलमारियों को तोड़ दिया. लुटेरों ने ग्राहकों के साथ मारपीट करते हुए उनकी कीमती चीजें भी छीन लीं और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी.

बदमाशों को पकड़ने के लिए छापेमारी

घटनास्थल पर पहुंचे एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि शोरूम बुरी तरह से अस्त-व्यस्त था और आसपास की दुकानों के सामान सड़क पर बिखरे हुए मिले. लाल मिर्च पाउडर के निशान भी कई दुकानों के सामने पाए गए.

पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान की जा रही है. अधिकारी ने बताया कि प्राथमिक जांच में यह सामने आया है कि लुटेरे योजनाबद्ध तरीके से आए थे. फिलहाल पुलिस लुटेरों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है. स्थानीय लोग और दुकानदार इस घटना के बाद दहशत में हैं और इलाके में सुरक्षा बढ़ाने की मांग कर रहे हैं.

Advertisement

 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »