'पत्नी की प्रताड़ना, IAS साली का हुकुम...', जज सुसाइड केस में पिता के चौंकाने वाले खुलासे

दिल्ली के सफदरजंग इलाके में शनिवार को 30 वर्षीय जज अमन कुमार शर्मा ने आत्महत्या कर ली थी. उनका शव घर के बाथरूम में मिला. जज के पिता ने आरोप लगाया है कि अमन ने उन्हें सुसाइड से पहले फोन किया था और पत्नी व साली पर प्रताड़ना का आरोप लगाया था.

Advertisement
जज अमन कुमार शर्मा. (File Photo: ITG) जज अमन कुमार शर्मा. (File Photo: ITG)

अमरदीप कुमार

  • दिल्ली,
  • 03 मई 2026,
  • अपडेटेड 8:46 AM IST

दिल्ली के सफदरजंग इलाके में जज अमन कुमार शर्मा की आत्महत्या के मामले ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. इस सनसनीखेज घटना के बाद मृतक के पिता ने जो जानकारी दी है, उसने पूरे मामले को और भी संवेदनशील बना दिया है. पिता के मुताबिक अमन लंबे समय से मानसिक तनाव में थे और अपनी वैवाहिक जिंदगी को लेकर बेहद परेशान चल रहे थे.

Advertisement

पिता ने बताया कि घटना वाली रात करीब 10 बजे अमन का फोन आया था. फोन पर उन्होंने कहा कि वह बहुत परेशान हैं और उनका जीना मुश्किल हो गया है. बेटे की बात सुनते ही पिता ने उन्हें समझाने की कोशिश की और हिम्मत बढ़ाई. लेकिन बेटे की हालत को देखते हुए वह तुरंत अलवर से दिल्ली के लिए रवाना हो गए और रात करीब 12 बजे घर पहुंच गए.

जम्मू में पोस्टेड है साली
घर पहुंचने के बाद अमन ने पिता को बताया कि उनकी पत्नी के साथ पिछले दो महीनों से विवाद चल रहा था और वह खुद को प्रताड़ित महसूस कर रहे थे. पिता के अनुसार अमन की पत्नी भी एक ज्यूडिशियल ऑफिसर हैं और घर में उनका काफी दबदबा था. इसके अलावा घर में बहू की IAS बहन यानी कि अमन की साली निधि का भी हुकुम चलता है. अमन ने यह भी कहा था कि घर में हर फैसला निधि की मर्जी से होता है और वह खुद को असहाय महसूस कर रहे थे. निधि जम्मू में पोस्टेड है.

Advertisement

पिता का आरोप है कि जब उन्होंने बहू से बात करने की कोशिश की तो उसने उन्हें घर छोड़ने की धमकी दी और कहा कि अगर वे नहीं गए तो वह पुलिस बुला लेंगी. इसके बाद पिता ने बहू के माता-पिता और अन्य परिजनों से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन किसी ने भी इस मामले में हस्तक्षेप नहीं किया. यहां तक कि बहू के चाचा ने भी मदद करने से इनकार कर दिया.

रात के दौरान घर में तनावपूर्ण माहौल बना रहा. पिता के अनुसार अमन एक कमरे में थे और उनकी पत्नी दूसरे कमरे में थीं. इस दौरान बहस और ऊंची आवाजें सुनाई दे रही थीं, जबकि अमन रो रहे थे. कुछ समय बाद जब अमन नजर नहीं आए तो पिता को चिंता हुई. उन्होंने बेटे के मोबाइल पर कॉल किया, जिसकी घंटी बाथरूम के अंदर से सुनाई दी.

बाथरूम में लटका मिला था अमन का शव
दरवाजा तोड़कर जब अंदर देखा गया तो अमन फंदे से लटके हुए मिले. उन्होंने पत्नी की चुन्नी से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी. घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.

फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement