दिल्ली में बुधवार सुबह कुछ इलाकों में हल्की बारिश जरूर हुई, लेकिन इससे लोगों को ज्यादा राहत नहीं मिली. कुछ घंटों बाद ही गर्मी और उमस ने फिर से लोगों को परेशान करना शुरू कर दिया. मौसम विभाग (IMD) ने गुरुवार के लिए गर्म और उमस भरे मौसम की चेतावनी देते हुए येलो अलर्ट जारी किया है.
भारत मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक, मुख्य मौसम केंद्र सफदरजंग में बुधवार को अधिकतम तापमान 38.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. यह सामान्य से 3.2 डिग्री अधिक और मंगलवार की तुलना में 0.2 डिग्री कम रहा. वहीं न्यूनतम तापमान 29.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 1.9 डिग्री ज्यादा रहा.
IMD के आंकड़ों के अनुसार, पिछले दिन की तुलना में 0.7 डिग्री अधिक रहा. सफदरजंग मौसम केंद्र में बुधवार सुबह 2.30 बजे से 5.30 बजे के बीच हल्की बारिश दर्ज की गई. इसके बाद दिनभर किसी भी समय बारिश रिकॉर्ड नहीं की गई. पालम मौसम केंद्र में अधिकतम तापमान 37.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
यह सामान्य से 2.4 डिग्री अधिक और मंगलवार से 0.8 डिग्री कम रहा. वहीं न्यूनतम तापमान 24.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो पिछले दिन की तुलना में 2.6 डिग्री कम था. लोधी रोड मौसम केंद्र में अधिकतम तापमान 38.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
यह मंगलवार की तुलना में क्रमश: 0.3 डिग्री और 0.2 डिग्री अधिक रहा. रिज और आयानगर में न्यूनतम तापमान क्रमश: 26.4 डिग्री सेल्सियस और 26.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. आयानगर और नजफगढ़ में मंगलवार रात 11.30 बजे से बुधवार सुबह 2.30 बजे के बीच 1-1 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई.
इसके बाद राजधानी के किसी भी मौसम केंद्र पर बारिश रिकॉर्ड नहीं हुई. मौसम विभाग ने गुरुवार के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. शहर के कुछ हिस्सों में गर्मी और नमी की स्थिति बनी रह सकती है. गुरुवार को अधिकतम तापमान 37 से 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है.
इस बीच, स्काईमेट के वाइस प्रेसिडेंट महेश पलावत ने कहा कि पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, राजस्थान, गुजरात, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र समेत उत्तर-पश्चिम भारत में अगले कुछ दिनों तक मौसम ज्यादातर सूखा रहने की संभावना है. केवल कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है.
महेश पलावत के मुताबिक, 20 जुलाई के बाद मानसून ट्रफ के गंगा के मैदानी इलाकों की ओर दक्षिण में खिसकने की संभावना है. इसके बाद उत्तर-पश्चिम भारत और मध्य भारत के कुछ हिस्सों में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो सकता है. उधर, दिल्ली की हवा में भी हल्का सुधार देखने को मिला.
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, बुधवार शाम 4 बजे 24 घंटे का औसत AQI 159 दर्ज किया गया. मंगलवार को इसी समय AQI 172 था. 0 से 50 के बीच AQI 'अच्छा', 51 से 100 'संतोषजनक', 101 से 200 'मध्यम', 201 से 300 'खराब', 301 से 400 'बहुत खराब' और 401 से 500 'गंभीर' श्रेणी में माना जाता है.
aajtak.in