राजधानी दिल्ली के मुकुंदपुर इलाके से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां एक कलयुगी पिता ने अपनी ही 10 महीने की मासूम बच्ची की बेरहमी से हत्या कर दी. आरोप है कि आरोपी पत्नी द्वारा लगातार दूसरी बेटी को जन्म देने से नाराज था और इसी वजह से उसने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया. हत्या के बाद आरोपी ने बच्ची के शव को घर के ही सेप्टिक टैंक में फेंक दिया और पूरे मामले को छिपाने के लिए बच्ची के घर से चोरी होने की झूठी कहानी गढ़ दी.
पुलिस ने ऐसे किया मामले का खुलासा
घटना के बाद आरोपी पिता सुबह से ही पुलिस, मीडिया और आसपास के लोगों को गुमराह करता रहा. वह खुद भी पुलिस के साथ बच्ची की तलाश करने का दिखावा करता रहा ताकि किसी को उस पर शक न हो. इलाके में बच्ची के गायब होने की खबर फैलते ही लोगों की भीड़ जुट गई और पुलिस ने भी जांच शुरू कर दी. शुरुआत में आरोपी ने दावा किया कि बच्ची घर के अंदर से अचानक गायब हो गई है और किसी ने उसका अपहरण कर लिया है.
हालांकि जांच के दौरान पुलिस को आरोपी की बातों और उसके व्यवहार पर शक हुआ. पुलिस ने जब उससे सख्ती से पूछताछ की तो वह टूट गया और पूरी वारदात कबूल कर ली. आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने घर के सेप्टिक टैंक से मासूम बच्ची का शव बरामद कर लिया. इस खुलासे के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और लोग हैरान रह गए कि एक पिता अपनी ही बेटी के साथ इतनी क्रूरता कैसे कर सकता है.
घर में अक्सर पति-पत्नी के बीच होती थी लड़ाई
मृतक बच्ची की दादी ने बताया कि घर में अक्सर पति-पत्नी के बीच दो बेटियों को लेकर विवाद होता रहता था. परिवार में इस बात को लेकर तनाव बना रहता था, लेकिन किसी को यह अंदाजा नहीं था कि आरोपी इतना बड़ा कदम उठा सकता है. स्थानीय लोगों ने भी घटना पर गहरा दुख और आक्रोश जताया है. लोगों का कहना है कि आरोपी को सख्त से सख्त सजा मिलनी चाहिए.
फिलहाल दिल्ली पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है और उससे लगातार पूछताछ की जा रही है. पुलिस अब इस बात की जांच में जुटी है कि इस अमानवीय वारदात में आरोपी अकेला शामिल था या फिर परिवार का कोई अन्य सदस्य भी इस साजिश का हिस्सा था. पुलिस मामले के हर पहलू की गहन जांच कर रही है.
हर्षित मिश्रा