सड़क पर झगड़ा, रोड रेज, फिर सिर में मारी गोली... दिल्ली में अमेजन के मैनेजर की हत्या के CCTV से हुए ये खुलासे

दिल्ली के भजनपुरा में बाइक सवार मामा-भांजे पर फायरिंग करने वाले गैंग का पुलिस ने पता लगा लिया है. आरोप माया गैंग पर लगा है. पुलिस ने कहा कि दोनों पक्षों के बीच गाड़ी को रास्ता न देने को लेकर विवाद हुआ था. जिसके बाद स्कूटी सवार बदमाशों ने बाइक सवार मामा-भांजे पर गोलियां चला दीं. भांजे की मौके पर मौत हो गई. जबकि, मामा की हालत गंभीर बनी हुई है.

Advertisement
हरप्रीत की मौके पर हो गई थी मौत. हरप्रीत की मौके पर हो गई थी मौत.

हिमांशु मिश्रा

  • नई दिल्ली,
  • 30 अगस्त 2023,
  • अपडेटेड 1:52 PM IST

उत्तर पूर्वी दिल्ली में अज्ञात बदमाशों ने बाइक सवार मामा और भांजे पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. फिर वहां से फरार हो गए. इस घटना में भांजे की मौके पर ही मौत हो गई. जबकि, मामा गंभीर रूप से घायल हो गया. उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है. मृतक ई-कॉमर्स कंपनी में सीनियर मैनेजर था. पुलिस ने तुंरत कार्रवाई करते हुए घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगालकर आरोपियों की पहचान कर ली है.

Advertisement

मामला भजनपुरा इलाके के सुभाष विहार का है. यहां रहने वाला हरप्रीत सिंह (36) अपने मामा गोविंद के साथ मंगलवार रात साढ़े ग्यारह बजे बाइक पर कहीं जा रहा था. तभी रास्ते में गली नंबर आठ के पास पांच लोगों के साथ उनकी लड़ाई हो गई. रोड रेज में बदमाशों ने मामा-भांजे के सिर पर गोली मार दी. हरप्रीत की तो मौके पर ही मौत हो गई. जबकि, गोविंद गंभीर रूप से घायल हो गया.

गोविंद को तुरंत जग प्रवेश चंद्र अस्पताल ले जाया गया. हालत गंभीर होने के चलते डॉक्टरों ने उसे दिलशाद गार्डन स्थित गुरुतेग बहादुर अस्पताल रेफर कर दिया. फिलहाल गोविंद का इलाज चल रहा है.

'10 मिनट में वापस आने की बात कहकर निकला था'

मृतक के पिता करनैल सिंह ने बताया कि हरप्रीत उन्हें बोलकर गया था कि वो 10 मिनट में आ रहा है. इसके बाद वो अपने मामा गोविंद के पास सुभाष मोहल्ला पहुंचा. दोनों सिल्वर कलर की स्प्लेंडर पर सवार होकर कहीं जाने लगे. रास्ते में उन्हें स्कूटी सवार पांच लड़कों ने रोका और ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. उन्होंने टारगेट करके हरप्रीत के सिर पर गोली मारी. गोलियां गोविंद को भी लग गईं. हरप्रीत की तो मौके पर ही मौत हो गई. जबकि, गोविंद घायल होकर वहीं गिर गया.

Advertisement

डीसीपी नॉर्थ ईस्ट जॉय तिर्की के मुताबिक, पुलिस ने स्पॉट से कुछ सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लिए हैं जिसमे आरोपी भागते हुए नजर आ रहे हैं. परिवार और पुलिस का कहना है हरप्रीत को सिर में करीब से गोली मारी गई है, जिससे उसकी मौत हो गई. जबकि, गोविंद के भी एक सिर के पास गन शॉट इंजरी है. हत्या की वजह आपसी झगड़ा है. दोनों पक्षों के बीच गाड़ी को रास्ता न देने को लेकर विवाद हुआ था. रोड रेज में फिर आरोपियों ने गोलीबारी कर दी.

माया गैंग पर लगा हत्या का आरोप

जानकारी के मुताबिक, इस हत्याकांड का आरोप नॉर्थ ईस्ट दिल्ली के एक माया गैंग पर भी लगाया जा रहा है. ये गैंग नॉर्थ ईस्ट दिल्ली में एक्टिव है और इसका लीडर समीर उर्फ माया, डॉन बनने की इच्छा से इंस्टाग्राम पर हथियारों के साथ अपने फोटो और वीडियो डालता रहता है. समीर उर्फ माया के ऐसी कई वीडियो इंस्टाग्राम पर हैं जिसमें उसने डॉन की तरह गन के साथ कई फोटो खिंचवाए हैं और वीडियो भी बनाए हैं.

पुलिस का कहना है कि समीर की उम्र करीब 19 साल है और जब ये नाबालिग था तो इस पर तीन मामले दर्ज थे. जिनमें से एक कत्ल का भी मामला है. डीसीपी ने कहा कि आरोपियों की लोकेशन पता लगा ली गई है. जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

Advertisement

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »