दिल्ली के लोधी कॉलोनी इलाके में बिल्डिंग से गिरकर जान गंवाने वाली 28 वर्षीय नवविवाहिता आकृति सुतार की मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं. एक तरफ परिवार ने पति और ससुरालवालों पर घरेलू हिंसा और प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं, वहीं पुलिस जांच में मिले डिजिटल सबूत आत्महत्या की आशंका की ओर इशारा कर रहे हैं. आकृति सुतार ने 24 अप्रैल 2026 को अरस्तू सिक्का से लव मैरिज की थी.
शादी के तीन महीने के भीतर ही उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. परिवार का आरोप है कि शादी के बाद से ही पति आकृति के साथ मारपीट करता था और उसे मायके से कुछ नहीं लाने को लेकर ताने देता था. परिवार ने यह भी आरोप लगाया कि पति लगातार उस पर नौकरी छोड़ने का दबाव बना रहा था. परिजनों के मुताबिक, पति के दबाव में आकर आकृति कुछ दिनों तक ऑफिस नहीं गई थी, लेकिन इसके बावजूद कथित प्रताड़ना जारी रही. बाद में उसने 1 जुलाई से दोबारा काम शुरू किया था.
मौत वाले दिन आकृति ने दी थी शादी की पार्टी
मौत वाले दिन भी आकृति ऑफिस गई थी और उसने अपने सहकर्मियों के लिए शादी के बाद की एक छोटी पार्टी भी रखी थी. इसके बाद वह घर के लिए निकली थी. दिल्ली पुलिस के मुताबिक, सीसीटीवी फुटेज में आकृति घटना से पहले अकेले हाउसिंग सोसाइटी में प्रवेश करती दिखाई दी. जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि शनिवार दोपहर 2 बजकर 22 मिनट पर उसने गूगल पर सर्च किया था कि क्या दूसरी मंजिल से गिरने पर मौत हो सकती है. फिलहाल दिल्ली पुलिस मामले की जांच कर रही है. पुलिस एक ओर परिवार द्वारा लगाए गए प्रताड़ना के आरोपों की पड़ताल कर रही है, वहीं दूसरी ओर डिजिटल सबूतों और परिस्थितिजन्य तथ्यों को भी खंगाल रही है.
यह भी पढ़ें: 'सिर पर तवा मारा, बॉडी घर में पड़ी है', दिल्ली में पत्नी की हत्या कर थाने पहुंचा पति
पुलिस ने यह भी बताया कि मई महीने में आकृति ने गूगल पर 'आसानी से कैसे मरें' जैसे शब्द भी सर्च किए थे. पुलिस अब इन आकृति के इन इंटरनेट सर्च को भी जांच का हिस्सा मान रही है. यह घटना 4 जुलाई 2026 की शाम की है, जब आकृति कथित तौर पर दिल्ली के लोधी कॉलोनी स्थित एनडीएमसी फ्लैट्स, पालिका कुंज की एक इमारत से गिर गई थी. गंभीर हालत में उसे एम्स अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. आकृति पुष्प विहार की रहने वाली थी और छतरपुर में एक सेल्स एग्जीक्यूटिव के तौर पर काम करती थी.
इमारत से गिरने के बाद हुई आकृति की मौत
उसके परिवार के मुताबिक, 4 जुलाई की शाम ऑफिस से निकलने के बाद उनकी आकृति से बात हुई थी, लेकिन कुछ देर बाद उसका फोन बंद हो गया. तलाश के दौरान लोधी कॉलोनी पुलिस ने उन्हें सूचना दी कि सरकारी आवासीय परिसर की छत से गिरने के बाद आकृति की मौत हो गई है. परिवार ने आकृति की हत्या किए जाने का आरोप लगाया है और उसके पति व ससुरालवालों को मौत के लिए जिम्मेदार ठहराया है. परिजनों ने आत्महत्या की आशंका को खारिज करते हुए कहा कि आकृति मानसिक रूप से मजबूत थी और उसके पास ऐसा कदम उठाने की कोई वजह नहीं थी.
अरविंद ओझा