बिलासपुर में एक शादी उस समय चर्चा का विषय बन गई, जब दूल्हे की एक हरकत ने पूरे समारोह का रंग फीका कर दिया. परिवार ने बड़े अरमानों से शादी की तैयारियां की थीं. हल्दी से लेकर बारात तक हर रस्म धूमधाम से निभाई जा रही थी. डीजे की धुन पर नाचते-गाते बराती दुल्हन के घर पहुंचे और माहौल पूरी तरह उत्सव में डूबा हुआ था. लेकिन यह खुशी ज्यादा देर तक नहीं टिक सकी.
जैसे ही दूल्हा कार से नीचे उतरा, वह शराब के नशे में बुरी तरह लड़खड़ाने लगा. उसकी हालत देखकर लड़की पक्ष के लोग दंग रह गए. कुछ ही मिनटों में माहौल बदल गया. स्वागत की तैयारियां रुक गईं और दुल्हन तक यह खबर पहुंच गई.
दूल्हे की हालत जानने के बाद दुल्हन ने बड़ा फैसला लेते हुए शादी से साफ इनकार कर दिया. उसने नशे में धुत व्यक्ति के साथ सात फेरे लेने से मना कर दिया.
इसके बाद शादी समारोह में हाई वोल्टेज ड्रामा शुरू हो गया. दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस होने लगी. आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हुआ और देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया.
यह भी पढ़ें: 'शादी के बाद ठीक कर देंगे...' दूल्हे की धमकी पर भड़की दुल्हन, शादी से इनकार, मैरिज हॉल में हिंसक झड़प
लड़के पक्ष का आरोप है कि दूल्हे के पिता समेत कुछ रिश्तेदारों को घंटों तक रोककर रखा गया. उनका कहना है कि उन्हें बंधक जैसा व्यवहार झेलना पड़ा और लाखों रुपये की मांग की गई.
वहीं लड़की पक्ष ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि उन्होंने केवल जवाब मांगने के लिए बारातियों को रोका था. उनका कहना था कि इतनी बड़ी बात छिपाकर शादी करना गलत है. लड़की वालों का कहना था कि फोटो में हैंडसम दूल्हा दिखाया गया था, लेकिन असल में वह शराबी था.
मामला बढ़ता देख पुलिस को सूचना दी गई. पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाने की कोशिश की. काफी देर तक पंचायत चलती रही, लेकिन दुल्हन अपने फैसले पर अडिग रही. आखिरकार बिना फेरे लिए ही बारात को वापस लौटना पड़ा. घटना के बाद इलाके में इस शादी की चर्चा हो रही है. सोशल मीडिया पर भी मामले का वीडियो वायरल है. फिलहाल दोनों पक्षों ने पुलिस में शिकायत दी है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
मनीष शरण