भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के राष्ट्रीय प्रवक्ता और बिहार की नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली सरकार में उद्योग मंत्री सैयद शाहनवाज हुसैन ने लालू यादव को जन्मदिन पर बधाई तो वहीं राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) पर निशाना भी साधा. नीतीश कुमार के नेतृत्व में सरकार के पांच साल तक पूरी मजबूती से चलने का दावा किया और बंगाल में टूट को लेकर भी बेबाकी से अपनी राय रखी.
शाहनवाज हुसैन ने समस्तीपुर में पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि बिहार में एनडीए की सरकार पूरी तरह से मजबूत है. नीतीश कुमार के नेतृत्व में सरकार 2025 तक चलेगी. एनडीए में कोई विवाद नहीं है. हम मिलकर काम कर रहे हैं. जेडीयू और बीजेपी के रिश्ते पिछले 15 से 20 साल में अब तक के सबसे अच्छे दौर में है. उन्होंने लालू यादव को जन्मदिन पर बधाई देते हुए उनके अच्छे स्वास्थ्य और लंबी उम्र की कामना की. शाहनवाज हुसैन ने आरजेडी के नारे 'बिहार में खेला होबे' को लेकर कहा कि उनके साथ तो खेला हो चुका है. आरजेडी शपथ लेने के लिए तैयार बैठी थी. अब उनको पांच साल इंतजार करना पड़ेगा.
उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को जोड़े रखने के लिए आरजेडी खेला होबे जैसा बयान देती रहती है. शाहनवाज हुसैन ने कहा कि बिहार में भैया की सरकार है तो बंगाल में दीदी की सरकार है. बंगाल में दीदी जो लोगों का गर्दन काट रही हैं वो बिहार से सीखें. बंगाल बीजेपी में चुनाव के बाद मची भगदड़ को लेकर उन्होंने कहा कि बीजेपी टूटने वाली नहीं, बल्कि जोड़ने वाली पार्टी है. कांग्रेस को डूबता हुआ जहाज बताते हुए शाहनवाज हुसैन ने कहा कि जो समाज सेवा के साथ राष्ट्र की सेवा करना चाहते हैं वो हमारे साथ आ जाएं. हमारे मित्र जितिन प्रसाद और ज्योतिरादित्यन सिंधिया बीजेपी में आ गए.
मिस्ड कॉल मारिए, बीजेपी ज्वाइन कीजिए
बीजेपी प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन ने कहा कि जो लोग आना चाहते हैं, उनके लिए हमारे दरवाजे खुले हैं. मिस्ड कॉल मारिए और बीजेपी ज्वाइन कीजिए. कांग्रेस के व्यवहार और पीएम मोदी के अपमान से कांग्रेस के नेता दुखी है. भारत महान नहीं भारत बदनाम है, ये कमलनाथ ने कहा है. राहुल गांधी ने इसका खंडन क्यों नही किया. कांग्रेस पार्टी बीजेपी और मोदी का विरोध करते-करते अब भारत का विरोध करने लगी है. जो भी अच्छा कार्यकर्ता है और राष्ट्र सेवा करना चाहता है, उसके लिए दरवाजा खुला है. हम कम्युनिस्ट पार्टी थोड़े हैं कि लाल झंडा लगा के दरवाजा बंद करते चलें.
बंद नहीं होंगे मदरसे या संस्कृत विद्यालय
बांका में मदरसा बम ब्लास्ट मामले को लेकर एक पूर्व विधायक की ओर से प्रदेश के सभी मदरसे बंद करने वाले बयान से जुड़े सवाल पर शाहनवाज हुसैन ने साफ किया कि प्रदेश में मदरसे भी चलेंगे और संस्कृत विद्यालय भी. प्रदेश में कानून का राज है. उन्होंने कहा कि बिहार में विकास के लिए पीएम नरेंद्र मोदी का खजाना खुला हुआ है. जितने भी प्रोजेक्ट हैं, चाहे वो रोड का हो या गंगा नदी पर पुल बनाने का काम, हमारी सरकार ने कराया है. बिहार में जो पिछले 70 साल में नहीं हुआ, उससे ज्यादा काम हमारी मौजूदा सरकार के कार्यकाल में हुआ है.
उद्योग के क्षेत्र में करेंगे बेहतर काम
शाहनवाज हुसैन ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के काम की सराहना की और कहा कि बिहार उनका पूरा सहयोग कर रहा है. बिहार की जनता ने फिर से एनडीए सरकार पर भरोसा किया है. जनता के विश्वास पर पूरी तरह से खरा उतरने की कोशिश हो रही है. पिछला चुनाव उद्योग और रोजगार को लेकर हुआ था. उन्होंने कहा कि बिहार में रोड, बिजली, पानी और सिंचाई, इन सब क्षेत्रों में काम हो गया है. इन क्षेत्रों के मामले में बिहार कई राज्यों से आगे निकल गया है लेकिन उद्योग को लेकर जो लोग बिहार का मजाक उड़ा रहे हैं, उनको करारा जवाब मिलेगा.
बिहार के उद्योग मंत्री ने मुख्यमंत्री महिला उद्यमी योजना की शुरुआत का जिक्र किया और कहा कि इसके तहत महिलाओं को बगैर ब्याज के पांच लाख रुपये तक का ऋण मिलेगा. सवर्ण के साथ ही पिछड़ी जाति के लिए मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना भी लागू होने जा रही है. समस्तीपुर में औरंगाबाद से दरभंगा जाने वाली फोरलेन के समीप दो एकड़ जमीन लेकर एक नया औद्योगिक केंद्र बनाएंगे. उन्होंने कहा कि जितने भी नए फोर लेन रोड बन रहे हैं, सीएम नीतीश चाहते हैं कि उनके किनारे औद्योगिक केंद्र बनाकर उद्योग लगाने के लिए जमीन दी जाए. समस्तीपुर को ये तोहफा जल्द मिलेगा. समस्तीपुर में सीमेंट का प्लांट लगाया जा रहा है. हमारी सरकार में सिर्फ समस्तीपुर के लिए कुल 304.38 करोड़ का निवेश आया है.शाहनवाज हुसैन ने कहा कि अभी तो झांकी है, समस्तीपुर का विकास बांकी है.
जहांगीर आलम