दूल्हे को नशे में झूमता देख दुल्हन ने नहीं पहनाई वरमाला, लौटा दी नेपाल से आई बारात

Bihar News: मधुबनी के बासोपट्टी में नेपाल से शादी करने आए दूल्हे को दुल्हन ने गले में वरमाला पहनाने से इनकार कर दिया, क्योंकि दूल्हे ने शराब पी रखी थी. दुल्हन के इस फैसले से नाराज बारातियों ने हंगामा खड़ा कर दिया, जिसके बाद दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई. फिर भी दुल्हन ने शराबी दूल्हे से शादी ना करने का फैसला नहीं बदला.

Advertisement
सांकेतिक तस्वीर. सांकेतिक तस्वीर.

सुजीत झा

  • मधुबनी,
  • 07 मई 2022,
  • अपडेटेड 8:23 AM IST
  • शराब पीकर शादी करने पहुंचा था दूल्हा
  • लड़की ने कर दिया विवाह से इनकार
  • ग्रामीणों ने बेटी के फैसले की तारीफ की

शादी की सभी तैयारियां पूरी हो गई थीं. पूरी रस्मों रिवाज के साथ दुल्हन के हाथों में मेहंदी रचाई गई, आंगन में मंडप सजाया गया, बारातियों के स्वागत के लिए तरह-तरह के पकवान बनाए गए. चारों तरफ हंसी-खुशी का माहौल था. तय समय पर दूल्हा और बाराती पहुंचे. जैसे ही जयमाला के लिए दुल्हन स्टेज पर चढ़ी तो उसने नशे में धुत दूल्हे से शादी करने से इनकार कर दिया.

Advertisement

यह पूरा मामला बिहार के मधुबनी जिले के बासोपट्टी प्रखंड के झिटकोहिया गांव का है. यहां एक लड़की ने शराबी दूल्हे को सबक सिखाते हुए घर आई बारात को वापस लौटा दिया. यह शादी बुझाउन सादा के घर हो रही थी जिसमें उनकी बेटी काजल कुमारी का रिश्ता नेपाल के धनुषा जिला निवासी राजू सादा से तय हुआ था. 

दोनों पक्षों में हुई मारपीट

दुल्हन के इस फैसले से नाराज बारातियों ने हंगामा खड़ा कर दिया, जिसके बाद दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई. लेकिन बहादुर बेटी का फैसला नहीं बदला और शराबी दूल्हे के साथ बारातियों को बैरंग ही नेपाल लौटना पड़ा. लड़की पक्ष के लोगों का कहना है कि करीब 100 की संख्या में आए बारातियों में दूल्हा समेत सभी लोग शराब के नशे में धुत थे.

बेटी के फैसले की हो रही तारीफ

पता हो कि बिहार में शराबबंदी कानून को सही मायने में लागू कराने के लिए पुलिस और प्रशासन के द्वारा तमाम प्रयास किए जा रहे हैं. लोगों को जागरूक करने के लिए कई कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं. बावजूद इसके आए दिन शराबबंदी कानून का माखौल उड़ाए जाने की खबरें आती रहती हैं.

Advertisement

ऐसे वक्त में बासोपट्टी की इस बहादुर बेटी ने जिस तरह से शराबी दूल्हे और बारातियों को बेरंग लौटाने की हिम्मत दिखाई है, वो वाकई काबिल-ए-तारीफ है.

इस घटना के बाद बेटी के फैसले की चारों तरफ तारीफ हो रही है. स्थानीय लोगों का कहना है कि शादी दूसरी हो जाएगी, लेकिन इस तरह के दूल्हे के साथ शादी करने से लड़की का पूरा जीवन खराब हो जाता.

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement